खान आशु
भोपाल। शिक्षा को लेकर देश दुनिया में अलख जगाने वाले सर सैयद अहमद की 207वीं जयंती का जश्न उप्र के गाजीपुर में मनाया जाएगा। सैयद की उपलब्धियों, उनकी बनाई गई शिक्षा तहरीर और इसको आगे बढ़ाने की कोशिशों पर इस दौरान बात की जाएगी। इस आयोजन को संबल देने देशभर के शिक्षाविद और साहित्यकार जुटेंगे। इस कड़ी में मप्र के कई बड़े नामों को भी शामिल किया गया है।
जानकारी के मुताबिक देश के नामवर शिक्षाविद सर सैयद अहम की 207वीं जयंती पर एमएएच इंटर कॉलेज द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संस्था के प्राचार्य खालिद आमिर और प्रवक्ता डॉ रूह उल्लाह ने बताया कि संस्था शिक्षा, संस्कृति, सौहाद्र को केंद्र में रखकर आयोजन करती रही है। सर सैयद अहमद की शैक्षणिक उपलब्धियों से दुनिया अब भी लाभान्वित है। भविष्य में भी इससे स्टूडेंट्स को फायदा मिलता रहेगा।
प्रदेश के विद्वान रहेंगे शामिल
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि सर सैयद अहमद के व्यक्तित्व पर बात करने के लिए देशभर के ख्यात वक्ताओं को बुलाया गया है। इनमें मप्र से रिटायर आईपीएस एमडब्ल्यू अंसारी, वरिष्ठ पत्रकार डॉ महताब आलम, अंतर्राष्ट्रीय शायर डॉ अंजुम बाराबंकवी आदि शामिल हैं। इनके अलावा आईपीएस इराज राजा, एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल्स संस्था के अध्यक्ष आमिर इदरीसी, डॉ शंभूनाथ तिवारी, प्रो डॉ आफताब अहमद आफाकी आदि कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
चित्र प्रदर्शनी भी रहेगी आकर्षण
इस एक दिवसीय आयोजन के दौरान सर सैयद अहमद की जिंदगी को दर्शाती एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। रिटायर आईपीएस एमडब्ल्यू अंसारी द्वारा संजोई जाने वाली इस प्रदर्शनी में कुछ विलक्षण फोटो, किताबें, चिट्ठियां और सर सैयद से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध रहेंगे।
MP News : बात सर सैयद अहमद की, मप्र के विद्वान करेंगे चर्चा, जानें क्या है पूरा प्रोग्राम
