शिकायत का सहारा, खुद अवैध निर्माण लेकर बैठे, कार्यवाही पर पुलिस को झूठी शिकायत

Share :

वीआईपी रोड के अवैध निर्माण का मामला

खान आशु
भोपाल। वीआईपी रोड की चिन्हित शत्रु संपत्ति के मामले में अब ‘चोरी और सीनाजोरी’ के हालात बनते नजर आ रहे हैं। यहां किए गए अवैध निर्माण की शिकायत पर कार्यवाही करने पहुंचे निगमकर्मी के खिलाफ पुलिस को झूठी शिकायत कर दी गई है। सरकारी काम में बाधा डालने के इस मामले को पुलिस ने भी झूठा करार दिया है।
सूत्रों का कहना है कि मामला उस समय हुआ, जब नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा के एक कर्मचारी ने वीआईपी रोड स्थित नशेमन नामक मकान पर दस्तक दी। निगम को इसके अवैध निर्माण और फर्जी दस्तावेजों की शिकायत मिली थी। इस शिकायत के सत्यापन करने पहुंचे निगमकर्मी से मकान मालिक इस बात से मुकर गए कि वह शिकायत से संबंधित स्थान पर है। निगमकर्मी के वहां से हटने के कुछ देर बाद ही कोहेफिजा थाने में एक शिकायत कर दी गई। इस शिकायत में निगमकर्मी पर आरोप लगाए गए हैं कि उसने मकान मालिक को धमकाया और अभद्रता की है।

सीसीटीवी फुटेज से भागे
सूत्रों का कहना है कि पुलिस शिकायत पर निगमकर्मी कोहेफिजा थाने पहुंचे थे। उन्होंने झूठी शिकायत का हवाला देते हुए मकान मालिक मोहम्मद बशीर से मामले के समय के वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही। इससे बशीर मुकर गए और उन्होंने फुटेज देने से इंकार कर दिया।

निगमकर्मी करेगा शिकायत
अवैध निर्माण की शिकायत पर कार्यवाही करने पहुंचे निगमकर्मी पर बशीर, उनके बेटे और परिजनों ने झूठे आरोप लगाए हैं। उसके सरकारी काम में भी बाधा पहुंचाई गई है। साथ ही थाने में झूठी शिकायत कर अपमानित भी किया गया है। इस मामले को लेकर अब वे भी बशीर और उनके परिजन के खिलाफ शिकायत करेंगे। इसके लिए उन्होंने अपने विभाग से अनुमति मांगी है।

क्या है मामला
शत्रु संपत्ति में शामिल वीआईपी रोड स्थित जमीनों में एक निर्माण नशेमन नामक मकान का भी है। हिबानामा, इनायतनामा, भवन अनुज्ञा, नक्शा सहित भवन से संबंधित सभी दस्तावेज फर्जी हैं। इन्हें लेकर कई अदालती मामले भी चल रहे हैं। इन मामलों में भी मालिक मकान अदालत को गुमराह कर चुके हैं। इसको लेकर नगर निगम को घेरे में लेते हुए सीएम से शिकायत की गई थी।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu