रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भोपाल में होंगे 700 से ज्यादा स्थानों पर आयोजन
भारत भूषण विश्वकर्मा
7400794801
भोपाल। आने वाली 22 जनवरी भारत के इतिहास की वो तारीख बनने जा रही है जो सदियों तक अमर रहेगी। इस दिन अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। देश के कोने कोने से उठ रहीं आस्था और भक्ति की लहरें यह सिद्ध कर रही हैं, कि समूचा भारत श्री राम के स्वागत को आतुर है। श्री राम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की धूम पूरे भारत मे गूंज रही है, जिससे राजधानी भी अछूती नहीं है। भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शहर वासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर की लगभग 72 प्रमुख सड़कों और चौराहों पर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का जीवंत प्रसारण दिखाया जाएगा और 84 स्थानों से चल समारोह आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही 21 जगह आतिशबाजी कर श्रद्धालु अपने अराध्य का स्वागत करेंगे। इस अवसर पर भोपाल के 378 स्थानों पर धार्मिक तथा सार्वजनिक कार्यक्रम सम्पन्न होंगे साथ ही 161 स्थानों पर वैदिक अनुष्ठान और भंडारों का आयोजन भी किया जा रहा है।
चाक चौबंद रहेगी व्यवस्था, हर कार्यक्रम में तैनात रहेगा पुलिस बल

22 जनवरी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर भोपाल शहर में सैकड़ों कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। राजधानी में होने वाले सभी आयोजन शांतिपूर्ण सम्पन्न हों इसके लिए पुलिस ने खासी तैयारियां की हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुरक्षा एवं आसूचना घनश्याम मालवीय ने बताया कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु सभी आयोजकों को सर्वोच्च न्यायालय तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से हर कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मुख्य मार्गों व चौराहों पर आयोजित होने वाले बड़े आयोजनों में भी पर्याप्त पुलिस बल लगाया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त घनश्याम मालवीय के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान चौराहों और रास्तों पर लगे सर्विलांस कैमरों की मदद से सतत निगरानी की जाएगी और भोपाल पुलिस के विशेष गश्ती दल लगातार गश्त करेंगे जिनकी सतत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
