अश्लील मैसेज भेजने वालों की गिरफ्तारी की मांग थाना घेरा।कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह पहुंचे मौके पर जीतेन्द्र सेन
भोपाल:-राजधानी भोपाल के बैरसिया में हिंदू संगठनों का बड़ा प्रदर्शन चल रहा है। हजारों की संख्या में लोग बैरसिया थाने को घेरकर 11वीं की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने वाले युवक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वही बैरसिया विधायक विष्णु खत्री भी मौके पर पहुंचे हैं। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह भी बैरसिया पहुंचे और कार के बोनट पर खड़े होकर उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाया। आपको बता दें कि इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस दौरान कलेक्टर ने दो दिन में कार्रवाई करने का आश्वासन भी वहां मौजूद लोगों को दिया।

जानकारी अनुसार संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इस मामले में चार युवक शामिल हैं, लेकिन पुलिस ने एक को ही गिरफ्तार किया है। थाना घेरने की सूचना मिलने पर सबसे पहले एसपी प्रमोद कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने संगठन के लोगों को समझाइश दी। साथ ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। हालांकि, प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं है। कलेक्टर सिंह ने भी उन्हें समझाया।
संगठन के लोगों ने की मांग, जल्द अन्य आरोपियों की हो गिरफ्तारी
मां भवानी हिंदू संगठन से दीपक चौधरी ने बताया, हम अभी मौके पर ही मौजूद हैं। हम अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग पर कलेक्टर सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने समझाइश दी है।
यह है मामला
आपको बता दें कि राजधानी भोपाल के बैरसिया में 11वीं की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजकर एक युवक कई दिनों से परेशान कर रहा था। बात नहीं करने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देता था। इससे पहले 11 सितंबर को हिंदू संगठनों ने शिकायत दर्ज करने में पुलिस ने लेटलतीफी को लेकर थाने का घेराव कर दिया। थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन को समाप्त किया था, लेकिन गुरुवार को हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता फिर से थाने पर पहुंचे और घेराव कर दिया।
