सुरक्षा, सुविधा, स्वतंत्रता पर हुई बात, मुंबई अधिवेशन में अवार्ड से नवाजे गए प्रदेश के कई पत्रकार

Share :

अमित सेन
8085661177

भोपाल। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ डगमगाया हुआ भी है और लड़खड़ाया हुआ भी। मजलूमों और पीड़ितों की आवाज बनकर खड़ा होने वाला मीडिया अब खुद ही शोषित, पीड़ित और दमन चक्र का शिकार है। सियासत से लेकर प्रशासनिक दबाव ने कलम को या तो कैद कर लिया है या फिर दबाव बनाकर उसकी धार को बोथरा दिया है। कलम के पुजारियों के हाथ से छिटक कर तिजोरी वाले लोगों के हाथों पहुंच चुके मीडिया संस्थान भी इन स्थितियों के लिए जिम्मेदार हैं।
प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट द्वारा मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान वक्ताओं ने यह बात कही। एक दिवसीय इस अधिवेशन में देशभर के पत्रकार जुटे थे। इस मौके पर पत्रकार सुरक्षा, उनके हित और सुविधाओं के लिए बात उठाई गई। प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की राष्ट्रीय महासचिव शशि दीप ने बताया कि एक दिवसीय इस अधिवेशन के दौरान पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। पत्रकार सुरक्षा कानून आदि को लेकर सरकारों के सामने पुख्ता तरीके से प्रस्ताव रखने और इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चलाए जाने की रणनीति भी इस दौरान बनाई  गई है। शशि ने बताया कि कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ खालिद कैस भी खास तौर पर मौजूद थे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के कई विधायक एवं मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया था।

खान आशु को मिला पत्रकार भूषण सम्मान
मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान देशभर से आए नामवर पत्रकारों को सम्मानित किया गया। जिनमें भोपाल सीनियर रिपोर्टर खान आशु को भी शामिल किया गया। संस्था द्वारा खान को पत्रकार भूषण सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बॉलीवुड में संगीत निर्देशक दिलीप सेन ने उन्हें ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और शॉल श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सैयद रिजवान अली, जफर आलम खान, सुनील योगी, निशा खान, रेखा सोलंकी, मुईन अख्तर, अरविंद शर्मा, सरस्वती दास, लेखराज जोगी, नूर मोहम्मद शेख, सैयद अखलाक अली आदि को भी विभिन्न सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संयोजक शशि दीप ने कहा कि पत्रकार हित की मंशा के साथ किया गया यह अधिवेशन निश्चित तौर से एक नई तहरीर के साथ संपन्न होगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ खालिद कैस ने सभी मेहमानों और देशभर से आए पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu