MP News : गिर गया पर्दा… नट सम्राट आलोक चटर्जी कर गए दुनिया से पर्दा, याद रहेगा उनका मंच योगदान

Share :

खान आशु
भोपाल। जबलपुर में जन्मे संघर्षशील, मिलनसार, हंसमुख कलाकार और रंगनिर्देशक…। उनकी सांसों में रंगकर्म धड़कता था। संवादों में साहित्य व रंगभाषा की महक थी। रंगमंच में अनुभवों का विराट संसार समेटे और रंग-आंदोलन की अलख जगाते वरिष्ठ रंगकर्मी आलोक चटर्जी बीती रात बंसल हॉस्पिटल में रंगमंच से पर्दा गिरा गए।
आलोक भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। वे महज एक नाम नहीं बल्कि समकालीन हिंदुस्तानी रंगकर्म की जीती-जागती परिभाषा थे। वे अपने पीछे पत्नी शोभा,  बेटा और सैकड़ों रंगकर्मी शिष्यों की जमात छोड़ गए। उनके जाने से कला जगत में शोक छा गया है। उनके करीबी कहते हैं कि आलोक भाई मनमौजी और फक्कड़ किस्म के थे। मशहूर फिल्म अभिनेता इरफान खान जी , आलोक चटर्जी जी के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के बैचमेट थे।
इरफान खान जब भोपाल जहांनुमा होटल में एक निजी कार्यक्रम में आए। तब उनके जानने वालों ने दोनों दोस्तों की दोस्ती की खुशबू को करीब से महसूस किया। एनएसडी के दिनों के। इरफान खान जी ने वहां ये बात कही कि मैं बहुत आलसी था। आलोक चटर्जी को देखकर मैने रियलिस्टिक एक्टिंग को जाना। मेरी प्रेम कहानी और शादी कराने में भी आलोक भाई शामिल रहे। मेरा लव लेटर आलोक लिखते थे और मेरा प्रेम का प्रस्ताव लेकर सुतापा जो अब मेरी पत्नी है उसके पास आलोक ही गए थे।

आलोक जी 1987 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के गोल्ड मेडलिस्ट रहे। वे ‘भारत भवन’ के रंगमंडल में 1982 से 1984 और फिर NSD से ग्रेजुएट होने के बाद 1988 से 1990 तक एक अभिनेता के तौर पर जुड़े रहे।  2018 से 2021 तक मप्र नाट्य विद्यालय (MPSD) के निदेशक भी रहे।

देश के अनेक नामी इंस्टीट्यूट में आप एक्सपर्ट लेक्चर भी लेते रहे। आपने अनुपम खेर एक्टर प्रिपेयर्स एकेडमी का कोर्स डिजाइन किया और वहां पढ़ाया भी।
आलोक जी को रंगमंच में उनके योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।

उनके मशहूर नाटक अभिनेता के रूप में
‘ए मिड समर नाइट्स ड्रीम’ (विलियम शेक्सपियर) का निर्देशन उन्होंने ही किया था। ‘डेथ ऑफ सेल्समैन’ (आर्थर मिलर) का निर्देशन से साथ उन्होंने उसमें अभिनय भी किया था। ‘नट सम्राट’ (विष्णु वामन शिरवाडकर), ‘शकुंतला की अंगूठी’ (सुरेन्द्र वर्मा), ‘स्वामी विवेकानंद’, और ‘अनकहे अफसाने’ उनके प्रमुख नाटकों में शामिल हैं।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu