रुअत ए हिलाल कमेटी के ऐलान के बाद आतिशबाजी से गूंजा शहर
खान आशु
भोपाल। वक्त ए इफ्तार… मगरिब की नमाज़… आसमान की तरफ उठी उम्मीदों की निगाहें… लौटती नजरें पलकों में खुशियां समेटे चली आईं…! काजी ए शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी ने चांद नजर आने की तस्दीक की, ऐलान किया कि सोमवार का दिन अल्लाह के ईनाम का है, खुशियों का है, ईद का है….! इसके बाद इस खबर से सबको वाकिफ कराने के लिए शहरभर की मस्जिदों से आतिशबाजी की गई। एक दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। ईद के लिए बाकी बची तैयारियों के लिए लोगों के कदम बाजार की तरफ उठ गए। सारी रात आबाद रहे बाजारों ने खूब खरीद फरोख्त कर ईद की खुशियों का ऐलान किया।

रविवार शाम को मोती मस्जिद में रुअत ए हिलाल कमेटी ने ईद का चांद देखने की रस्म अदा की। काजी ए शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी के अलावा शहर के उलेमा इसमें शामिल थे। बड़ी तादाद में पहुंचे बाशिंदों ने भी इस हुजूम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मगरिब की नमाज़ के बाद चांद देखने की रस्म अदा की गई। जिसके बाद उलेमाओं ने अन्य प्रदेशों और शहरों से भी इसकी तस्दीक की। हर तरफ से मिली खुशियों वाली खबर के बाद शहर काजी ने सोमवार को ईद उल फितर का त्यौहार मनाए जाने का ऐलान कर दिया।
पहली नमाज ईदगाह में
सोमवार को शहर की दर्जनों मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। मसाजिद कमेटी द्वारा जारी किए गए नमाज के वक्त में पहली नमाज ईदगाह में अदा करने के लिए कहा गया है। सुबह 7.30 बजे ईदगाह में होने वाली नमाज के बाद बाकी मस्जिदों में नमाज ए ईद अदा होगी। इसके बाद जामा मस्जिद, ताजुल मसाजिद, मोती मस्जिद, आरिफ नगर, प्रेस कॉम्प्लेक्स, गोविंदपुरा, निजामुद्दीन मस्जिद आदि में नमाज होगी।
एक रास्ते से जाएंगे, दूसरे से वापसी
नमाज ए ईद के लिए जाने वाले अकीदतमंद घर से निकलकर एक रास्ते से ईदगाह पहुंचेंगे। नमाज से पहले खास बयान और फिर नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद ईद का खुतबा होगा। इससे फारिग होकर लोग एक दूसरे को मुबारकबाद देते हुए दूसरे रास्ते से अपने घरों को लौटेंगे। भोपाल में लोगों का घर जाने से पहले कब्रिस्तान जाकर अपने मरहूमीन के लिए दुआ ए मगफिरत का रिवाज भी है।
सीएम पहुंचते रहे हैं ईदगाह
तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने पूरे कार्यकाल में ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद देते रहे हैं। कुछेक बार उन्होंने पुराने शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को घरों घर जाकर भी ईद की मुबारकबाद दी है। इसके साथ लोगों को ईद के तोहफे भी बांटे गए थे। शिवराज से पहले कांग्रेस सरकार में भी सीएम के ईदगाह पहुंचने का सिलसिला रहा है।
रुख बाजार की तरफ
ईद का चांद दिखाई देने के साथ ही लोगों ने अपनी जरूरतों और बाकी बची तैयारियों को पूरा करने के लिए बाजार की तरफ रुख किया। इब्राहिमपुरा बाजार, मेन रोड, नदीम रोड, लखेरापुरा, जुमेराती आदि बाजारों में सारी रात रौनक दिखाई दी। शहर के अलग अलग इलाकों जहांगीराबाद, इतवारा, बुधवारा, ऐशबाग, बाग मुफ्ती साहब, काजी कैंप, लक्ष्मी टॉकीज आदि के अस्थाई बाजारों ने भी ग्राहकों की जरूरतों को पूरा किया।
सक्रिय हुआ सोशल मीडिया
ईद का चांद दिखाई देने के साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म व्हाट्स ऐप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि पर बधाई संदेशों का तांता लग गया।
