बैरसिया में साइबर मेले का आयोजनउप पुलिस महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल एवं पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने विद्यार्थियों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक संचालित “सेफ क्लिक 2.0 – रुको, सोचो, एक्शन लो” साइबर जन-जागरूकता अभियान के समापन अवसर पर भोपाल (ग्रामीण) पुलिस द्वारा थाना बैरसिया क्षेत्र स्थित संदीपनी सीएम राइज स्कूल बैरसिया में भव्य साइबर मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल ग्रामीण रेंज राजेश सिंह चंदेल एवं पुलिस अधीक्षक भोपाल (ग्रामीण) पंकज कुमार पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं शिक्षकों एवं नागरिकों से संवाद कर साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार एवं साइबर सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं साइबर सुरक्षा संदेश के साथ हुआ। इसके पश्चात उप पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक ने साइबर जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार पोस्टर, रंगोली, मॉडल एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की।

अपने संबोधन में उप पुलिस महानिरीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग एवं अन्य माध्यमों से लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण अथवा पासवर्ड साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर बिना जांचे विश्वास न करें। यदि कोई साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें अथवा www.cybercrime.gov.in� पोर्टल पर शिकायत करें और निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें। साइबर मेले में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर पेंटिंग, रंगोली, साइबर क्विज, नुक्कड़ नाटक, संवाद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया।
मेले में लगाए गए साइबर जागरूकता स्टॉलों के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट,ओटीपी फ्रॉड, फर्जी लिंक,सोशल मीडिया ठगी,ऑनलाइन बैंकिंग सुरक्षा, साइबर बुलिंग एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। बालिकाओं द्वारा डिजिटल अरेस्ट से बचाव हेतु लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। छात्राओं ने लोकगीत के माध्यम से सायबर जागरुकता का संदेश दिया। उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया। उप पुलिस महानिरीक्षक द्वारा सभी विजेताओं को पुरस्कार व प्रतिभागीयों को प्रमाणपत्र वितरित किये गए।कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया, एसडीओपी ईंटखेड़ी मंजू चौहान थाना प्रभारी बैरसिया वीरेन्द्र कुमार सेनगुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव मंच संचालन वरिष्ठ शिक्षक दिनेश शुक्ला द्वारा किया गया प्राचार्य गीता जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया,एवं विद्यालय स्टाफ सहित पुलिस अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग तथा साइबर अपराधों की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। उल्लेखनीय है कि 15 दिवसीय “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के दौरान भोपाल (ग्रामीण) पुलिस द्वारा जिलेभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक संस्थानों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत साइबर चौपाल, जनसंवाद,कार्यशालाएं, शपथ कार्यक्रम,मैराथन, साइबर मेले, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य नवाचारों के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं एवं नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जागरूक किया गया। भोपाल (ग्रामीण) पुलिस का यह अभियान इस संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ कि— “रुको, सोचो, एक्शन लो”। एक सतर्क क्लिक ही सुरक्षित डिजिटल जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है।