Hindi News / अपराध

शराब ठेकेदार के गुंडों ने चाकू मारा, गुंडे बुलाकर पुलिस के सामने थाने में भी पीटा

Article Top Ad

शराब माफियायों के छुटभईया गुंडों को संरक्षण देती एमआईजी थाना पुलिस

अमित सेन
8085661177

एमआइजी थाना पुलिस ने रसूखदारों के दबाव में घायलों पर ही कर दिया केस दर्ज ।

बदमाशों ने बेकरी संचालक के घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारी फिर विवाद किया।

बेकरी संचालक परिवार के साथ थाने पर रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे तो बदमाश वहां भी आ धमके।

पुलिस ने पीड़ितों के खिलाफ ही साढ़े पांच लाख रुपये और तीन मोबाइल छीनने का केस दर्ज कर लिया।

इंदौर। शराब ठेकेदार के गुंडों ने जमकर गुंडागर्दी की है। बेकरी संचालक को चाकू मारा और महिलाओं से अभद्रता की। रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे तो आरोपित गुंडे लेकर थाने आ धमका और पुलिसकर्मियों के सामने ही पिटाई कर दी। देर रात दबाव कर पीड़ित परिवार के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और लूट का केस दर्ज करवा दिया। घटना एमआइजी थाना क्षेत्र में मोतीलाल की चाल की है। बोलेरो जीप (एमपी 09 जेडके 7477) से आए युवकों ने घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों (बाइक-आटो रिक्शा) को टक्कर मार दी। गाड़ियां गिरने की आवाज सुनकर बेकरी संचालक मोहन राय बाहर निकले और टक्कर मारने वाले वाहन को रोका। इस पर वाहन में बैठे रजत, सौरभ, प्रणय, वतन, वैभव उतरे और विवाद करने लगे।


पुलिसकर्मियों के सामने भी पीटा
आरोपित वतन ने मोहन के भाई प्रेमचंद की पीठ में चाकू घोंप दिया। दूसरे भाई धरमचंद के साथ मारपीट की। घटना के बाद राय परिवार के सदस्यों के साथ रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचे। तभी रजत ठाकुर का भाई राहुल गुंडे लेकर आया और थाने में ही पुलिसकर्मियों के सामने मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने पुलिस पर क्रास कायमी का दबाव बनाया।
पीड़ितों पर ही दर्ज करवा दिया मुकदमा
पुलिस ने फरियादी को एफआइआर लिखकर घर भेजा और देर रात वैभव राय की शिकायत पर मोहन राय, धरम राय, प्रेमचंद राय, शुभम राय और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ रिपोर्ट लिख दी। आरोप लगाया कि शराब दुकान से लेकर आए पांच लाख 50 हजार रुपये व तीन मोबाइल भी छीन लिए। फरियादी ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मांगे है। शिकायत कर कहा कि आरोपितों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हुज्जत की है।

newsdiary24 को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google