अमित सेन
8085661177
भोपाल। त्यौहार के मायने ही चेहरों की मुस्कान, दिल का सुकून और बिताया हुआ आनंद भरा समय है। इसी मंशा को लेकर सामाजिक संस्था अनुनय ने प्री दिवाली सेलिब्रेशन का आयोजन किया। अनुनय का अभिनव कदम यह था कि इस कार्यक्रम में बस्ती, मुहल्ले और सुविधाओं से वंचित बच्चों को जोड़ा गया था। इनकी मुलाकात के लिए उस घर को चुना गया, जहां अपनों से उपेक्षित और तिरस्कृत बुजुर्ग जीवन गुजार रहे हैं। इस प्री दिवाली सेलिब्रेशन में बच्चों और ओल्ड ऐज होम के बुजुर्गों ने मिलकर शानदार जश्न मनाया।
सामाजिक संस्था अनुनय एजुकेशन एंड कल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष माही भजनी ने बताया कि संस्था पिछले कई सालों से गरीब बच्चों के लिए त्योहारी खुशियां जुटाने के प्रयास करती आई है। उनकी शिक्षा पर आधारित कार्यक्रमों के अलावा त्योहारों पर किए जाने वाले आयोजन के लिए इस बार अपना घर ओल्ड ऐज होम को चुना गया। माही ने बताया कि संस्था से जुड़े बच्चों के साथ जागरण लेक सिटी कॉलेज ने आज अपना घर ओल्ड एज होम में प्री दिवाली सेलिब्रेशन किया। इस अवसर पर जेएलयू के स्टूडेंटस और अनुनय के बच्चों और “अपना घर” के दादा दादी ने मिलकर ख़ूब धमाल किया और खुशियां बांटी। इस दौरान जेएलयू की और से बच्चों और दादा दादी को सुंदर उपहार भी दिए गए। कार्यक्रम में अपना घर की संचालक माधुरी मिश्रा, जागरण लेक सिटी की एचओडी भावना अधिकारी, प्रोफ़्रेसर श्रुति सिन्हा भी मौजूद थीं।
अनुनय सबकी खुशी के लिए अग्रसर
संस्था अनुनय विगत एक दशक से राजधानी भोपाल में सामाजिक सरोकार के कामों से जुड़ी है। गरीब, जरूरतमंद और उपेक्षित बच्चों की शिक्षा के विशेष प्रयास अनुनय द्वारा किए जा रहे हैं। इसके अलावा सामाजिक समरसता, साहित्यिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की लंबी श्रृंखला भी इस संस्था की उपलब्धियों में शामिल है। महिला शिक्षा, स्वरोजगार और उन्हें सामाजिक उत्थान की तरफ ले जाने में भी अनुनय संस्था सतत सक्रिय है।
