भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने मध्यप्रदेश सरकार पर लाड़ली बहनों के साथ लगातार धोखाधड़ी करने की गंभीर आरोप लगाए हैं। राजधानी की पूर्व महापौर विभा पटेल के अनुसार योजना की शुरुआत के समय भाजपा ने वादा था कि मासिक सहायता बढ़ाकर तीन हजार रुपये की जाएगी। लेकिन अभी तक यह राशि 1,250 रुपये ही है, और वादे के मुताबिक सरकार द्वारा इसे आगे नहीं बढ़ाया गया है। विभा पटेल ने राज्य सरकार के मुखिया को स्मरण कराया कि 8 मार्च को महिला दिवस और 13 मार्च को होली है। ये दोनो अवसर महिलाओं के लिए बहुत खास है। इसके चलते भाजपा सरकार को सभी लाड़ली बहनों को फरवरी माह से 3000 रुपए देने की घोषणा करनी चाहिए।
मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पटेल ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के पहले कहा था कि लाड़ली बहनों की राशि बढ़ाकर 3000 की जाएगी लेकिन अब तक यह नहीं बढ़ाई गई है। इस बात को वे लगातार सरकार को याद दिला रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार लाड़ली बहनों को हर माह 3000 रुपए नहीं देती है तो यह कृत्य धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है कि लाड़ली बहना योजना में नए नाम नहीं जोड़े जा रहे हैं, इसके उलट इस योजना में से महिलाओं के नाम लगातार काटे जा रहे हैं। इस कारण इनकी संख्या 2023 और 2024 में बढ़ने की बजाय घटी है। विभा पटेल ने कहा कि जब योजना शुरू हुई थी तो कुल 1 करोड़ 31 लाख 35 हजार 985 आवेदन आए थे। इसके बाद 2 लाख 18 हजार 858 नाम आपत्तियों को आधार बनाकर काटे गए थे। जिसके बाद यह संख्या 1 करोड़ 29 लाख 5 हजार 457 रह गई थी। अब यह संख्या एक करोड़ 26 लाख हो गई है। साढ़े तीन लाख लाड़ली बहनों के नाम काटे जाने पर विभा पटेल ने कहा कि ऐसे अफसरों के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए, जिन्होंने योजना का लाभ नहीं देने के लिए नाम काटे हैं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष की मांग – महिला दिवस और होली के अवसर पर लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर तीन हजार करे सरकार
