भोपाल। यह समापन नहीं एक अल्पविराम मात्र है। हम कल फिर आएंगे, नई ऊर्जा के साथ आएंगे, कुछ नया सीखकर आएंगे। तीन दिन सुधि और रसिक दर्शकों ने जो स्नेह दिया, वह विस्मरणीय और अभूतपूर्व है। हम आपकी अपेक्षाओं के नजदीक पहुंच सके, यह हमारा सौभाग्य है।

तीन दिन का स्व. प्रदीप अहिरवार नाट्योत्सव शनिवार को इस भावना के साथ संपन्न हुआ। रंग मोहल्ला सोसायटी के अर्जुन अहिरवार ने बताया कि समारोह की परिकल्पना संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की सांस्कृतिक एवं प्रस्तुति अनुदान योजना के तहत की गईं है। इसके अंतर्गत रंग मोहल्ला सोसाइटी फॉर परफार्मिंग आर्ट्स समिति भोपाल द्वारा पहले दिन 9 अक्टूबर को दिनेश भारती द्वारा लिखित एवं अदनान खान द्वारा निर्देशित हास्य नाटक “द ग्रेट राजा मास्टर टेलर एंड ड्रामा कंपनी” का मंचन किया गया। रंग मोहल्ला सोसाइटी फॉर परफार्मिंग आर्ट्स समिति के कलाकारों ने इसकी प्रस्तुति दी। इसी तरह 10 अक्टूबर को सुनील मिश्र द्वारा लिखित एवं आनंद मिश्र द्वारा निर्देशित नाटक “ऐसे रहो की धरती” की प्रस्तुति सघन सोसायटी फॉर कल्वर एवं वेलफेयर के कलाकार द्वारा दी गई। समारोह के आखिरी दिन 11 अक्टूबर को अब्दुल हक द्वारा लिखित एवं विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित नाटक “संगी रहो संग छूट गव” की प्रस्तुति रामकृष्ण रिपरटायर कल्चर एंड सोशल सोसाइटी के कलाकार द्वारा दी गई।

