राम का किरदार निभा रहे अदनान कई मंचों पर साकार कर चुके कुबरी गणेश कथा
अमित सेन
8085661177
भोपाल। अयोध्या में भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा का महा पर्व करीब है। देश दुनिया इस विलक्षण पल का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है। हिंदुस्तान के हर घर दीपावली जैसा जश्न मनाने की तैयारी है। 22 जनवरी का इंतजार किए बिना उत्साह भरे आयोजनों की श्रृंखलाएं परवान चढ़ चुकी हैं। भक्ति, श्रद्धा, उत्साह में डूबे लोगों में सनातन संबंधी तो हैं ही, मुस्लिम समुदाय भी इस उत्साह से बाहर नहीं है।
भगवान श्रीराम की महिमा मंडित करने वाले एक मंचीय नाटक को मोहम्मद अदनान पेश कर रहे हैं। राजा राम की नगरी कहे जाने वाले ओरछा से हुई शुरुआत के बाद इस विशेष नाटक रानी कुबरी गणेश की कथा प्रदेश के कई शहरों तक अपनी पहुंच बना चुका है। रंगमंच के स्थापित कलाकार मोहम्मद अदनान खान को इस नाटक में बतौर मुख्य भूमिका में प्रभु श्री राम का किरदार निभाने के लिए चुना गया। रंगकर्म संस्था रंग मोहल्ला सोसायटी फॉर परफॉर्मिंग आर्ट द्वारा किए किए गए इस चयन को अदनान ने बखूबी निभाया भी और अपने इस किरदार के साथ पूरी ईमानदारी भी जताई।

अदनान कहते हैं एक कलाकार का सबसे बड़ा धर्म अपनी कला के प्रति आस्था और श्रद्धा होता है। मुझे मर्यादाओं से लबरेज पुरुष के व्यक्तित्व को निभाने के लिए ऑफर किया गया तो मैं इसको पूरा करने के लिए अभिभूत भी था और आशंकित भी। आशंकित इसलिए कि इस महान व्यक्तित्व के किरदार को जीवंत करना मुझ जैसे किंचित और अदना से इंसान के लिए आसान नहीं था। मैंने आंखें बंद की ओर प्रभु श्री राम से ही हिम्मत और ऊर्जा मांगी, कि इस प्रयास में मुझे सफल भी करें और ऊर्जा भी प्रदान करें। ईश्वर की ही कृपा रही, मंच दर मंच मुझे प्रभु के इस किरदार में स्वीकार किया जाता रहा और सराहा भी गया।
अयोध्या धाम में समर्पित करने की मंशा
रंग मोहल्ला सोसायटी फॉर परफॉर्मिंग आर्ट के संस्थापक स्व प्रदीप अहिरवार का एक स्वप्न रहा है कि वे इस बहुआयामी नाटक का मंचन प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या धाम में करें। संस्था सचिव अदनान खान कहते हैं कि कुछ समय पहले प्रदीप हमारा साथ छोड़कर प्रभु शरण में लीन हो गए। लेकिन उनके अधूरे ख्वाब को पूरा करने का प्रयास हम कर रहे हैं। रानी कुबरी गणेश का मंचन हम अयोध्या धाम में कर पाए तो ये हमारी तरफ से प्रभु श्री राम के चरणों में सच्चा समर्पण और भोग होगा। साथ ही भाई प्रदीप के लिए सच्ची श्रद्धांजलि भी।

रानी कुबरी गणेश सच्ची राम भक्त
ओरछा के राजा और रानी पर केंद्रित इस वास्तविक कथा में पति और पत्नी के बीच दो अलग अलग विचारधाराओं और समर्पण को दर्शाया गया है। भगवान श्रीकृष्ण और प्रभु श्री राम की आस्था वाले पति पत्नी की इस कथा में बताया गया है कि किस तरह भगवान राम का ओरछा आगमन हुआ। किस तरह उनकी यहां स्थापना हुई और वे राजा राम के रूप में स्थापित होकर कालजयी हो गए।
