Hindi News / देश / धर्मसमाज

पार्वती नदी में जलस्तर बढ़ने पर बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग का अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बंद

Article Top Ad

बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा ने जारी किए आदेश,जनसुरक्षा के मद्देनज़र आवागमन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध

जीतेन्द्र सेन

बैरसिया। वर्षा के कारण पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग पर नदी के मध्य निर्मित अस्थायी वैकल्पिक मार्ग जलमग्न हो गया है। तेज बहाव के कारण आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण होने की स्थिति को देखते हुए बैरसिया अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) आशुतोष शर्मा ने जनसुरक्षा के हित में तत्काल प्रभाव से उक्त मार्ग पर सभी प्रकार के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।जारी आदेश के अनुसार पार्वती नदी पर स्थित पुराना पुल पूर्व से ही क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद है तथा आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी वैकल्पिक मार्ग भी जलमग्न हो जाने से दोपहिया,चारपहिया, ट्रैक्टर,भारी वाहनों सहित पैदल आवागमन भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंधित क्षेत्र में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड एवं सुरक्षा संकेतक स्थापित किए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति जोखिम उठाकर मार्ग का उपयोग न कर सके।आदेश के पालन के लिए तहसीलदार,नायब तहसीलदार,जनपद पंचायत,लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और आवश्यकता अनुसार सुरक्षा बल तैनात कर नागरिकों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराने के निर्देश दिए गए हैं।आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 तथा अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

newsdiary24 को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google