मंत्री कप क्रिकेट महाकुंभ : फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब बना राहतगढ़ मंडल का चैंपियन
भोपाल। सागर जिले की सुरखी विधानसभा में चल रहे मंत्री कप क्रिकेट महाकुंभ के तहत मंगलवार को राहतगढ़ मंडल के सरदार वल्लभ भाई पटेल स्टेडियम में फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब राहतगढ़ और झिला आर.डी.एक्स. क्रिकेट क्लब के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब राहतगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मैच के दौरान स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर कलेक्टर संदीप जी.आर. और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहवाल उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए परिचय लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह क्रिकेट महाकुंभ आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम वर्क सिखाता है। इस तरह के टूर्नामेंट से नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और भविष्य में हमारे क्षेत्र के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेंगे। इस प्रतियोगिता से निकले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को सागर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन में प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि वह खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को और निखर सके। उन्होंने सुरखी विधानसभा के युवा क्रिकेट प्रेमियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने की भी बात कही।
कलेक्टर संदीप जी.आर. ने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को आत्मविश्वास प्रदान करती हैं। खेल के माध्यम से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। क्रिकेट जैसे खेलों से टीम भावना विकसित होती है और व्यक्ति में नेतृत्व क्षमता भी उभरती है। उन्होंने खिलाड़ियों को निडरता से अपने खेल कौशल को निखारने की प्रेरणा दी।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहवाल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवा अगर खेलों में रुचि लेते हैं, तो वे समाज में सकारात्मक योगदान दे सकते हैं। खेल भावना से खेलना ही असली जीत है। उन्होंने कहा कि खेल से युवाओं का सर्वांगीण विकास होता है और यह उन्हें नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रखने में मदद करता है।
मंत्री ने युवा शक्ति संगठन को दी बधाई :
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने युवा शक्ति संगठन के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए संगठन ने पूरी लगन और मेहनत से कार्य किया है। उन्होंने संगठन के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रयास इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में सफल रहा।
फाइनल मैच का रोमांच :
फाइनल मुकाबला फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब राहतगढ़ और झिला आर.डी.एक्स. क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया, जिसमें फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब राहतगढ़ ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब राहतगढ़ ने 12 ओवरों में 127 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झिला आर.डी.एक्स. क्रिकेट क्लब की टीम 12 ओवर में 77 रन ही बना पाई। मैच के समापन के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विजेता टीम को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा, मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि ये सफल टूर्नामेंट के सफल आयोजन का श्रेय युवा शक्ति संगठन को एवं सुरखी परिवार एवं राहतगढ़ परिवार के एक एक दर्शक और नागरिकों को जाता है। जिनकी मेंहनत निरंतर पिछले ढ़ाई महीनों से चल रही है। यह कार्यक्रम का आयोजन युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं का में आभारी हूं।
भविष्य में सुरखी विधानसभा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेंगे : गोविंद सिंह राजपूत

