Bhopal News : दहेज के अभाव में घर न रह जाएं बेटियां… फिक्र के साथ होगा महिलाओं का जलसा, जानें क्या है प्रोग्राम

Share :

खान आशु
भोपाल। महंगी शादियां, बड़े दिखावे, दहेज के नाम पर बड़ा लेनदेन और दहेज की अपेक्षा तथा फरमाइश। नतीजा कई गरीब लड़कियों के निकाह में आने वाली मुश्किलों के रूप में सामने हैं। समाज में फैली इन बुराइयों से बचने के लिए एक फिक्र के साथ राजधानी भोपाल में एक आयोजन किया जाएगा। खासतौर से महिलाओं को केंद्रित इस आयोजन में देश के कई नामवर उलेमा शामिल होकर तकरीर करेंगे।
राजधानी की मस्जिद मदारुल मुहाम में शनिवार 9 नवंबर को यह आयोजन होगा। दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक यह कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान हैदराबाद के इस्लामिक स्कॉलर डॉ अलीम फलकी साहब खास बयान करेंगे। वे महंगी शादियों के कारण समाज में फैल रही बुराइयों और मुश्किलों से अवगत कराएंगे। कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि इस्लाम की तालीम और आसमानी किताब में शादियों को आसान बनाने की ताकीद की गई है। इसमें कहा गया है कि शादियों में फिजूलखर्ची और दिखावे से बचा जाए, ताकि हर तबके की लड़कियां आसानी से ब्याही जा सकें। लेकिन बदलते दौर में शादियां खर्चीली होती जा रही हैं। महंगे मैरिज गार्डन और हॉल, मेहमानों की बड़ी फेहरिस्त और दहेज के नाम किए जाने वाले बड़े लेनदेन अब प्रचलन में हैं। इसकी वजह से गरीब परिवार की बेटियां ब्याहने में कई मुश्किलें पसरने लगी हैं। इन्हीं मुश्किलों से निजात पाने की कोशिशों के बीच यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम खासतौर से महिलाओं पर केंद्रित रखा गया है। इसमें पर्दा व्यवस्था के साथ पुरुषों की भी सहभागिता रहेगी।

एक संबोधन यहां भी होगा

डॉ अलीम फलकी 8 नवंबर को भी भोपाल में रहेंगे। इस दिन वे शाम 6 से रात 9 बजे कमला पार्क स्थित मस्जिद फैज बहादुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। डॉ अलीम फलकी इस दौरान 60+ रिटायर्ड पर्सन ए बर्डन ऑर ए ब्लेसिंग? विषय पर विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी भी खास तौर से मौजूद रहेंगे।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu