जमातों के लिए बने खेमे, तय हुए हलके
भोपाल। 14 नवंबर से शुरू होने वाले आलमी तब्लीगी इज्तिमा के लिए आयोजन स्थल तैयार होने के करीब है। यहां विदेशों से आने वाली जमातों के अलावा देश के अन्य प्रदेशों से आने वाले जमातियों के ठहरने के इंतजाम कर दिए गए हैं। इसी तरह प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाली जमातों और स्थानीय जमातियों के लिए भी हलके तय कर दिए गए हैं। इज्तिमागाह पर तेजी से जारी काम के बीच उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ दिनों में यहां की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होकर मेहमानों के इंतजार में खड़ी दिखाई देंगी।
ईंटखेडी स्थित इज्तिमागाह पर पिछले कई दिनों से जारी कामों के बीच यहां जमातियों के ठहरने के इंतजाम मुकम्मल कर दिए गए हैं। शुरूआती तौर पर यहां आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडू, छत्तीसगढ, कर्नाटक, बरार, नागपुर, गुजरात, मुंबई, वादी, महाराष्ट्र, यूपी, बिहार, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, नेपाल, उड़ीसा, वेस्ट बंगाल, आसाम, मेवात, राजस्थान, दिल्ली आदि के खेमे तैयार किए गए हैं। इन खेमों को ब्लाॅक ए, बी, ई, एफ और जी में बांटा गया है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाली जमातों के लिए ए, बी, सी, ई, एच, आई आदि ब्लाॅक बनाए गए हैं। इनमें उज्जैन, राजगढ, शाजापुर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बडवानी, देवास, महू, आगर मालवा, रतलाम, झाबुआ, धार, मंदसौर, नीमच, इंदौर, सीहोर, सिरोंज, विदिशा, शिवपुरी, श्योपुर कलां, रायसेन, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, होशंगाबाद, हरदा, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, सिवनी, शहडोल, बैतूल, छिंदवाडा, जबलपुर, बालाघाट, कटनी, नरसिंहपुर आदि जिलों के लिए इंतजाम किए गए हैं।
स्थानीय जमातों के लिए ब्लाॅक सी
राजधानी भोपाल के विभिन्न इलाकों से तीन दिन की जमात लेकर पहुंचने वालों के लिए यहां ब्लाॅक सी में इंतजाम किए गए हैं। जिसमें पीजीबीटी, याकूब खां, कच्ची मस्जिद, आम वाली मस्जिद, मस्जिद अहमद नगर, मस्जिद मुल्तानी, आरिफ नगर मस्जिद, करोंद, नन्नी बी, ऐशबाग, अफजल कालोनी, बाग उमरावदूल्हा, नूर महल, स्टेशन, बुधवारा, तलैया, जुमेराती, इब्राहिमपुरा, छावनी, बरखेडी, जहांगीराबाद, हुजूर, तेहसील बैरसिया और बीएचईएल की जमातों के ठहरने के इंतजाम किए गए हैं।
कुल 14 ब्लाॅक, तश्कील ब्लाॅक डी में
इज्तिमागाह को कुल 14 ब्लाॅक में बांटा गया है। ब्लाॅक डी में विदेशी मेहमानों के ठहरने का इंतजाम होगा। साथ ही यहां तशकील भी की जाएगी। इसके अलावा इज्तिमागाह पर रहबर जमात, निगरानी जमात, गुमशुदा और कुतुबखाना के लिए भी अलग से इंतजाम किए गए हैं। इज्तिमागाह की जरूरतों के लिहाज से यहां एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, यूनानी आदि पैथी के चिकित्सा शिविर मौजूद रहेंगे। फायर ब्रिगेड और सुरक्षा कैम्प भी यहां बनाए गए हैं। साथ ही जमातियों के खाने और चाय-नाश्ते के लिए बड़ी तादाद में फूड जोन भी बनाए जा रहे हैं।
क्लीन और ग्रीन इज्तिमा
इज्तिमा प्रबंधन से जुड़े लोगों ने बताया कि पिछले कई सालों की तरह इस साल भी इज्तिमागाह पर क्लीन और ग्रीन की धारणा को आगे रखा जाएगा। इसके लिए यहां तंबाकू उत्पादों और पाॅलिथिन बैग्स के इस्तेमाल पर पाबंदी रहेगी।
शहर गश्त पर जमातें
देश के अनेक राज्यों की जमातों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। यह जमातें फिलहाल शहर की विभिन्न मस्जिदों में ठहरी हुई हैं और यहां इज्तिमा में शिरकत के लिए लोगों को दावत देने का काम कर रही हैं।