मन गया संडे..! मिनी ट्रक पलटा… शराब की पेटियां तोक ले गए राहगीर

इंदौर :- से जुलवानिया की ओर जा रहा मिनी ट्रक राऊ के खलघाट फोरलेन पर पलट गया जब राहगीरों ने देखा की इस पलटे ट्रक में से शराब की पेटियां रोड पर बिखर गईं, तो वे वाहन में से शराब की पेटियां निकालकर ले गए! एमएच11एएल4306 नम्बर की मिनी ट्रक में करीब 786 पेटी बियर, तो 100 पेटी अन्य शराब की बोतलों की लदी थीं… यह हादसा तब हुआ जब रॉन्ग साइड से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश मिनी ट्रक चालक ने की… ड्राइवर राजेश और क्लीनर सुनील को मामूली चोटें आई हं… अब आबकारी विभाग भी इस ट्रक और शराब की जांच करने में जुटा है… खबर है कि इस दौरान शराब ठेकेदार का प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचा था..!

जिसके वोट से बने मंत्री, उसी जनता को ज़लील मत कीजिए…

पटियेबाजी

भारत भूषण विश्वकर्मा
7400794801

सयाने कहते हैं कि सत्ता और धन का नशा दिखाने के लिए किसी खास मुहूर्त की जरूरत नहीं होती, ये नशा तो लोगों के सर चढ़कर बोलता खुद ब खुद नजर आ ही जाता है… मध्यप्रदेश में गंभीर नेताओं की फेहरिस्त में अब तक शुमार किए जाने वाले प्रहलाद सिंह पटेल के दंभी बयान पर हल्ला मचा हुआ है… मौजूदा सरकार के मंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मां नर्मदा की लगभग दो हजार पांच सौ किलोमीटर की परिक्रमा कर चुके आध्यात्मिक ज्ञान के धनी नेता के इस बयान को भी विपक्ष समेत दिग्गज पत्रकारों ने आड़े हाथों लिया है… पटेल के भाषण का वीडियो जितनी तेजी से वायरल हो रहा है, उतनी ही ज्यादा उनकी किरकिरी होती दिख रही है, सोशल मीडिया पर भी लोगों की नाराजगी पढ़ी सुनी जा सकती है… राजगढ़ जिले के सुठालिया में वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर कहे गए “उद्गार” अब माननीय के गले की फांस बनते नजर आ रहे हैं… अगर मौजूदा मंत्री को लोगों का सरकार से या मंत्रियों से मांग करना भीख मांगना लगता है तो उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि आमजन अपनी गुहार लगाने किस दरबार में जाएं…? मतदाताओं द्वारा फूल माला पहना कर मांग पत्र सौंप देने से खिन्न हो जाने वाले मंत्री लगे हाथ यह भी बताएं कि मांग पत्र सौंपने के दूसरे विकल्प क्या हो सकते हैं…? एक संस्कारवान समाज की स्थापना करने को आतुर दिखने वाले प्रहलाद पटेल ने आमजन से “सरकार से भीख न मांगने तथा लेने के बजाय देने का मानस बनाने” का आग्रह किया, लेकिन यह नहीं बताया कि जनता अपनी चुनी हुई सरकार से आस न करे तो कहां जाए…? भिखारियों की फौज जैसे नवीनतम शब्द गढ़ने वाले मंत्री शायद ये बताना भूल गए थे कि पहले स्वागत सत्कार, कुशलक्षेम और बाद में अपनी मांगों को रखने वाले समाज में कौन से विशिष्ट संस्कारों की कमी है…? मंत्री या उनके समर्थक अब जैसे चाहें इस मामले की लीपापोती करते रहें, लेकिन हकीकत यही है कि जनता के वोट से सरकार में बैठे नेताओं को भी अपनी सामाजिक और सार्वजनिक मर्यादा का भान अब नहीं है… जनता को सीधे तौर पर भिखारी तक कह देने की हिम्मत ऐसे ही पैदा नहीं होती, नेताजी के बोल वचन पर तालियां पीटने वाली जनता खुद इसके लिए जाहिर तौर पर जिम्मेदार है…

02-03-2025

MP News : एक कदम शिक्षा की ओर, वक्फ बोर्ड ने आगे बढ़ाए कदम

खान आशु
भोपाल। वक्फ संपत्तियों से होने वाली आमदनी गरीब, जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे तो इसका होना सार्थक है। इन जायदाद से तालीम का उजाला फैले तो यह आने वाली पीढ़ियों तक रौशनी फैलाने वाली तहरीर कही जाएगी। मप्र वक्फ बोर्ड ने इसी मंशा के साथ वक्फ आमदनी का आधा हिस्सा बजरूरतमंद बच्चों की तालीम पर खर्च करने की कवायद की है। इसके बेहतर परिणाम भी सामने आने लगे हैं।
मप्र वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ सनव्वर पटेल ने यह बात कहीं। वे उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल थे। उन्होंने उज्जैन जिले की वक्फ कमेटियों की ओर से मध्य प्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड की शिक्षा नीति पढ़ो पढ़ाओ राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो के तहत मदार गेट कम्यूनिटी हाल में स्कॉलरशिप वितरण किया। इस मौके पर डॉ पटेल ने उज्जैन जिले के बच्चों को मेरिट के आधार पर 90 बच्चों को स्कॉलरशिप वितरित की। इन सभी बच्चों को 10 – 10 हजार रुपए के चेक सौंपे गए। कार्यक्रम में बतौर मेहमान ए खास शहर काज़ी खलीकुर्रेहमान, ओलेमा ए शहर उज्जैन और मेहमान ए खुसूसी मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डाॅ सनवर पटेल ने शिरकत कर
स्टूडेंट्स की हौसला अफज़ाई की। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड मेंबर फैजान खान की अगुआई में हुए इस आयोजन में नूर फलक, परवेज खान, मुस्तकीम शेख, आवेश नागौरी, मुस्तकीम खान, नदीम खान, रईस खान ठेकेदार आदि मौजूद थे।

इनसे मिली राशि
जानकारी के मुताबिक स्कॉलरशिप की राशि अमजद खान (अध्यक्ष दरगाह मौलाना मौज), शारिक अनवर (अध्यक्ष जामा मस्जिद), फैजान खान( अध्यक्ष वक्फ मस्जिद एवं दरगाह मदार साहब), इलयास शेख (अध्यक्ष बड़ी मस्जिद मिल्कीपूरा), मुस्तकीम शेख (अध्यक्ष बड़ी कलंदरी मस्जिद), वाजिद खान (अध्यक्ष मस्जिद सारबान), कलीम सेठ (अध्यक्ष लाल मस्जिद), रफीक खान (अध्यक्ष चिमटे का बाड़ा) के सहयोग से एकत्र हुई।

नम्र आंखों के साथ251 बेटियों की गई विदाई…बेटियों को स्वाबलंबी और सशक्त बनाना समाज का दायित्व – द्रौपदी मुर्मु

251 बेटियों को राष्ट्रपति ने दिया सुखमय जीवन का आशीर्वाद

रिक्की सिंह

छतरपुर। सिद्ध क्षेत्र बागेश्वर धाम में बुंदेलखंड षष्ठम् महाकुंभ 251 बेटियों के परिणय सूत्र में बंधने के साथ विराम की ओर चला गया। बुधवार को बेटियों को आशीर्वाद देने देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मु बागेश्वर धाम पधारीं। महामहिम ने बेटियों को आशीर्वाद देते हुए अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि बेटियों को स्वाबलंबी और सशक्त बनाना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि संतों ने वाणी से समाज को राह दिखाई है, छुआछूत दूर करने की आज के कार्यक्रम से प्रेरणा मिलती है। बेटियों को उचित सम्मान दिलाने का सभी वर्गों को प्रयास करना चाहिए। बागेश्वर धाम के विवाह महामहोत्सव में साक्षी के रूप में प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अलावा सासंद वीडी शर्मा, गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, आचार्य बालकृष्ण, सांसद मनोज तिवारी मंचासीन रहे।
जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सुबह करीब साढ़े 11 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंची जहां राज्यपाल मंगू भाई पटेल और डॉ. मोहन यादव ने उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति के बागेश्वर धाम आने पर सबसे पहले उनके द्वारा मंदिर जाकर बालाजी को प्रणाम किया गया। पूजा-अर्चना के बाद वे आयोजन स्थल पर पहुंची, जहां उन्होंने सामूहिक कन्या विवाह में दुल्हन बनीं 251 बेटियों को आशीर्वाद दिया। मंच पर बागेश्वर महाराज ने तुलसी की माला, हनुमान यंत्र, धाम से जुड़ा साहित्य और बालाजी का विग्रह भेंट कर राष्ट्रपति का स्वागत किया। अपने उद्बोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि वे यह आयोजन देखकर अत्यंत प्रसन्न हैं। हम सबके ऊपर महादेव की कृपा है, तभी यह संभव हो सका है। उन्होंने महाराजश्री को आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए बेटियों को विवाह सूत्र में बांधने तथा उनके सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं सबल होंगी तो देश सबल होगा। आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से छुआछूत वाली मानसिकता को दूर करने की सीख मिलती है। कार्यक्रम में राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, छतरपुर विधायक ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया सहित लाखों लोग उपस्थित रहे।
खाली हाथ नहीं, उपहार के साथ आईं महामहिम
यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण रहा जब देश की राष्ट्रपति महामहिम बेटियों को उपहार भेंट करने दिल्ली से सामग्री लेकर आईं। एक ट्रक से अधिक सामग्र्री बेटियों को देने के लिए लाई गई थी। महामहिम 251 बेटियों के विवाह में खाली हाथ नहीं आईं। उन्होंने बेटियों को साड़ी और दूल्हों को सूट उपहार के रूप में भेंट किया।


जिनका कोई नहीं, उनका सहारा बनकर देखो: बागेश्वर महाराज

बुंदेलखंड के महाकुंभ के रूप में आयोजित 8 दिवसीय महामहोत्सव के अंतिम दिन 251 बेटियों को परिणय सूत्र में बांधा गया। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में आईं महामहिम राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि पूरे बुंदेलखंड और बागेश्वर धाम परिवार की ओर से आप सभी का स्वागत है। बागेश्वर धाम परमार्थ का सबसे बड़ा केन्द्र बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि जिनका कोई सहारा नहीं होता, उनके लिए बागेश्वर धाम की तिजोरी खुली है। महाराजश्री ने कहा कि समाज के अनाथ वंचित और दीन-हीन वर्गों का सहारा बनकर देखोगे तो उससे बड़े आनंद की अन्य किसी कार्य में अनुभूति नहीं होगी। महाराजश्री ने कहा कि आज बेटियां अंतरिक्ष तक छलांग लगा रही हैं। बड़े दिलवालों के घर भगवान बेटियां पैदा करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति संकल्प ले कि वे बेटियों के विवाह में अपने योगदान देंगे।
आज बना नया कीर्तिमान, महाराजश्री ने मंगवाएं 251 घोड़े: डॉ. मोहन यादव

प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज यहां आकर मन अत्यंत प्रफुल्लित है। महत्वपूर्ण तो यह है कि महाराजश्री ने दूल्हों को बैठाने के लिए 251 घोड़े मंगवाए हैं। महाराजश्री की यह शैली समाज में फैले जातिगत भेदभाव को घोड़ों के पैरों तले कुचल रही है। उन्होंने कहा कि यह मंच शासन, सत्ता और संत की त्रिवेणी के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मप्र सरकार की ओर से 51 हजार रुपए देने की भावना है, इसलिए सरकार की योजना का लाभ यहां आए जोड़ों को मिलेगा।
भावी पीढ़ी को अच्छे संस्कार और आदर्शों की सीख मिलती है- मंगू भाई पटेल

प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल समाज का विकास होता है बल्कि भावी पढ़ी को अच्छे संस्कारों और आदर्शों की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा गौरवशाली है। उन्होंने प्रभु से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी नवदंपत्तियों का जीवन सुखी और समृद्ध रहे।


20 लाख लोगों के भोजन प्रसाद की रही व्यवस्था
आयोजन में लगभग 20 लाख लोगों के भंडारे की व्यवस्था रही। मेन्यू में जलेबी, मालपुआ, पुलाव, मटर पनीर, कश्मीरी आलू, दाल तड़का, वेज पुलाव, सादा पूड़ी, पालक पूड़ी, बूंदी रायता, रबड़ी, सूजी का हलवा, बूंदी, शुद्ध घी की जलेबी समेत 13 व्यंजन परोसे गए। बागेश्वर धाम में भंडारे की जिम्मेदारी सागर के कैटरर्स को दी गई। इसके संचालक राजा ठाकुर बताते हैं कि करीब 400 लोगों का स्टाफ खाना बनाने में जुटा रहा। इतने ही धाम के शिष्य मंडल की टीम के सदस्य भी शामिल रहे। इसके अलावा राजस्थान से 20 लाख छेना के रसगुल्ले भी मंगवाए।
उपहार में मिली लाखों रुपए की सामग्री, बेटियां बनेंगी आत्मनिर्भर


251 बेटियों को परिणय सूत्र में बांधकर महाराजश्री ने घर-गृहस्थी के जरूरत की समस्त सामग्री उपहार के रूप में दी गई है। नवविवाहित जोड़ों को उपहार के रूप में बालमुकुंद भगवान विग्रह, बालाजी सरकार विग्रह, रामचरितमानस, बागेश्वर धाम कैलेंडर, गाय-बछड़ा, वर को शेरवानी, पगड़ी, दुल्हन का लहंगा, चुनरी, मंगलसूत्र, पायल, बिछिया, नाक की कील, कान के टॉप्स, कूलर, 7 साड़ियां, दुल्हन के लिए सैंडिल, चांदी का सिक्का, चांदी का श्रीफल, मेकअप किट, चूड़ी सेट, डबल बेड, सोफा, ड्रेसिंग, अलमारी, दो गद्दा, तकिया, कंबल, ट्रॉली बैग, कलर एलईडी टीवी 38 इंच, सिलाई मशीन, सीलिंग फैन, वॉटर हीटर, इलेक्ट्रिक प्रेस, दीवार घड़ी, गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन सेट (5), प्रेशर कुकर (5 लीटर), स्टील कलश, टिपारा, सुपा, मिक्सी, खिचड़ी, कांसे का कटोरा, मसाला दानी, हॉट पॉट, दुल्हन के लिए स्वेटर, नेपाली जयमाला, लेडीज पर्स, लाइटर, आर्टिफिशियल हार, बाथरूम किट के अलावा बेटियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आटा चक्की सहित करीब 60 प्रकार के उपहार दिए गए।
देश के प्रख्यात संत, फिल्म जगत, क्रिकेटर, समाजसेवी बने ऐतिहासिक पलों के साक्षी


सामूहिक विवाह महोत्सव में जहां संतों के रूप में बद्रीनाथ धाम से आए संत बालक योगेश्वर दास महाराज, कथा वाचक संजीव कृष्ण ठाकुर, रामजी महाराज, बक्सर बिहार के गंगा पुत्र दंडी स्वामी, फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, सुरभी तिवारी, बुंदेली गायिका कविता शर्मा, शुक्ति दुबे, एस्सार ग्रुप के प्रशांत रूईया, झारखंड के सांसद निशिकांत दुबे, दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा, पूर्व क्रिकेटर वीरेन्द्र सहवाग, रॉबिन उथप्पा, आरपी सिंह सहित कई नामी-गिरामी हस्तियां बेटियों को आशीर्वाद देने उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां
बेटियों को सजाने के लिए मेकअप आर्टिस्ट बुलाए गए।
एसएएफ छठवीं बटालियन जबलपुर के बैंड ने प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में साइन लैंग्वेज एक्सपर्ट ने सभी के भाषण को ट्रांसलेट किया।
सुरक्षा के लिहाज से डॉग स्क्वॉड रोमियो की ड्यूटी रही, पहाड़ी पर पुलिस बल तैनात रहा।
चिकित्सा के लिए 20 बेड का मिनी अस्पताल बनाया गया, 10 एम्बुलेंस तैनात रहीं।

LIVE Ujjain Mahakal Darshan: आज रात 2:30 बजे खुले महाकाल मंदिर के पट, लगातार 44 घंटे कर सकेंगे दर्शन

उज्जैन /- महाशिवरात्रि पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में 44 घंटे तक दर्शन होंगे। चार प्रहर की पूजा, विशेष आरती और शृंगार किए जाएंगे। भक्तों की सुविधा के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार, पार्किंग, निशुल्क बस सेवा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था होगी। शीघ्र दर्शन सुविधा स्थगित रहेगी, सामान्य दर्शन मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षा में तनावमुक्त और संयमित रहें – कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह

जीतेन्द्र सेन
भोपाल।। बोर्ड परीक्षा शुरू होते ही बोर्ड परीक्षा में तनाव मुक्त रहने के लिए बच्चों को तरह तरह से मोटिवेट किया जा रहा है वहीं कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने अपने संदेश में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा एक अवसर है चुनौती नहीं। इसलिए, सभी विद्यार्थी आत्मविश्वास और सकारात्मकता के साथ परीक्षा में भाग लें। उन्होंने छात्रों को यह भी सलाह दी कि वे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के तनाव से दूर रहें और शांत मन से प्रश्नों को हल करें।
कलेक्टर सिंह ने विद्यार्थियों को परीक्षा के समय संयम बनाए रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय का सही प्रबंधन करना और प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़ना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि वे अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और बिना किसी डर के परीक्षा दें। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी याद दिलाया कि सफलता सिर्फ अंकों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि यह उनके ज्ञान, कौशल और चरित्र का भी प्रतिबिंब है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

आयु हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर का हुआ शुभारंभ,आधुनिक सुविधाओं से होगा मरीजों का समुचित इलाज |

जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। बैरसिया नगर के नूपुर विहार कॉलोनी भोपाल रोड स्थित आयु हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का रविवार को पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक जोधाराम गुर्जर, पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह राठौड़ कांग्रेस महासचिव अवनीश भार्गव नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुर्जर सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधियो ने फीता काटकर उद्घाटन किया वही पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि आकस्मिक इलाज ऑपरेशन थिएटर आईसीयू बच्चा वार्ड सहित अन्य तरह की सुविधायुक्त इस अस्पताल के खुलने से क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ होगा मेरी ओर से अस्पताल संचालक पार्षद चंचल खत्री सरपंच राघवेंद्र गुर्जर ज्योति पालीवाल कविता पालीवाल एवं उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं वही इस मौके पर अस्पताल संचालक चंचल खत्री ने कहा कि हम लोग सेवा भाव से इस अस्पताल का संचालन करेंगे गरीब मरीजों को कम से कम कीमत पर अच्छी स्वास्थ सेवा मुहैया कराएंगे

वही शुभांरभ समारोह के मौके पर पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर पूर्व विधायक जोधाराम गुर्जर पूर्व  विधायक भक्तपाल सिंह राठौड़ महासचिव अवनीश भार्गव कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़ पूर्व विधायक ब्रह्मानंद रत्नाकर अरुण श्रीवास्तव रामभाई मेहर पार्षद डल्लू गुप्ता सभी पार्षद गण एवं नगर के जनप्रतिनिधि वरिष्ठ जन पत्रकार गण गणमान्य नागरिक एवं आयु हॉस्पिटल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।

पहली पहली बार…!

चकरघिन्नी. कॉम
खान आशु

विकास की उड़ान के स्वप्नों से सजा एक आयोजन पहली बार भोपाल में हो रहा है…! प्रधानमंत्री पहली बार भोपाल में रात्रि विश्राम करने वाले हैं…! यह भी पहली बार है, जब पीएम मंत्रियों और विधायकों से चर्चा करेंगे, विकास मंथन करेंगे, भविष्य के लिए मार्गदर्शन भी देंगे…! पीएम और होम मिनिस्टर बैक टू बैक एक ही प्रोग्राम में शामिल होंगे, यह भी बार ही है…! 25 से ज्यादा मुल्कों के नामचीन इंडस्ट्रियलिस्ट एक मंडप की शोभा बनेंगे, ऐसा भी पहले नहीं हुआ… न ही ऐसा हुआ था, जब देश के तमाम बड़े उद्योगपति एक साथ जुटे हों(कम से कम भोपाल में तो नहीं)…!
शहर की साजसज्जा, पुराने से लेकर नए शहर तक की बदली रंगत भी पहली बार नजर आ रही है…! दीवारों पर उकेरी गईं कलाकृतियां, सड़क किनारे लहराती खुशनुमा हरियाली, सड़कों, बिल्डिंगों और चौक चौराहों पर जगमगाती रोशनी भी दिवाली या राष्ट्रीय पर्व के अलावा तो दिखाई नहीं देती थी… यह भी भोपाल पहली बार ही देख रहा है…! लगे हाथ नई नवेली दुल्हन की तरह सजी नवाबकालीन इमारत सदर मंजिल भी मेहमानों की पहली आगवानी में शामिल हो गई…!
वीआईपी रोड, बोट क्लब, मानव संग्रहालय, श्यामला हिल्स, सीएम हाउस, शहर के कई स्टार होटल्स और शहर के आसपास फैली पर्यटन, ऐतिहासिक, पुरातत्विक और धार्मिक जगहें भी पहली बार ही इतनी झमाझम महसूस करने वाली हैं…!
ग्लोबल इंवेस्टर समिट के दो दिन, कुछ सत्र और सैंकड़ों बातें जब समापन की तरफ बढ़ें तो यह भी पहली बार होना चाहिए कि एक मुलाकात से औद्योगिक विकास की एक नई तहरीर लिख दी गई…! शहडोल से लेकर सतना… सागर से लेकर जबलपुर और रीवा तक भी विकास की वह बयार ठंडक बने, जो भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों के नसीब में ही सिमटी हुई थी…! “इस जमीन में चुंबकीय आकर्षण है” की कथोक्ति सत्यता के इतने करीब पहुंचे, कि यह कल्पना वाला सच साबित हो जाए…!

पुछल्ला
हर कोई चाहे मिलना…
महानायक की प्रदेश आमद है। देखने, मिलने, बात करने को लालायित। पार्टी से जुड़े लोगों तक बात स्वीकार्यता तक थी। जब विपक्ष भी इसके लिए ख्वाहिश जाहिर करने लगे तो किसी शख्सियत का अंदाज लगाया जा सकता है। अब जब मुलाकात की जुगत नहीं बन पाई तो कार्यक्रम में कीड़े निकालने की कवायद शुरू हो गई है। लेकिन पब्लिक है, सब समझ रही है कि यह खिसियानपन विपक्ष के हिस्से सिर्फ विकास बाधा बनने की नीयत की वजह से आया है।
============
22/फरवरी/2025

मन्दिर होगा अस्पताल, पण्डित धीरेन्द्र महाराज का अनूठा संकल्प।

दुआ के साथ दवा, प्रधानमंत्री मोदी बागेश्वर धाम में रखेंगे आज रखेंगे कैंसर अस्पताल की आधारशिला

रिक्की सिंह

खजुराहों। वर्षों से जिसकी कामना की जा रही थी वह अब समय आ गया है। बुन्देलखण्ड की दशा बदलने के लिए एक संत ने जो संकल्प लिया उसको धरातल पर उतारने की वह घड़ी आ गई। देश के प्रधानमंत्री एवं विश्वमित्र की भूमिका निभाने वाले नरेन्द्र मोदी बागेश्वर धाम में महाराजश्री के कैंसर अस्पताल के संकल्प की आधारशिला रखने आज आ रहे हैं। दोपहर साढ़े 12 बजे बागेश्वर धाम में बनने वाले 100 बिस्तरों के कैंसर अस्पताल का शिलापूजन करने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने लाखों लोग पहले से ही बागेश्वर धाम में पहुंच गए हैं।
सिद्धक्षेत्र बागेश्वर धाम पूरी दुनिया में आस्था और अनुकरण का केन्द्र बन गया है। यहां से दुनिया भर में जनकल्याण का संदेश जा रहा है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने संकल्प लिया कि मंदिर परिसर में अस्पताल बनना बेहद आवश्यक है क्योंकि दवा के साथ दुआ भी जरूरी है। बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल बनाने का महाराजश्री ने संकल्प लिया और इस संकल्प को मूर्तरूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शिलापूजन के लिए आज बागेश्वर धाम आ रहे हैं। शिलापूजन के साथ ही कैंसर अस्पताल के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। बुन्देलखण्ड में हजारों लोग इस गंभीर और घातक बीमारी से पीडि़त हैं लेकिन यदि जल्द से जल्द बागेश्वर धाम में यह अस्पताल बन गया तो बुन्देलखण्ड के 17 जिलों के लिए रामबाण का काम करेगा। गरीब और बेसहारा लोगों का इस अस्पताल में नि:शुल्क इलाज होगा।




बागेश्वर धाम में हुई धनुषयज्ञ की लीला


बीती रात बागेश्वर धाम के सांस्कृतिक मंच से धनुष यज्ञ की लीला का मंचन किया गया। लाल कड़क्का रामलीला समिति छतरपुर की ओर से रामलीला का मंचन किया गया। खचाखच भरे मैदान को भावविभोर करने वाले प्रसंगों की प्रस्तुति हुई। लाल कड़क्का रामलीला समिति के सदस्यों ने अपनी प्रस्तुति से सबको अपनी ओर आकर्षित किया। पूरी लीला का सार लक्ष्मण एवं परशुराम संवाद में दिखाई दिया। एक-दूसरे पर साहित्य की बौछार करने वाले लक्ष्मण-परशुराम के संवाद लोगों को आनंदित कर रहे थे।
देश भर से लाखों लोग आए बागेश्वर धाम

बुन्देलखण्ड का महाकुंभ 19 फरवरी से शुरू हो गया था। हर रोज लाखों लोग इस महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने के लिए आ रहे हैं। लाखों लोग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे। बागेश्वर धाम में सिर्फ धर्मप्रेमियों की कतारें दिखाई दे रही हैं जहां देखो उस ओर सिर्फ लोग ही लोग दिखते हैं। सबकी आंखों में एक ही आकांक्षा है कि यहा महाकुंभ जिन उम्मीदों और अपेक्षाओं को लेकर शुरू हुआ है वह पूरा हो।


खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री मप्र, राजस्थान के शिक्षा मंत्री ने लिया आशीर्वाद


बागेश्वर धाम में हर रोज देश भर से राजनेता भी आ रहे हैं। शुक्रवार की रात प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग बागेश्वर धाम आए। उन्होंने बालाजी के दर्शन करने के पश्चात महाराजश्री का आशीर्वाद लिया। शनिवार को राजस्थान के शिक्षा मंत्री ने बालाजी के दर्शन किए। उन्होंने महाराजश्री को वस्त्र और टोपी भेंट कर सम्मान किया। महाराजश्री ने भी शिक्षा मंत्री का मान बढ़ाया।

यातायात पुलिस ने जारी किया बागेश्वर धाम का रूटचार्ट



बागेश्वर धाम में चल रहे विशाल धार्मिक अनुष्ठान और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस बल अलर्ट मोड पर है। विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 3 हजार पुलिसकर्मी जहां आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था सभाल रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर 3 सैकड़ा से अधिक यातायात पुलिसकर्मी धाम पर आने वाले वाहनों को कंट्रोल कर रहे हैं। बागेश्वर धाम पर बनने जा रहे कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगमन होगा, जिसके लिए पार्किंग स्थल एवं परिवर्तित मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत ने बताया कि आज बागेश्वर धाम आने वाली समस्त बसें पहाड़ी मैदान में बनी पार्किंग क्रमांक 4 में पार्क कराई जाएंगी। वैकल्पिक बस पार्किंग गढ़ा तिगैला के पास फोरलेन के किनारे बनी पार्किंग क्रमांक 7 और ग्राम गंज के पास पार्किंग क्रमांक 8 में रहेगी। चार पहिया वाहन काव्या गेस्ट हाउस के पास मेन पार्किंग क्रमांक 2 में पार्क कराई जाएगी, वैकल्पिक पार्किंग गंज कदोहा रोड पार्किंग क्रमांक 5, हंस होटल के पास पार्किंग क्रमांक 6 में रहेगी। ऑटो और बाईक बाईपास तिराहा पार्किंग क्रमांक 3 में पार्क कराई जाएगी। राजनगर रेलवे क्रॉसिंग से कोड़ा ग्राम आने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। बागेश्वर से वापस लौटने वाले 4 पहिया वाहन, ऑटो रिक्शा, बाइक आदि पहाड़ी मैदान डायवर्सन पॉइंट से ग्राम कदौंहा से होते हुए गंज की ओर जायेंगे और वहां से फ्लाईओवर से हाइवे पर निकलेंगे।

पीएम मोदी का बागेश्वर दौरा आज 23 फरवरी को देखिए रोडमैप..।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 23 फरवरी को बागेश्वर धाम गढा आएंगे,वहां कैंसर अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। उनका प्रस्तावित कार्यक्रम 11:20 बजे दिल्ली विमानतल से वायुयान से प्रस्थान करेगे, 12:30 बजे खजुराहो विमानतल पहुंचेगे, 12:35 बजे खजुराहो से हेलिकॉप्टर द्वारा गढा के लिए प्रस्थान करेगे, 12:55 बजे हैलीपैड गढा पहुंचेगे, वहाॅ से 01:00 बजे सङक मार्ग द्वारा बागेश्वर धाम पहुंचेगे, 01:10 पर बागेश्वर धाम मे चिकित्सा एवं विज्ञान शोध संस्थान का शिलान्यास रखेंगे, 02:00 बजे बालाजी मंदिर के दर्शन करेगे, 02:10 बजे हैलिपैड से हेलिकाप्टर द्वारा खजुराहो एयरपोर्ट प्रस्थान करेगे, 02:30 बजे विमानतल खजुराहो पहुंचेगे, 02:35 बजे खजुराहो विमानतल से भोपाल प्रस्थान करेगे और 03:35 बजे भोपाल पहुंचेगे।

गांव के मिट्टी के लाल का  नर सेवा नारायण सेवा के प्रति अनूठा संकल्प, एक महात्मा का पुरुषार्थ विश्व के लिए बना प्रकाश पुंज

बागेश्वर धाम पहुंचे दो उपमुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, और सांसद मनोज तिवारी

रिक्की सिंह

बागेश्वर धाम गढ़ा। यह एक महात्मा का पुरुषार्थ ही है जिसकी चर्चा पूरे विश्व में हो रही है। आमतौर पर अस्पतालों में मंदिर बनाए जाते हैं ताकि लोग बीमार व्यक्ति की कुशलता के लिए इलाज कराने के साथ-साथ ईश्वर से भी प्रार्थना कर सके लेकिन एक संत ने मंदिर में अस्पताल बनाने की जो सोच रखी वह दुनिया को प्रेरणा दे रही है। दवा और दुआ साथ चलेगी तभी जीवन का कल्याण होगा। बागेश्वर धाम में शुक्रवार को प्रदेश के दो उपमुख्यमंत्रियों के अलावा पंचायत मंत्री और दिल्ली के सांसद ने आकर बालाजी को प्रणाम किया और महाराज श्री का आशीर्वाद लेते हुए 23 फरवरी को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को बागेश्वर धाम पहुंचे प्रदेश के दो उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला एवं जगदीश देवड़ा ने बालाजी को प्रणाम किया और तत्पश्चात बागेश्वर महाराज श्री का आशीर्वाद लिया। इसी दिन प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी बागेश्वर धाम आए जहां उन्होंने बालाजी के दर्शन किए। दिल्ली के सांसद और बागेश्वर धाम शिष्य मंडल के सदस्य मनोज तिवारी ने भी बालाजी के दर्शन करते हुए महाराज श्री का आशीर्वाद लिया। सभी राजनेताओं ने बागेश्वर धाम में कन्या विवाह महोत्सव एवं कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखे जाने के संबंध में महाराज श्री से चर्चा की। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि एक संत ने गरीब और बेसहारा बीमार लोगों के कल्याण का बीड़ा उठाया है जिसकी चर्चा देश ही नहीं पूरी दुनिया में हो रही है। समाज के वंचित, पिछड़े और बेसहारा लोगों के लिए सबको आगे आना चाहिए। जैसा कि कहा जाता है की जिसका कोई नहीं होता उसका भगवान होता है यह बात बागेश्वर धाम में चरितार्थ हो रही है। सांसद श्री तिवारी ने कहा कि जिसका बुन्देलखण्ड को लंबे समय से इंतजार था वह आज पूरा हो रहा है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री की उपस्थिति में एक संत की परिकल्पना साकार होने के लिए आगे बढ़ रही है। हम सिर्फ मोदी जी को धन्यवाद दे सकते हैं और कोई हमारे पास शब्द नहीं है।


राजनगर विधायक ने विधानसभा के सरपंच, सचिवों की बैठक ली
राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया ने ब्लाक में विधानसभा क्षेत्र के सभी सरपंच, सचिवों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की बैठक लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन के संबंध में अपने-अपने गांव में विस्तृत चर्चा करते हुए ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को इस कार्यक्रम से जोडऩे के लिए प्रेरित करें ताकि विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सिद्धपीठ बागेश्वर धाम का कार्यक्रम न केवल अद्भुत रहे बल्कि अविष्मणीय रहे।
महाकुंभ में शामिल होने बांटे जा रहे पीले चावल
बागेश्वर धाम में बुन्देलखण्ड का छठवां महाकुुंभ शुरू हो चुका है। 23 फरवरी को कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखी जानी है और 26 फरवरी को 251 बेटियों के विवाह होने हैं। इस पूरे विशाल आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में लोगों की उपस्थिति हो इसलिए बागेश्वर धाम छतरपुर शिष्य मण्डल पीले चावल बांट रहा है। शुक्रवार को शहर के नरसिंह मंदिर प्रांगण से ढोल नगाड़े के साथ पीले चावल बांटने का कार्यक्रम शुरू हुआ जो लगातार चलता रहा। शिष्य मण्डल ने लोगों से आग्रह किया कि वे बागेश्वर धाम के कार्यक्रम में अवश्य शामिल होकर पुण्य लाभ कमाएं।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu