समझाइश के बाद भी नहीं मान रहे किसान, एक दर्जन कृषकों पर फिर हुआ जुर्माना

Share :

भोपाल। कलेक्टर भोपाल के निर्देश पर जिला प्रशासन का अमला लगातार सक्रिय है और क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों से पराली न जलाने की अपील निरंतर की जा रही है। हालांकि कहीं जिला प्रशासन की समझाइश का मिला जुला असर देखने को मिल रहा है तो कहीं किसान बेखौफ नरवाई जला रहे हैं। बैरसिया तलसील के अंतर्गत लगभग एक दर्जन लोगों पर 52 हजार 500 सौ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसी क्रम में जनपद पंचायत बैरसिया के सभागार में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैरसिया आशुतोष शर्मा ने वन, राजस्व एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारीयों और कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक  में  विभिन्न मुद्दों पर नवीन शासकीय निर्देशों से सभी उपस्थित शासकीय सेवकों को अवगत कराया गया तथा कलेक्टर द्वारा पराली जलाने का निषेध करने संबंधी आदेश के बारे में बताया गया एवं इन तीनों विभागों के कर्मचारियों को संयुक्त रूप से बैरसिया अनुभाग में कृषकों को नरवाई न जलाने की समझाईश देने एवं इसके उपरांत भी पराली जलाने की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित जनों पर पर्यावरण शुल्क के बतौर जुर्माना अधिरोपित करने एवं अन्य दंडात्मक कार्यवाहियां करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत राजस्व विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार समस्त निर्मित जल संरचनाओं का खसरे में इंद्राज करना सुनिश्चित करें ।

वन विभाग के अधिकारी गणों के द्वारा लघु वन उपज के परिवहन से संबंधित एवं वृक्षों के हित संरक्षण से संबंधित नवीन प्रावधानों से समस्त विभागीय कर्मचारियों को अवगत कराया गया। इसके पश्चात वन विभाग के अधिकारी गणों के साथ वनों में वनचर पशुओं के लिए गर्मी में पीने के पानी की व्यवस्था किए जाने से संबंधित निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया गया। उक्त बैठक में अनुविभागीय अधिकारी वन धीरज चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैरसिया दिलीप कुमार जैन, वन परिक्षेत्र अधिकारी नजीराबाद दीपक श्रीवास्तव, वन परिक्षेत्र अधिकारी बैरसिया संजय राजपूत, नायब तहसीलदार बैरसिया प्रेम प्रकाश गोस्वामी, मिट्ठूलाल पंवार सहित तीनों विभागों के मैदानी कर्मचारी उपस्थित थे।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu