हस्ताक्षर अभियान एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया
जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। भोपाल देहात पुलिस द्वारा दिनांक 30 जुलाई 2025 को पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी”जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद पंचायत कार्यालय बैरसिया में शपथ ग्रहण,हस्ताक्षर अभियान,एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक भोपाल ग्रामीण प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देशन में,नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया एवं एसडीओपी बैरसिया सर्वप्रिय सिन्हा के समन्वय से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत बैरसिया जनपद पंचायत सीईओ देवेश सराठे एवं समस्त स्टाफ की उपस्थिति में नशा मुक्ति की शपथ के साथ की गई। सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इसके पश्चात हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लेकर समाज को नशे से मुक्त करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में एक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जो जनपद पंचायत कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग तक निकाली गई। रैली में सहभागी कर्मचारियों एवं नागरिकों ने हाथों में नशा विरोधी स्लोगन एवं पोस्टर लेकर आमजन को जागरूक किया।
बैरसिया थाना प्रभारी वीरेन्द्र सेन की उपस्थिति में यह सम्पूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्वक एवं प्रभावी रूप से सम्पन्न हुआ। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला और सभी से नशे से दूर रहने की अपील की।
भोपाल ग्रामीण पुलिस आम नागरिकों से यह संदेश देती है:
“नशे से दूरी – है जरूरी – यही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज की दिशा है।”
