पुलिस–पत्रकार नव वर्ष मिलन समारोह संपन्न
जीतेन्द्र सेन
भोपाल:- पुलिस और मीडिया के बीच आपसी समन्वय को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में “पुलिस एवं पत्रकार नव वर्ष मिलन समारोह – 2026” का आयोजन गुरुबार को पुलिस ऑफिसर्स मेस, भोपाल में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों के साथ-साथ पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनसंपर्क विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने उपस्थित पत्रकारों एवं अधिकारियों से आत्मीय भेंट कर सभी को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पत्रकारों से वन-टू-वन संवाद किया और मीडिया तथा पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, सूचनाओं के जिम्मेदाराना संप्रेषण तथा जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

संवाद के दौरान पुलिस महानिदेशक ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पुलिस तथा मीडिया के बीच पारस्परिक विश्वास, पारदर्शिता एवं सकारात्मक सहयोग समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पुलिस और मीडिया मिलकर जनहित, कानून व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता के लिए कार्य करते रहेंगे।
नव वर्ष मिलन समारोह का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं मीडिया के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूती देना, संवाद को प्रोत्साहित करना तथा आपसी सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम सौहार्द, गरिमा और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस और मीडिया के सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली!

