विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे
भोपाल। “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। एक तरफ पुलिस अधिकारी सक्रिय रूप से अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं वहीं दूसरी ओर समाज के प्रबुद्ध वर्ग का खासा समर्थन भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में थाना गुनगा जिला भोपाल (देहात) द्वारा अरविंद भार्गव हायर सेकेंडरी स्कूल , शासकीय हॉयर सेकेंडरी स्कूल हर्रा खेडा में संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय थाने के पुलिस अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्कूल के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और दुष्परिणाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी बढ़ चढ़कर संवाद कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने विचार और सुझाव साझा किए।
उपनिरीक्षक बापू लाल वर्मा द्वारा विद्यार्थियों से संवाद किया गया जिसमें उन्होंने नशा न करने के कारणों पर प्रकाश डाला। नशा करने से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
प्रधान रक्षक बृजेश रघुवंशी ने बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह दी इस मौके पर मौजूद सभी लोगों के साथ ही विद्यार्थियों ने भी नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
