बारिश का मौसम उमस भरी गर्मी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने बढ़ाई लोगो की मुश्किलें
जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों कई गांवों में शाम ढलते ही घंटों तक होने वाली अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बारिश का मौसम उमस भरी गर्मी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ललरिया क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि शाम और रात के समय बार-बार बिजली बंद होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। बिजली नहीं रहने से पेयजल व्यवस्था,घरेलू कार्य और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वहीं किसान भी बिजली आपूर्ति में अनियमितता को लेकर चिंता जता रहे हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग बिजली कटौती पर काफी नाराजगी जता रहे हैं। जानकारों का कहना है कि विभाग के इस रवैए के चलते लोग आक्रोशित हैं। इससे कहीं-न-कहीं सरकार की छवि पर गलत असर पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि बिजली कटौती पर बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोड सेटिंग के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़ रही है। हालांकि उपभोक्ताओं का आरोप है कि सरकार द्वारा 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई ग्रामीण क्षेत्रों में मुश्किल से 14 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। जबकि बारिश में लोड जैसी समस्या कैसे आ सकती है। लोगों ने बिजली कर्मचारियों पर चौबीस घंटे बिजली से कृषि पंपों को चलवाने का आरोप भी लगाया है जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वही ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा विशेष रूप से रात के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को बारिश और उमस के इस मौसम में राहत मिल सके।