कोई भी मतदाता ना छुटे – बीएलओ सभी मतदाताओं की मैपिंग सुनिश्चित करें ~ सचिव बिनोद कुमार

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत समीक्षा भारत निर्वाचन आयोग के सचिव ने दिए विभिन्न निर्देश


जीतेन्द्र सेन
भोपाल। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भारत निर्वाचन आयोग के सचिव  बिनोद कुमार ने की। बैठक में उन्होंने जिला भोपाल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे पुनरीक्षण की विस्तृत प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिनोद कुमार ने बीएलओ से मैदानी स्तर की जानकारी ली और विस्तृत चर्चा कर तय समय में काम पूर्ण करने के दिशा निर्देश दिए।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय श्रीवास्तव, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश यादव, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह सहित सभी ईआरओ एवं एईआरओ उपस्थित रहे। बिनोद कुमार ने प्रत्येक अनुभाग की स्थिति पर चर्चा की और कार्य में आ रही चुनौतियों को समझते हुए अधिकारियों से कठोरता के साथ जिम्मेदारियाँ निभाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है और समय – सीमा में हुए परिवर्तन के बाद सभी अधिकारियों के पास पर्याप्त अवसर उपलब्ध है—इसलिए अब लापरवाही का कोई स्थान नहीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह कार्य केवल बी एल ओ का दायित्व नहीं है, बल्कि टीम वर्क के साथ रणनीति बनाकर ईआरओ एवं एईआरओ को फील्ड पर नियमित कैंप लगाकर निगरानी करनी होगी।
सचिव बिनोद कुमार ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी घर-घर सत्यापन, फॉर्म वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा करें तथा सुनिश्चित करें कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी रूप से पूर्ण हो।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को गति देने और मतदाता सूची के शुद्धिकरण को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित करने का सख्त संदेश दिया गया।
सचिव बिनोद कुमार ने निरीक्षण के दौरान विधानसभा क्षेत्र 150 भोपाल उत्तर,मतदान केंद्र 25 में बीएलओ श्रीमती सलमा हफिज से चर्चा की एवं प्रगति की जानकारी ली। बिनोद कुमार ने स्वयं मतदाता यशवंत सिंह से चर्चा कर उनकी जानकारी पोर्टल पर सर्च की।

पुलिस ने बताई अपराध की परिभाषा , बच्चों ने सीखे सुरक्षा के गुर

भोपाल – राजधानी भोपाल में आने वाले थाना छोला मंदिर के पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार बच्चों को उनके अधिकारों और कानून के बारे में बताया जा रहा है। बता दें कि विवेक जागृति स्कूल के समस्त छात्र-छात्राओं को मुस्कान अभियान एवं अभिमन्यु अभियान के तहत गुड टच, बेड टच , महिला संबंधी अपराध , छेड़खानी, अपहरण , ह्यूमन ट्रैफिकिंग आदि व मोबाइल से होने वाले अपराध , साइबर अपराध इंस्टाग्राम, फेसबुक, हाउस अरेस्ट, यातायात नियम, नशे के दुष्प्रभाव नशे से दूर रहने एवं नशा मुक्ति, महिला समानता आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई साथ हीं थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया की यह कार्यक्रम मुस्कान अभियान और अभिमन्यु अभियान के तहत किए जा रहें है जिसमें बच्चों को और उनके परिजनों को क़ानून सबंधी जानकारी भी दी जा रहीं है तथा स्कूल में पोस्टर लगाए गए हैं। इस मुहिम का मक़सद बाल संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाना और कानून की आवश्यक जानकारी जन जन तक पहुंचाना है।

2 किलोमीटर लंबी रैली निकालकर किया आमजन को जागरूक

छोला मंदिर पुलिस द्वारा स्कूल के छात्र छात्राओं के साथ रैली निकालकर भ्रमण किया गया रैली को छोला मंदिर दशहरा मैदान से प्रारंभ कर नवजीवन कॉलोनी प्रेम नगर अर्चना गैस एजेंसी चाँदवाड़ी गरीब नगर उड़िया बस्ती शंकर नगर से होते हुए छोला मंदिर दशहरा मैदान में समापन किया गया !

श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, “संतुलन, संपर्क और समन्वय” राह पर विश्वकर्मा महापंचायत

समाज के राजनीतिक और आर्थिक उत्थान पर बल देंगे – प्रेमनारायण विश्वकर्मा राष्ट्रीय अध्यक्ष

सामाजिक विकास के हर संभव प्रयास करेंगे – प्रदेश अध्यक्ष परमानंद विश्वकर्मा

भोपाल। विश्वकर्मा समाज के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संगठन श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन भारत के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद विश्वकर्मा ने अपनी जंबो प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष परमानंद विश्वकर्मा ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी में 1 संगठन महामंत्री, 1 सह संगठन महामंत्री, 17 उपाध्यक्ष, 5 प्रदेश महामंत्री, 20 मंत्री, 1 सचिव, 1 सह सचिव, 1 कोषाध्यक्ष, 1 सह कोषाध्यक्ष, 1 प्रवक्ता, 1 मीडिया प्रभारी तथा 1 सह मीडिया प्रभारी समेत 1 कार्यालय मंत्री नियुक्त किए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष परमानंद विश्वकर्मा ने बताया कि संगठन के केंद्रीय नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में सामाजिक विकास हेतु हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संतुलन संपर्क और समन्वय की राह पर चलते हुए पूरे प्रदेश में सामाजिक विकास पर सतत प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले – राजनीतिक और आर्थिक उत्थान प्राथमिकता

श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमनारायण विश्वकर्मा (पूर्व अध्यक्ष विश्वकर्मा कल्याण बोर्ड, कैबिनेट मंत्री दर्जा) ने नव नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए स्वयं को हर चुनौती से जूझने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि संघ और भाजपा में दीर्घ अनुभव रखने वाले परमानंद विश्वकर्मा के संगठन कौशल से मध्यप्रदेश में सामाजिक उत्थान के नए कीर्तिमान स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि समाज की आर्थिक स्थिति में सुधार तथा सामाजिक बंधुओं की राजनीतिक भागीदारी पर काम करना प्रदेश संगठन की प्राथमिकता रहेगी।

छोला थाना पुलिस ने निकाला पैदल मार्च , ढाबो में शराब पीने वालों पर की कार्यवाही

भोपाल:- राजधानी में निरंतर बढ़ते क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए एवं आम जनता को जागरूक करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा तमाम तरह के अभियान चलाए जा रहे है ! इसके साथ ही आज छोला थाना पुलिस ने हाल ही में एक पैदल मार्च निकाला जिसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना था।

पुलिस ने भानपुर से रासलाखेड़ी तक पैदल मार्च निकाला मार्च के दौरान पुलिस ने ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग कर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है वहीं रोड पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को भी पुलिस ने समझाइस दी है छोला थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने  स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना और पिलाना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

SIR कार्य की प्रगति की रोजाना समीक्षा करें कलेक्टर– निर्वाचन आयोग

निदेशक शुभ्रा सक्सेना और सचिव बिनोद कुमार ने वर्चुअल बैठक में दिए निर्देश

जीतेन्द्र सेन
भोपाल।। भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक शुभ्रा सक्सेना एवं सचिव बिनोद कुमार ने बुधवार को मध्य प्रदेश के 19 जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी और नगर पालिक निगमों के कमिश्नरों के साथ वर्चुअल बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की प्रगति की व्यापक समीक्षा की। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र.संजीव कुमार झा भी मौजूद रहे।
निदेशक सक्सेना ने कहा कि जिलों में एसआईआर के कार्य को गंभीरता और प्राथमिकता से लिया जाए। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान गणना पत्रकों के वितरण,मैपिंग, तथा डिजिटलाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की और प्रदेश की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने भोपाल,इन्दौर और ग्वालियर के उन विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से सीधे बात की जहाँ कार्य की रफ्तार अपेक्षित नहीं रही। साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ईआरओ के कार्य की प्रतिदिन समीक्षा करें और कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार सुनिश्चित करें। सक्सेना ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि डिजिटलाइजेशन का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। बीएलओ को सहयोग देने हेतु वालेंटियर्स की नियुक्ति, तथा तीनों महानगरों में विशेष कैम्प लगाकर गणना पत्रक भरवाने की व्यवस्था के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर स्वयं मैदानी स्तर पर जाकर कार्य की स्थिति देखें और मैपिंग के कार्य को शत-प्रतिशत सटीकता के साथ पूरा कराएं।
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने कलेक्टर्स को निर्देश दिया कि वे ईआरओ कार्य की रोजाना मॉनिटरिंग करें, तथा गणना पत्रक के डिजिटलाइजेशन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएँ।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में भी बीएलओ घर-घर जाकर दस्तक दें, और वालेंटियर्स मतदाताओं को फार्म भरने में आवश्यक सहयोग करें।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि एसआईआर कार्य की रफ्तार और गुणवत्ता आगामी दिनों में उनके सीधे फोकस में रहेगी।

अब झूठी शिकायत के खिलाफ शिकायत…निगमकर्मी पहुंचा पुलिस की शरण में

मामला वीआईपी रोड के अवैध निर्माण का
चोरी और सीना जोरी की तर्ज पर कार्यवाही करने पहुंचे निगमकर्मी के खिलाफ लगाए थे झूठे आरोप

भोपाल। वीआईपी रोड पर हुए अवैध निर्माण को रोकने गए एक निगमकर्मी साजिश का शिकार हो गए थे। उनके खिलाफ अभद्रता की झूठी शिकायत कर दी गई थी। अब इस मामले को लेकर निगमकर्मी ने पुलिस की शरण ली है। उन्होंने भवन मालिक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, अभद्रता करने और मानहानि आदि की धाराओं में शिकायत की है।
मामला उस समय हुआ, जब नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा के एक कर्मचारी वीआईपी रोड स्थित एक अवैध निर्माण की तफ्तीश करने पहुंचे। नशेमन नामक इस मकान के मालिक मोहम्मद बशीर और उनके बेटे ने इस बात से ही इनकार कर दिया कि जिस जगह की शिकायत की गई है, वह यही जगह है। बात यहीं खत्म हो गई, लेकिन बशीर और उनके परिजन ने थाना कोहेफिजा में इस कर्मचारी की शिकायत करवा दी। उन्होंने निगमकर्मी द्वारा धमकाने और धमकाने की शिकायत की। जिस पर थाने से संबंधित कर्मचारी को बुलाकर पूछताछ की। हालांकि इसमें शिकायत झूठी और निराधार पाई गई।

फिर हुई शिकायत
शासकीय कार्य में बाधा डालने और थाने बुलाकर मानहानि करने पर निगमकर्मी ने पुलिस को शिकायत की है। उन्होंने बशीर और उनके परिजन पर अभद्रता करते का आरोप लगाया है। उन्होंने शासकीय कार्य में बाधा डालने और इस पूरे मामले से मानहानि होने की भी बात अपनी शिकायत में कही है। पुलिस ने निगमकर्मी की शिकायत पर कार्यवाही शुरू कर दी है। जल्दी ही वह बशीर और उनके परिजन को थाने बुलाकर पूछताछ करेगी।

क्या है मामला
वीआईपी रोड पर फैली शत्रु संपत्ति में कई अवैध निर्माण कर लिए गए हैं। इनमें से एक नशेमन नामक मकान भी है। नगर निगम के पूर्व कर्मचारी बशीर अहमद ने यह निर्माण बिना विधिसम्मत कागज़ों के कर लिया है। फर्जी हिबानामे और दस्तावेज के इस निर्माण के लिए नगर निगम से अनुमति भी नहीं ली गई है। साथ ही इसके खरीदी बिक्री में भी अनियमितताएं अपनाई गई हैं। इन सब मामलों को लेकर नगर निगम में शिकायत की गई है। जिसकी जांच के लिए निगमकर्मी पहुंचा था। जिसे लेकर बशीर और उनके बेटे ने हठधर्मिता दिखाते हुए कार्य को रोका था। साथ ही इसकी झूठी शिकायत भी पुलिस को कर दी गई थी।

राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद में प्रदेश सचिव बने हर्षिता तिवारी

भोपाल। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा और संरक्षक एडवोकेट एपी सिंह, सुप्रीम कोर्ट महाधिवक्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष अमित द्विवेदी की अनुशंसा पर मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद संगठन का विस्तार किया है।
द्विवेदी ने लेटर जारी कर प्रदेश कार्यकारिणी में जबलपुर से  पत्रकार हर्षिता तिवारी को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।
पत्रकार सुरक्षा परिषद ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की, नियुक्ति होने के बार हर्षित तिवारी का कहना हैं, वह पत्रकार हित में कार्य करेंगे, ओर पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू करवाने का अथक प्रयास करेंगे ।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव पंचायतों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने राज्य स्तरीय कार्यशाला का आज करेंगे शुभारंभ

कार्यशाला में 24 से 26 नवंबर तक कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंन्वेंशन सेंटर में होगा मंथन

जीतेन्द्र सेन
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने के लिए राज्यस्तरीय कार्यशाला का आज सोमवार को शुभारंभ करेंगे। कार्यशाला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 24 से 26 नवंबर तक कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंन्वेंशन सेंटर, भोपाल में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में तीन दिन तक मंथन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव वाटर शेड महोत्सव का शुभारंभ के साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को पुरस्कृत करेंगे।
कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल,जगदीश देवड़ा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, संपतिया उइके, कुंवर विजय शाह, राधा सिंह समेत बड़ी संख्या में जन-प्रतिनिधि, विषय-विशेषज्ञ व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

कार्यशाला का उद्देश्य:

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को प्रशासनिक, वित्तीय एवं सामुदायिक स्तर पर मजबूत बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना है। इसके अंतर्गत स्थानीय शासन की पारदर्शिता व जवाबदेही, मनरेगा, आजीविका मिशन, सामाजिक अंकेक्षण, डिजिटल ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग, वित्तीय प्रबंधन एवं पंचायत शासन, “स्‍वनिधि से समृद्धि” अभियान, वाटरशेड परियोजनाओं का क्रियान्वयन, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ ग्राम तथा विभिन्न राष्ट्रीय योजनाओं का प्रभावी संचालन, पेसा ग्राम सभाओं की वर्तमान स्थिति एवं सफल क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा और प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एसडीएम आशुतोष शर्मा ने दो मतदान केंद्रों के बीएलओ को 100% कार्य पूर्ण करने पर किया सम्मानित

जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। ग्रामीण बैरसिया विधानसभा क्षेत्र क्र.149  में एसआईआर के अंतर्गत गणना पत्रक वितरण कार्य एवं डिजिटाइजेशन करने में दो मतदान केन्द्रों के बीएलओ द्वारा सौ.प्रतिशत कार्य पूर्ण करने पर बैरसिया अनुविभागीय अधिकारी आशुतोष शर्मा द्वारा मतदान केन्द्र क्र.186 पर पहुंचकर बीएलओ सरिता ठाकुर और  मतदान केन्द्र क्रमांक-86 के बीएलओ लाल सिंह जाटव को पुष्पमालाओं के साथ पुष्पगुच्छ भेट कर सम्मानित किया गया और उनके द्वारा किए गए कार्य की एसडीएम आशुतोष शर्मा ने प्रशंसा की। इस दौरान जनपद सीईओ देवेश सराठे बीएलओ समेत ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

जय के सुसराल भोपाल में भी हैं वीरू के चाहने वाले… निधन पर छाया शोक

हर साल मनाते थे जन्मदिन, काटते थे केक
दीवानगी ऐसी कि धरम के सिवा देखी नहीं किसी की फिल्म

खान आशु
भोपाल। जय और वीरू का दोस्ताना जगजाहिर है..! जय का सुसराल भोपाल में है तो वीरू के चाहने वालों की भी यहां कमी नहीं है। लेकिन इनमें एक चाहने वाला ऐसा भी है, जो धर्मेंद्र की सालगिरह पर केक काटने का सिलसिला बरसों से बनाए हुए हैं। इस मौके पर मिठाई बांटकर भी वे खुशियां मनाते हैं। धरम के लिए उनकी दीवानगी का आलम यह है कि उन्होंने अपने बचपन से अब तक धर्मेंद्र के अलावा किसी एक्टर की फिल्म ही नहीं देखी।
पुराने भोपाल का इमामी गेट इलाका। यहां स्थित है एक सैलून। नाम है मॉडर्न सैलून। यहां जिस शख्स का राज है, उनका वास्तविक नाम अधिकांश लोग जानते भी न होंगे। अब उनका नाम धरम ही प्रचलित हो गया है। दुकान में प्रवेश करते ही धर्मेंद्र के लिए दीवानगी पोस्टर, फोटो, पेपर कटिंग्स आदि से दिखाई दे जाएगी। दसों तरह के फोटो यहां मौजूद हैं, जिनमें धर्मेंद्र विभिन्न मुद्राओं में दिखाई देते हैं।

सिर्फ धरम
धर्मेंद्र के लिए धरम की दीवानगी बहुत लड़कपन में ही शुरू हो गई थी। धर्मेंद्र की शुरुआती फिल्मों से बढ़ा रुझान कब अंदर तक समा गया, उन्हें पता ही नहीं चला। स्कूल के टाइम से लेकर कारोबारी समय तक धर्मेंद्र के लिए काम को दूसरे क्रम को रखना उनकी आदत हो गया। धर्मेंद्र की हर फिल्म को कई बार देखना उन्होंने अपने जरूरी कामों में शामिल कर लिया। फिल्मों से मन नहीं भरने पर उन्होंने धर्मेंद्र अभिनीत फिल्मों की वीडियो कैसेट और सीडी का भी जखीरा जमा कर लिया। धरम ने टॉकीज के समय काल में महज धर्मेंद्र की फिल्में देखी। एक एक फिल्म को कई कई बार देखा। थियेटर में धर्मेंद्र की फिल्म रिलीज होना किसी त्यौहार की तरह होता था, इसे अपने दोस्तों को दिखाना भी वे न भूलते थे।

धर्मेंद्र के बाद सनी और बॉबी भी
धर्मेंद्र की फिल्मों का जब बाजार कम हुआ तो धरम ने सनी और बॉबी देओल की फिल्में भी उसी चाव और उत्साह के साथ देखीं। सनी और बॉबी में भी उन्हें धर्मेंद्र की झलक मिलती थी। उन्हें वे धर्म परिवार का अहम हिस्सा करार देते हुए उसी समान स्नेह देते थे।

मुंबई भी पहुंचे
धरम के ऊपर जब धर्मेंद्र का नशा सिर चढ़कर बोलता था, तब वे अपने प्रिय हीरो से मिलने मुंबई भी जा पहुंचे थे। बड़ी मशक्कतों के बाद आखिर उनकी मुलाकात धर्मेंद्र से हो गई। इसके लिए उनके मददगार खुद धर्मेंद्र के पिता मददगार बने थे। इस यात्रा में उन्हें मुंबई के रंग देखने को भी मिले और वहां के कुछ लोगों से मिलने का मौका भी मिला।

मनाते हैं सालगिरह
धरम के अलावा भी धर्मेंद्र के दीवानों की शहर में मौजूदगी है। जिन्होंने धर्मेन्द्र के लिए एक क्लब भी बनाया है। हर साल धर्मेंद्र की सालगिरह पर सेलिब्रेशन किया जाता है। केक काटा जाता है। मिठाई बांटकर जश्न मनाया था।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu