Possitive News : एक कदम सकारात्मकता की ओर… राजधानी में एक नया अभियान, जानें क्या है यह अपील

Share :

खान आशु
भोपाल। त्योहारों के धार्मिक आधार पर बंटवारे से आगे बढ़कर व्यापार और कारोबार में भी विभाजन के प्रयासों पर अब सकारात्मकता की कोशिशें चल पड़ी हैं। राजधानी भोपाल में युवाओं ने एक मुहिम चलाई है। इसमें हर क्रिया पर प्रतिक्रिया देने की आदत पर अंकुश लगाने की बात कही जा रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि चंद नफरत फ़ैलाने वालों को दरकिनार और नजर अंदाज करके शिक्षा, सफलता, विकास और समाज में सौहाद्र एवं सद्भावना के प्रयास किए जाएं।
राजधानी भोपाल में सोशल मीडिया पर यह सकारात्मक पहल चलाई जा रही है। शहर के सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट आबिद मोहम्मद खान ने इसकी शुरुआत की है। उन्होंने अपनी इस मुहिम को “आओ कुछ ऐसा करें कि मुद्दा मुर्दा बन जाए!” शीर्षक दिया है। एडवोकेट आबिद ने लिखा है कि कोई खाने की लाइन से बाहर निकाले, कोई बड़े-बड़े होर्डिंग लगवाए और उस पर आपकी टिप्पणी आए, ये जरूरी तो नहीं। आबिद ने कहा कि हर नकारात्मक बात पर आपकी नकारात्मक प्रतिक्रिया आए, ये भी जरूरी तो नहीं!
हर मुद्दा हवा में उछाला जाए, ये जरूरी तो नहीं! छोटे लोगों की छोटी सोच पर आप बड़े लोग बोलें, ये भी जरूरी तो नहीं!
कुछ मुद्दों को आप मुर्दा भी बना सकते हैं; उसका जिक्र करना छोड़ दें, तो मुद्दा खुद-ब-खुद मुर्दा बन जाएगा!

वक्त आगे बढ़ने का
सकारत्मक मुहिम में कहा जा रहा है कि ये वक्त आगे बढ़ने का है। जब आप छोटी छोटी बातों और छिछोरी क्रियाओं पर प्रतिक्रिया देना बंद कर देंगे और अपना वक्त आगे बढ़ने में लगाएंगे, तो आपके आस-पास का माहौल सकारात्मक बनने लगेगा। पिछली बातों को भूलकर आगे बढ़ना ही समझदारी है। मिसाल के तौर पर जापान, जिसने हिरोशिमा-नागासाकी पर बम के धमाके के बाद अपने जख्मों पर रोते हुए नही बैठा रहा। वह उठा, फिर चला, फिर दौड़ा और इतना आगे निकल गया कि आज दुनिया उसकी मोहताज हो गई। अपील की जा रही है कि छोटी सोच पर लानत भेजें और तरक्की करें ताकि आपका समाज तरक्की करे, आपका मुल्क तरक्की करे। यही वक्त का तकाजा है !

इसलिए चली मुहिम
पिछले दिनों नवदुर्गा उत्सव के दौरान कुछ संगठनों ने गरबा पंडाल में मुस्लिम समुदाय की एंट्री पर प्रतिबंध की घोषणा की थी। इसको लेकर प्रदेश भर में मुस्लिम युवाओं के साथ मारपीट की घटनाएं भी हुईं। दिवाली के दौरान पूरे प्रदेश में मुस्लिम कारोबारियों से सामान न खरीदने की घोषणा से भी विकट हालात बनाने के प्रयास किए गए। इसके बाद अब दिल्ली से चला एक अस्पताल के बाहर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें जरूरतमंद मरीज परिजनों को खाना वितरण करने वाले एक व्यक्ति द्वारा धार्मिक नारा लगाने की बाध्यता लगाई जा रही है। इस वीडियो के वायरल पर एक और वीडियो बाजार में है, जिसमें दूसरे धर्म की बेहतर छवि दिखाई जा रही है।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu