गुनगा–कलारा मार्ग पर रात में चीता दिखने का दावा, ग्रामीणों ने जन-धन की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता।
जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। जनपद पंचायत सदस्य प्रतिनिधि एवं पूर्व सरपंच, ग्राम पंचायत कलारा घनश्याम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम कलारा एवं उसके आसपास के वन क्षेत्र में बीती रात चीते घूमते हुए दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार गुनगा–कलारा मार्ग पर देर रात चीता दिखाई दिया। स्थिति को देखते हुए वहां से गुजर रहे लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे गांव में भय का वातावरण बना हुआ है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गई थी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विभाग का कोई अमला मौके पर नहीं पहुंचा। इससे लोगों में नाराजगी भी है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी समय जन-धन की हानि हो सकती है।ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाए, वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाए तथा यदि आबादी वाले क्षेत्र में चीते की मौजूदगी की पुष्टि होती है तो विशेषज्ञों की टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उपयुक्त वन क्षेत्र में छोड़ा जाए।ग्रामीणों ने प्रशासन से भी अपील की है कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय पर की गई कार्रवाई ही किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।