अनुकम्पा नियुक्ति के नाम पर रिस्तेदार अधिकारी मांग रहे था रिश्वत निगमायुक्त ने कर दिया सस्पेंड

10 महीने से भटक रहीं महिला, 3 घंटे में मिली नियुक्ति

इंदौर। निगमकर्मी पति पंकज की मौत के बाद पत्नी कविता धोलपुरे अनुकंपा नियुक्ति के लिए दस माह से निगम मुख्यालय के चक्कर काट रही थी। स्वास्थ्य सेवा यूनिट प्रभारी राजेश करोसिया नियुक्ति के नाम पर उसे यहां से वहां भटका रहा था। कविता परेशान होकर मंगलवार को निगम मुख्यालय में होने वाली जनसुनवाई में पहुंची। उसने निगमायुक्त शिवम वर्मा को करोसिया की करतूत बताई। निगमायुक्त ने मौके पर ही करोसिया को बुलाकर फटकार लगाई। हाथों हाथ उसे निलंबित करने के आदेश दे दिए। निगमायुक्त की सख्ती देख अन्य अधिकारी, कर्मचारी भी सकते में आ गए। निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग उपायुक्त एसके सगर से कहा कि मामले में तत्काल कार्रवाई करें। तीन घंटे बाद ही कविता के हाथ में अनुकंपा नियुक्ति का पत्र था।
बेटी का भरण पोषण होगा आसान
दिवंगत निगमकर्मी पंकज धोलपुरे की पत्नी कविता भी इन्हीं आवेदकों में से एक थी। मंगलवार को अनुकंपा नियुक्ति का पत्र मिलने के बाद कविता ने कहा कि अब उसके लिए बेटी का भरण पोषण करना आसान होगा। वह दस माह से भटक रही थी।

निगमायुक्त – कहिए आपकी क्या समस्या है।
कविता – मै दस माह से अनुकंपा नियुक्ति के लिए भटक रही हूं। न पेंशन मिल रही है न अनुकंपा नियुक्ति। बेटी का भरण पोषण भी नहीं कर पा रही हूं।
निगमायुक्त – किस विभाग का मामला है, संबंधित को बुलवाइए।
निगमायुक्त (राजेश करोसिया से) – आप आवेदन क्यों नहीं निपटा रहे हो। यह चल क्या रहा है, यहां पर। कागज क्यों नहीं ले रहे हो।
राजेश करोसिया – साहब ये कभी मेरे पास आए ही नहीं।
निगमायुक्त (नाराज होते हुए) -अजीब मनमर्जी है। यहां चल क्या रहा है। शर्म करो। आपको निलंबित कर रहे हैं।
निगमायुक्त (उपायुक्त से) – आप इस मामले में कार्रवाई करो। दो घंटे में कार्रवाई हो जाना चाहिए नहीं तो आप भी सस्पैंड हो जाएंगे। सिर्फ यही केस नहीं, अगले पांच दिन में सभी केस का निराकरण होना चाहिए। इन्हें तत्काल निलंबित करो। (राजेश करोसिया की ओर देखते हुए)
निगमायुक्त महिला से – आप यही रूको अभी दो घंटे में आपको चेक भी मिलेगा, अनुकंपा नियुक्ति भी देंगे।

हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां प्रारंभ, शिवलिंग में दिखेगा रणजीत हनुमान का रूप

नवें वर्ष के आयोजन को भव्य बनाने में जुटा श्री बाबा महाँकाल सेवा संघ

भोपाल। आगामी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर शहर के सभी प्राचीन मंदिरों में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अपने आराध्य मारुतिनंदन का जन्मोत्सव मनाने को शहर की कई सामाजिक सांस्कृतिक और धार्मिक संस्थाओं में भी सक्रियता बढ़ती दिख रही है। इसी क्रम में पुराने शहर की अग्रणी धार्मिक वो सामाजिक संस्था “श्री बाबा महाँकाल सेवा संघ” ने भी हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। गौरतलब है कि हनुमान जन्मोत्सव श्री बाबा महाँकाल सेवा संघ का वार्षिक आयोजन होता है जिसे संघ द्वारा बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। संस्था के अध्यक्ष रंजीत सिंह ने बताया कि यह वर्ष संस्था के वार्षिक आयोजन का नौवां वर्ष है, और परंपरा अनुसार कार्यक्रम संयोजक के रूप में सर्व सम्मति से दिनेश नाहर को जवाबदारी सौंपी गई है। रंजीत सिंह के अनुसार विगत वर्षों की भांति जनसहयोग से यह कार्यक्रम भी भव्यता के शिखर को छुएगा। कार्यक्रम संयोजक दिनेश नाहर के अनुसार हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर 12 अप्रैल को होने वाले आयोजन की शोभायात्रा प्रेमनगर कालोनी छोला स्थित दुर्गा मंदिर से कन्या पूजन के साथ सायं 5 बजे शुरू होगी, जो प्रेमनगर कालोनी, नवजीवन कालोनी, टिंबर मार्केट मेन रोड, होकर खेड़ापति हनुमान मंदिर छोला पर समापन होगी। दिनेश ने सर्व हिन्दू समाज से भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होने का आग्रह किया।

मातृशक्ति का पूजन कर देंगे, बेटी बचाओ का संदेश

श्री बाबा महाँकाल सेवा संघ के विधिक सेवा प्रभारी अधिवक्ता दीपक नामदेव ने बताया कि आयोजन में प्रतिवर्षानुसार कन्या पूजन कर बेटी बचाने और बेटियों को पढ़ाने का संदेश दिया जाएगा। दीपक नामदेव ने बताया कि कामकाजी तथा नौकरीपेशा महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा हेतु पेपर स्प्रे, स्टन गन, जैसी आत्मरक्षा की चीजें निःशुल्क वितरित की जाएगी।

आयोजन में होगी हर वर्ग की सहभागिता

संस्था के उपाध्यक्ष अमन चौरसिया ने बताया कि ‘श्री बाबा महाँकाल सेवा संघ के वार्षिक आयोजन में हर साल युवाओं, बुजुर्गों समेत महिलाओं की खासी उपस्थिति रहती है, इस वर्ष भी आयोजन में सर्व समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता होगी’। उपाध्यक्ष अमन चौरसिया ने बताया कि ढोल, डीजे, बग्गी और धर्मध्वज शोभायात्रा को भव्य रूप देंगे वहीं आयोजन के दौरान समापन स्थल पर भव्य आतिशबाजी दर्शकों का मन मोह लेगी।

आसमान में निकला खुशियों का चांद, अकीदतमंद हुए निहाल

रुअत ए हिलाल कमेटी के ऐलान के बाद आतिशबाजी से गूंजा शहर

खान आशु
भोपाल। वक्त ए इफ्तार… मगरिब की नमाज़… आसमान की तरफ उठी उम्मीदों की निगाहें… लौटती नजरें पलकों में खुशियां समेटे चली आईं…! काजी ए शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी ने चांद नजर आने की तस्दीक की, ऐलान किया कि सोमवार का दिन अल्लाह के ईनाम का है, खुशियों का है,  ईद का है….! इसके बाद इस खबर से सबको वाकिफ कराने के लिए शहरभर की मस्जिदों से आतिशबाजी की गई। एक दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। ईद के लिए बाकी बची तैयारियों के लिए लोगों के कदम बाजार की तरफ उठ गए। सारी रात आबाद रहे बाजारों ने खूब खरीद फरोख्त कर ईद की खुशियों का ऐलान किया।

रविवार शाम को मोती मस्जिद में रुअत ए हिलाल कमेटी ने ईद का चांद देखने की रस्म अदा की। काजी ए शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी के अलावा शहर के उलेमा इसमें शामिल थे। बड़ी तादाद में पहुंचे बाशिंदों ने भी इस हुजूम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मगरिब की नमाज़ के बाद चांद देखने की रस्म अदा की गई। जिसके बाद उलेमाओं ने अन्य प्रदेशों और शहरों से भी इसकी तस्दीक की। हर तरफ से मिली खुशियों वाली खबर के बाद शहर काजी ने सोमवार को ईद उल फितर का त्यौहार मनाए जाने का ऐलान कर दिया।

पहली नमाज ईदगाह में
सोमवार को शहर की दर्जनों मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। मसाजिद कमेटी द्वारा जारी किए गए नमाज के वक्त में पहली नमाज ईदगाह में अदा करने के लिए कहा गया है। सुबह 7.30 बजे ईदगाह में होने वाली नमाज के बाद बाकी मस्जिदों में नमाज ए ईद अदा होगी। इसके बाद जामा मस्जिद, ताजुल मसाजिद, मोती मस्जिद, आरिफ नगर, प्रेस कॉम्प्लेक्स, गोविंदपुरा, निजामुद्दीन मस्जिद आदि में नमाज होगी।

एक रास्ते से जाएंगे, दूसरे से वापसी
नमाज ए ईद के लिए जाने वाले अकीदतमंद घर से निकलकर एक रास्ते से ईदगाह पहुंचेंगे। नमाज से पहले खास बयान और फिर नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद ईद का खुतबा होगा। इससे फारिग होकर लोग एक दूसरे को मुबारकबाद देते हुए दूसरे रास्ते से अपने घरों को लौटेंगे। भोपाल में लोगों का घर जाने से पहले कब्रिस्तान जाकर अपने मरहूमीन के लिए दुआ ए मगफिरत का रिवाज भी है।

सीएम पहुंचते रहे हैं ईदगाह
तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने पूरे कार्यकाल में ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद देते रहे हैं। कुछेक बार उन्होंने पुराने शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर लोगों को घरों घर जाकर भी ईद की मुबारकबाद दी है। इसके साथ लोगों को ईद के तोहफे भी बांटे गए थे। शिवराज से पहले कांग्रेस सरकार में भी सीएम के ईदगाह पहुंचने का सिलसिला रहा है।

रुख बाजार की तरफ
ईद का चांद दिखाई देने के साथ ही लोगों ने अपनी जरूरतों और बाकी बची तैयारियों को पूरा करने के लिए बाजार की तरफ रुख किया। इब्राहिमपुरा बाजार, मेन रोड, नदीम रोड, लखेरापुरा, जुमेराती आदि बाजारों में सारी रात रौनक दिखाई दी। शहर के अलग अलग इलाकों जहांगीराबाद, इतवारा, बुधवारा, ऐशबाग, बाग मुफ्ती साहब, काजी कैंप, लक्ष्मी टॉकीज आदि के अस्थाई बाजारों ने भी ग्राहकों की जरूरतों को पूरा किया।

सक्रिय हुआ सोशल मीडिया
ईद का चांद दिखाई देने के साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म व्हाट्स ऐप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि पर बधाई संदेशों का तांता लग गया।

जल-गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को जन-जन का विषय बनाना – कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह

30 मार्च से 30 जून तक चलेगा अभियान, नये तालाब बनेंगे, पुराने तालाबों, बावड़ियों तथा कुँओं के जीर्णोद्धार के साथ सघन वृक्षारोपण भी किया जायेगा।

जीतेन्द्र सेन
भोपाल।। सीएम डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश सहित भोपाल जिले में 30 मार्च से ‘जल-गंगा संवर्धन अभियान’ का शुभारंभ किया जा रहा है, जो आगामी 30 जून तक निरंतर जारी रहेगा। इस अभियान के अंतर्गत जहां एक ओर नए तालाबों का निर्माण किया जाएगा तो वहीं दूसरी तरफ पुराने तालाबों, बावड़ियों और कुँओं का जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही, जिलेभर में सघन वृक्षारोपण भी किया जाएगा। इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। यह जानकारी कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत कार्यालय में हुई बैठक के दौरान दी गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे
कलेक्टर सिंह ने बताया कि यह अभियान “जल है तो कल है” की भावना पर आधारित है और इसका उद्देश्य जल संरक्षण को जन-जन का विषय बनाना है। यह अभियान समाज के हर वर्ग की भागीदारी से संचालित होगा।
पिछले वर्ष जिले में 101 अमृत सरोवर बनाए गए थे, जिन्हें अब राजस्व अभिलेखों में दर्ज किया जाएगा। इस वर्ष अभियान के तहत ‘अमृत सरोवर 2.0’ योजना में 19 नए तालाबों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत तालाबों का सीमांकन कर राजस्व अभिलेखों में दर्ज किया जाएगा। अतिक्रमण चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी तथा मुनारे बनाकर सीमाओं को चिन्हित किया जाएगा। साथ ही, तालाबों का गहरीकरण जनभागीदारी से किया जाएगा। मनरेगा और अन्य योजनाओं के माध्यम से तालाबों का जीर्णोद्धार, सुदृढ़ीकरण और जल आवक बढ़ाने की दिशा में कार्य होंगे। इन तालाबों के पास पौधारोपण और रखरखाव के लिए उपयोगकर्ता समूहों का गठन किया जाएगा जिले की प्रमुख नदियों के स्रोत क्षेत्रों में जल संरक्षण और संवर्धन के लिए रिमोट सेंसिंग और फील्ड सर्वेक्षण के आधार पर कार्ययोजना बनाकर कार्य किए जाएंगे। इनमें ट्रेंच, गेबियन संरचना, वृक्षारोपण, चेकडेम और तालाब निर्माण शामिल हैं, जो स्थानीय समुदाय की भागीदारी से पूरे किए जाएंगे वर्तमान में अनुपयोगी चेकडेम और स्टॉप डेम का सर्वेक्षण कर उनके पुनर्निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। समाज की भागीदारी से गाद निकासी और ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक कुँओं की मुण्डेरों को सुव्यवस्थित किया जाएगा मनरेगा योजना के तहत वर्षाकाल में परंपरागत जल स्रोतों के निकट वानिकी और उद्यानिकी पौधारोपण किया जाएगा। इसके लिए समीपस्थ नर्सरियों का चयन किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूह (SHG) द्वारा संचालित नर्सरियों को प्राथमिकता दी जाएगी।अभियान में हर ग्राम से युवा महिला या पुरुष को ‘जलदूत’ बनाया जाएगा, जो जल स्रोतों के संरक्षण, शासकीय योजनाओं में हितग्राही चयन और जनजागरूकता में सहयोग करेंगे। इन जलदूतों का पंजीकरण भी किया जाएगा। साथ ही, “पानी चौपाल”, “पानी पंचायत” और “जल पंचायत” के आयोजन कर जल संरक्षण से जुड़ी जानकारी जनता को दी जाएगी और भविष्य की रणनीति तय की जाएगी अभियान की शुरुआत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के जल स्रोतों और देवालयों की सफाई से होगी। कार्य पूर्ण होने पर वरुण पूजन और जल अभिषेक किया जाएगा तथा इनके रख-रखाव की जिम्मेदारी स्थानीय समुदाय को सौंपी जाएगी। यह अभियान सरकार, समाज और संतों के संयुक्त प्रयास से संचालित होगा।

बैरसिया में भारी बवाल, दंगाईयों पर काबू पाने पुलिस ने दागे आंसू गैस और स्मोक बम !

भोपाल|बैरसिया के बर्री छीरखेड़ा स्थित खेल मैदान में जिला भोपाल (ग्रामीण) पुलिस द्वारा बलवा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। भोपाल जिला (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा व अति. पुलिस अधीक्षक डॉ नीरज चौरसिया के मार्गदर्शन में बलवा ड्रिल को संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर बैरसिया नगर में पैदल मार्च मुख्य मार्ग से निकाला गया। बलवा ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपातकालीन स्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया गया। ड्रिल के जरिए पुलिसकर्मियों को दंगाइयों से निपटने के लिए कई तरीके सिखाए गए। दंगाइयों को रोकने के लिए उपकरणों का इस्तेमाल, टियर गैस के गोले दागना,भीड़ को तितर वितर करने के लिए स्मोक गैस का इस्तेमाल करना,दंगे के दौरान घायल लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना जैसे अभ्यास सिखाए गए।इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा नें बताया कि भोपाल ग्रामीण पुलिस का बलवा ड्रिल का रिहर्सल किया है इस तरह के रिहर्सल हम समय-समय पर करते रहते हैं जिससे हमारी तैयारी में कोई कमी रहती है तो उसमें सुधार करने की कोशिश करते हैं ताकि कभी बलवा आदि की स्थिति निर्मित होती है तो हमें कैसे रिएक्ट करना है यह सिखाया जाता है। इस मौके पर एसडीओपी बैरसिया सर्वप्रिय  सिन्हा एसडीओपी बिलखिरिया प्रिया सिंधी, एसडीओपी इटखेड़ी मंजू चौहान, रक्षित निरीक्षक श्याम किशोर झरवडे, बैरसिया थाना प्रभारी अरुण शर्मा सहित जिला देहात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

मोकड्रिल के बाद पैदल मार्च निकालते हुए!

सीईओ ने कहा- ग्राम विकास में टैक्‍स सखियां निभा रहीं महत्‍वपूर्ण जिम्‍मेदारी

समीक्षा बैठक के दौरान सीईओ इला तिवारी ने की टैक्‍स सखियों की सराहना

भोपाल। मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित टैक्‍स सखियों की समीक्षा बैठक में सीईओ इला तिवारी ने टैक्‍स कलेक्‍शन कार्य करने वाली दीदीयों की प्रशंसा की। गौरतलब है कि जिले की ग्राम पंचायतों में अधिरोपित किये जाने वाले कर जैसे जलकर, स्‍वच्‍छता कर, सम्‍पत्तिकर आदि की वसूली आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत स्‍व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। जिला पंचायत भोपाल द्वारा नवाचार के रूप में कर वसूली करने वाली दीदीयों को “टैक्‍स सखी” के रूप नियुक्‍त किया है। टैक्‍स सखी डोर-टू-डोर जाकर करदाताओं से संपर्क कर टैक्‍स वसूलने का कार्य कर रही है। साथ ही पंचायत दर्पण के ऑनलाइन पोर्टल पर इसकी एन्‍ट्री भी सुनिश्चित कर रही है। टैक्‍स सखी एवं करदा‍ताओं के बीच पारदर्शिता बनाये रखने के लिए ऑनलाईन एवं ऑफलाईन दोनो माध्‍यम से टैक्‍स वसूली सुनिश्चित की जा रही है। हितग्राही स्‍वयं भी क्‍यू.आर. कोड के माध्‍यम से अधिरोपित करों का भुगतान कर सकता है। समीक्षा बैठक में एसीईओ जिला पंचायत शंकर पांसे, डीपीएम डॉ. रेखा पाण्‍डेय, जिला समन्‍वयक संतोष झारिया सहित जनपद पंचायत के ब्‍लॉक प्रबंधक एवं समस्‍त टैक्‍स सखी उपस्थित रही।

देवास जिले की टीम ने की टैक्‍स सखी से चर्चा

देवास जिले से भोपाल भ्रमण पर आई टीम ने टैक्‍स सखियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली को जाना। टैक्‍स सखियों ने बताया कि सबसे पहले हमने ग्रामीणों के बीच टैक्‍स कलेक्‍शन एवं उससे गांव के विकास में भूमिका के विषय पर जागरूकता लाने का कार्य किया। स्‍थानीय स्‍तर पर सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक के सहयोग से टैक्‍स कलेक्‍शन की महत्‍वपूर्णता पर चर्चा कर ग्रामसभा में प्रस्‍ताव पारित कराया। धीरे धीरे सभी ग्रामीणजन स्‍वेच्‍छा से टैक्‍स का भुगतान करने लगे।

यहाँ से निकलेगी गेर वहाँ कलेक्टर आशीष ‍सिंह पहुँचे निरिक्षण पर !

इंदौर – छोटा मुंबई कहे जाने वाले इंदौर में परम्परागत रूप से निकलने वाली रंगपंचमी की गेरों के आयोजन की व्यापक तैयारियां जारी है। कलेक्टर आशीष सिंह ने आज अधिकारियों के दल के साथ गेर मार्ग का निरीक्षण किया। इंदौर में 19 मार्च रंगपंचमी के अवसर पर रंगारंग गेर निकलेंगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श‍िवम वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त अमित सिंह, एडीएम रोशन राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने गेर मार्ग के निरीक्षण की शुरूआत टोरी कार्नर चौराहे से की। इसके बाद वे निर्धारित गेर मार्गों पर पहुंचे और उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कर दें। ‍विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। विद्युत के तारों को आवश्यकता अनुसार ऊंचा करें। डीपी पर भी सुरक्षा के प्रबंध रखें। पूरे मार्ग पर सभी आवश्यक बंदोबस्त सुसुनिश्चित कर ली जाये। कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाये। व्यवस्थाओं को समयसीमा में पूरा करें। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रखें जायें। कलेक्टर सिंह ने बताया कि पूरे मार्ग पर ‍निगरानी के लिये सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएंगे। साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया जायेगा। बेरिकेटिंग की भी व्यवस्था रहेगी। आकस्मिक चिकित्सा के लिये भी प्रबंध ‍किये जा रहे हैं। निर्धारित स्थानों पर एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी रहेगी।

जारी रहेगी गेर गेर निकालने में असमर्थता जताने वाले गेर संचालक को कलेक्टर ने दिए 2 लाख

इंदौर – आर्थिक तंगी के चलते इस बार रंग पंचमी के मौके पर गेर निकालने में असमर्थता जाहिर करने वाले एक गेर संचालक को कलेक्टर आशीष सिंह ने 2 लाख रु की मदद देने के निर्देश दिए हैं। संभवतः आज गैर संचालक को उक्त राशि का चेक दे दिया जाएगा। उक्त गेर संचालक द्वारा द्वारा पिछले 25 वर्षों से टोरी कॉर्नर गेर क्लब के नाम से गेर निकाली जाती है। इस बार गेर के संचालक शेखर गिरी ने कल कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए गेर निकालने में असमर्थता जाहिर की थी। कलेक्टर आशीष सिंह ने गेर संचालक को भरोसा दिलाया था कि वह गेर जरूर निकालें अपनी गेर की परंपरा जारी रखें। जिला प्रशासन आर्थिक मदद करेगा । कलेक्टर आशीष सिंह ने बैठक में अन्य गेर संचालकों को भी आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव किया था लेकिन अधिकांश गेर संचालकों ने आर्थिक मदद लेने से इनकार कर दिया। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि गेर इंदौर की  सांस्कृतिक विरासत है। इसे किसी भी सूरत में बंद नहीं होने दिया जाएगा। जिला प्रशासन गेर संचालकों की पूरी मदद करेगा।

बागेश्वर धाम में तीन दिवसीय होली महा महोत्सव आज से, बालाजी को समर्पित होगी रंग गुलाल

12 को चित्रलेखा जी, 14 को आएंगी प्राची देवी, क्षेत्रीय सहित बाहरी कलाकार मचाएंगे संगीत की धूम


छतरपुर। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र बागेश्वर धाम में होली महा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह महोत्सव तीन दिनों का होगा। महोत्सव की शुरुआत आज बुधवार से हो रही है। बालाजी सरकार को रंग गुलाल समर्पित करने के साथ ही महोत्सव की शुरुआत होगी। महोत्सव के पहले दिन जानी-मानी कथा वाचिका चित्रलेखा जी शामिल हो रही है। वहीं तीसरे दिन प्रख्यात कथा वाचिका प्राची जी बागेश्वर धाम पधारेंगीं। महोत्सव में क्षेत्रीय कलाकारों सहित देश भर से आने वाले बागेश्वर बगिया के फूलों की भी प्रस्तुति होगी। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने देश भर के बागेश्वर धाम प्रेमियों और भक्तों को रंगों के पर्व होली की अनंत शुभकामनाएं देते हुए सबकी मंगल कामना की है।
जानकारी के मुताबिक बागेश्वर धाम में बुधवार से तीन दिवसीय होली महा महोत्सव की शुरुआत हो रही है। कहते हैं जीवन में रंग नहीं है तो फिर वह जीवन किस काम का। सनातन धर्म के सभी पर्व जीवन में उल्लास और खुशियां बिखरते हैं। रंगों का पर्व होली हर साल लोगों द्वारा अनूठे अंदाज में मनाया जाता है। बागेश्वर धाम में भी विगत वर्ष की तरह इस वर्ष होली का विशाल आयोजन हो रहा है। इस महोत्सव में जहां देश भर के बागेश्वर धाम से शिष्य मंडल के सदस्य आएंगे तो वहीं बागेश्वर धाम से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लोग भी शामिल होंगे। महोत्सव में जहां संतो की मौजूदगी होगी तो वही राजपीठ से भी लोगों के आने की खबरें है। क्षेत्रीय कलाकारों के साथ ही बागेश्वर धाम से जुड़े अन्य कलाकार महोत्सव में शामिल होंगे। परंपरागत गीतों और होली संगीत की धूम मचने वाली है। शास्त्री ने सबको महोत्सव में शामिल होने का न्योता दिया है।

दौर इफ्तार का… अलग अलग दावतों में विभिन्न तरह की जमावटें

खान आशु
भोपाल। माह ए रमजान अपना पहला अशरा पूरा कर चुका है। शहर की कई मस्जिदों में तरावीह का पहला दौर खत्म होकर मुकम्मल कुरआन के जश्न भी होने लगे हैं। साथ ही राजधानी में रिवाज के मुताबिक इफ्तार दावतें भी शुरू हो गई हैं। अलग अलग दावतों में अलग अलग तरह के लोग जुटाए जा रहे हैं। इन दावतों के जरिए सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक धाराओं के संदेश भी दिए जा रहे हैं।
राजधानी समेत प्रदेश और देशभर में अपने मुरीदों की बड़ी फेहरिस्त रखने वाले पीर साहब बादशाह मियां ने मंगलवार को इफ्तार दावत का आयोजन किया है। शहर के सियासी, प्रशासनिक, गणमान्य लोगों की मौजूदगी वाले इस समागम में पीर साहब के मुरीदीन भी शामिल रहेंगे। पीर साहब की दावतों के जरिए लोगों की जुटाई पुरानी आदत है। वे साल भर में कई बार ऐसे मौके निकाल लेते हैं, जब उनके आंगन में मेहमानों की चहल पहल नजर आती है। दरअसल पीर साहब रोजा इफ्तार का आयोजन माह ए रमजान के आखिर में करने का रिवाज रखते हैं, लेकिन इस बार पहले अशरे में इस आयोजन की एक खास वजह है। वे अगले सप्ताह में सफर ए उमराह पर जाने वाले हैं।

यहां दिखेगी सामाजिक समरसता

हाजी मोहम्मद हारून

जमीयत उलेमा मप्र के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून ने भी दसवें रोजे यानी मंगलवार को ही इफ्तार दावत आयोजित की है। हाजी साहब की इस दावत की खासियत इसमें शामिल किए जाने वाले सर्वधर्म के मेहमान होते हैं। दशकों की उनकी इस इफ्तार परम्परा में पंडित राकेश जी शामिल रहते हैं तो ज्ञानी दलीप सिंह भी दिखाई देते हैं। फादर आनंद मुतुंगल, भंते सागर के अलावा कई मुस्लिम विद्वान भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहते हैं। हाजी मोहम्मद हारून सर्वधर्म सद्भाव का यह सिलसिला रमजान माह के अलावा भी चलाते रहते हैं।

यह नया नजरिया है…

पीर साहब बादशाह मियां

दिल्ली, भोपाल, उज्जैन समेत मप्र के कई और जिलों से पब्लिश हो रहे उर्दू दैनिक नया नजरिया ने एक सांस्कृतिक सिलसिले की शुरुआत की है। हर माह आयोजित किया जाने वाला सिलसिला ए अदब रमजान माह में भी अपनी रौशनी बिखेरेगा। कार्यक्रम में इस माह एक अतिरिक्त आयोजन रोजा इफ्तार भी जोड़ दिया गया है। कार्यक्रम आयोजक डॉ नजर महमूद ने बताया कि इस माह के खास आयोजन की सदारत मशहूर शायर जफर सहबाई करेंगे। मेहमान ए खास पीर साहब बादशाह मियां होंगे। इस मौके पर होने वाली नशिस्त में हृदेश शुक्ला कानपुरी, डॉक्टर अहसान आज़मी, डॉ नसीम अहमद, वली उल्लाह वली, इनायत अब्बास अपने शेर ओ कलाम पेश करेंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ महताब आलम करेंगे। इस आयोजन को खास रंग देने के लिए एक अतिरिक्त कार्यक्रम अफसांचा भी जोड़ा गया है। डॉ मोहम्मद आजम इस खास मौके पर एक विशेष अफसाना अपने मुख्तलिफ अंदाज में पेश करेंगे।

DR. NAZAR MAHMOOD
🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu