जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। मध्यप्रदेश में लागू ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में किसान कांग्रेस भोपाल ग्रामीण ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने बैरसिया तहसील में एक साथ तीन स्थानों पर बैरसिया विधायक विष्णु खत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। आपको बता दें कि किसान कांग्रेस के बैनर तले यह विरोध प्रदर्शन बैरसिया तहसील के पंचमुखी चौराहे,ग्राम खेड़ली मजीदगढ़ एवं ग्राम बागसी में किया गया।

तीनों स्थानों पर बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए और ई-टोकन व्यवस्था को तत्काल बंद करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार ने किसानों को लाइन से राहत देने के नाम पर ई-टोकन व्यवस्था लागू की थी, लेकिन हकीकत में यह किसानों के लिए नई मुसीबत बन गई है। पोर्टल के बार-बार बंद होने, फार्मर आईडी की अनिवार्यता, अधूरे डेटा और खाद की कमी के कारण किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। वही इस दौरान किसान कांग्रेस भोपाल ग्रामीण के अध्यक्ष रामभाई मेहर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने शीघ्र ई-टोकन व्यवस्था वापस नहीं ली तो आने वाले दिनों में बैरसिया के गांव-गांव में विधायक के पुतले दहन किए जाएंगे। जरूरत पड़ी तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा।नेताओं ने कहा कि किसान का हक, सम्मान और सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार को किसानों की पीड़ा को समझना होगा और खाद वितरण की पुरानी व्यवस्था को बहाल करना होगा।

पुतला दहन के दौरान किसान कांग्रेस भोपाल ग्रामीण के अखंड प्रताप सिंह चंचल खत्री प्रेम यादव बेनी राजपूत शिवराज सिंह गुर्जर, मुकेश मीणा,परसराम गुर्जर, सोनू मीणा, गोपाल गौर,भागीरथ गुर्जर प्रमोद लोधा सरजन गुर्जर एवं सोनू गुर्जर समेत बड़ी संख्या में किसान साथी मौजूद रहे।