Bhopal News : शेरवानी पहने, होंठों पर तराना लिए जुटे AMU ओल्ड बॉयस, मना सर सैयद डे… जानिए कैसा था माहौल

खान आशु
भोपाल। खुशियों से दमकते चेहरे, कॉलेज लाइफ को याद करते किस्से, बदन पर काली शेरवानी और जुबां पर AMU तराना… पुराने दोस्तों से मिले कई यादें ताजा हो गईं… साथ भावी पीढ़ी को भी लेकर आए थे, ताकि उन्हें भविष्य की तस्वीर दिखाई जा सके…!
नजारा राजधानी भोपाल में सर सैयद डे पर आयोजित कार्यक्रम के मौके पर बना। शहर और प्रदेश के वे लोग यहां मौजूद थे, जिन्होंने अपनी शिक्षा का थोड़ा या ज्यादा समय अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में गुजारा है। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ओल्ड बॉयस एसोसिएशन के इस कार्यक्रम में AMU में लंबा समय गुजार चुके बृज मोहन शर्मा भी मौजूद थे। शिक्षा के बाद कई शहरों का सफर तय कर अब भोपाल में बस गए शर्मा को इस कार्यक्रम में खास सम्मान से मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महा कौशल उद्योग समूह के नवाब रज़ा थे। मुंशी हुसैन खां टेक्निकल इंस्टीट्यूट के सैयद इफ्तिखार अली और ओल्ड बॉयस एसोसिएशन के अध्यक्ष आजम अली खान भी इस कार्यक्रम के मेहमानों में शामिल थे।

सम्मान मिले, तोहफे भी
AMU ओल्ड बॉयस एसोसिएशन ने इस साल से दो अवार्ड शुरू किए हैं। इनमें मोहम्मद मुमताज मेमोरियल अवॉर्ड से आशा निकेतन हॉस्पिटल के डॉ जस्टिन जेवियर लोबो और एडिशनल प्रोफेसर एम्स डॉ रियाज अहमद को
काजी इकबाल मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उन लोगों को भी सम्मान दिया गया, जिन्होंने अपने कामों से पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष सहयोग दिया है। इस कड़ी में भरत तलरेजा, 1. भारत तलरेजा, सैफ आज़म और हारिस असलम नवाजे गए। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें सर सैयद अहमद खान से जुड़े गए सवालों एक सही जवाब देने वाले बच्चों को तोहफे दिए गए। इसके अलावा एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता के रूप में निदा खान, सायरा सुल्तान, जीनत खान पुरस्कारों से नवाजी गईं।   

सामाजिक समरसता के अगुआ थे सर सैयद
कार्यक्रम के दौरान डॉ. आजम ने सर सैयद अहमद खान की राष्ट्रीय एकता की विचारधारा और कार्यों से अवगत कराया। साथ ही उनके मानवतावाद के पहलू पर प्रकाश डाला। डॉ. तस्नीम हबीब ने प्रशासनिक दायित्वों का उत्कृष्टता से निर्वहन किया। आभार प्रदर्शन डॉ. आसिफा यासीन ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में AMU तराना गया गया। राष्ट्र गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

भोपाल के बाद झाबुआ में मिली एक और ड्रग फैक्ट्री, 168 करोड़ की ड्रग्स  जप्त !

मेघनगर की फैक्ट्री से एमडी ड्रग्स जब्त, डायरेक्टर सहित 4 गिरफ्तार

भोपाल! भोपाल के बाद अब झाबुआ जिले के मेघनगर की एक फैक्ट्री से 168 करोड़ रुपए की मेफेड्रोन (एमडी ड्रग्स) जब्त की गई है। शनिवार को डायरेक्टोरेट रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री पर दबिश दी। इसमें 36 किलो ड्रग पाउडर रूप में और 76 किलो लिक्विड रूप में यानी कुल 112 किलो जब्त की गई। फैक्ट्री के डायरेक्टर सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, टीम मेघनगर फौजी के नाम की कंपनी में पहुंची थी। फैक्ट्री मालिक गुजरात का बताया जा रहा है। उसका नाम विजय है। डीआरआई ने अपने स्तर पर स्वतंत्र रूप से ये कार्रवाई की है। टीम ने यहां से टेस्टिंग के लिए कुछ सैंपल भी लिए हैं। ड्रग्स के अलावा डीआरआई की टीम ने कुछ कच्चा माल और मशीनें भी जब्त की हैं।

फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। बता दें कि 6 अक्टूबर को गुजरात एटीएस और नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने भोपाल के बगरोदा स्थित एक बंद फैक्ट्री में छापेमारी की थी। यहां से 1814 करोड़ की एमडी तैयार करने वाला सामान जब्त किया था। इसके बाद एक गोदाम से भी 350 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी।

साइबर ठगी से निपटने नियुक्त होंगे कंसल्टेंट, कंप्यूटर साइंस, IT एक्सपर्ट्स की होगी भर्ती

भोपाल। प्रदेश में साइबर ठगी के मामलों में तेजी से वृद्धि के बाद देश-दुनिया में ठगों के नेटवर्क तक पहुंचने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस विभाग में पहली बार साइबर कंसल्टेंट्स (सलाहकारों) की भर्ती होने जा रही है। पहले चरण में 26 पदों पर नियुक्ति होगी। कंसल्टेंट कंप्यूटर साइंस, आइटी आदि में स्नातक या पीजी डिग्री वाले होंगे। इनकी नियुक्ति से साइबर ठगों को पकड़ना और ठगी की राशि को वसूलने के काम में तेजी आने की उम्मीद है।

डिजिटल अरेस्ट जैसी स्थितियों से निपटेंगे
साइबर ठगों ने इसी वर्ष जुलाई तक प्रदेश के लोगों के लगभग 300 करोड़ रुपये ठगों ने उड़ा लिए, इसमें भी लगभग 12 प्रतिशत राशि ही मिल पाएगी। कंसल्टेंट के अतिरिक्त प्रदेश में अगले वर्ष नौ साइबर कमांडो भी पदस्थ किए जाएंगे। इन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से छह माह का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। डिजिटल अरेस्ट जैसी स्थिति में इनकी सेवाएं उपयोगी साबित होंगी।

इसी वर्ष भर्ती प्रक्रिया होगी शुरू
कंसल्टेंट के पदों पर इसी वर्ष भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी है। इन्हें बहुत ज्यादा विशेषज्ञता वाले काम सौंपे जाएंगे। जिस तरह से साइबर अपराध के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं, उनसे निपटने के लिए भी उन्हें तैयार किया जाएगा। पहले से कंप्यूटर साइंस एवं आइटी क्षेत्र की पृष्ठभूमि से होने के कारण इनके लिए समस्याओं से निपटना आसान होगा। बता दें, वर्तमान में आरक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देकर साइबर थाना व जिलों में पदस्थ किया गया है।

यह काम करेंगे कंसल्टेंट
सरकारी या निजी कार्यालयों के साफ्टवेयर की हैकिंग को पकड़ने और सुधार का काम।

जामताड़ा, मेवात, अहमदाबाद, हैदराबाद, चंडीगढ़, विशाखापत्तनम, गुवाहाटी आदि स्थानों से होने वाली ठगी की घटनाओं के तरीकों का पता करना और रोकथाम के उपाय सुझाना।

साइबर अपराध की घटनाओं का विश्लेषण, जैसे-कहां से किस तरह के अपराध हो रहे हैं।

साइबर अपराध संबंधी फोरेंसिक लैब में परीक्षण कार्य।

पुलिसकर्मियों को मूलभूत बातों का प्रशिक्षण देना।

साइबर अपराध से जुड़ी नीतियां बनाने में तकनीकी सहयोग देना।

MP News : हिंदुओं को बड़े भाई की तरह मुस्लिमों का ख़्याल रखना होगा

पैग़ंबर का पैग़ाम, इंसानियत के नाम आयोजन में प्रबुद्धजनों ने रखे विचार

भोपाल। बहुसंख्यक हिंदुओं को अल्पसंख्यक मुस्लिमों का बड़े भाई की तरह ख़्याल रखना होगा। उनका विश्वास जीत कर सुरक्षा के प्रति उन्हें आश्वस्त करना होगा। इस्लाम अपने प्रारंभिक दौर में ही व्यापारियों के माध्यम से भारत पहुंच चुका था। समाज में वैमनस्य घोलने वालों को पैग़ंबर हज़रत मुहम्मद के तरीक़े से जवाब देना होगा।
पैग़ंबर का पैग़ाम, इंसानियत के नाम कार्यक्रम में उक्त बातें कही गईं। क़ाफ़िला मुहब्बत का, पारिवारिक दस्तक और स्टेट प्रेस क्लब, मप्र द्वारा होटल ला मेरियट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रेदश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी की पदयात्रा व मुहब्बत की दुकान का ज़िक्र करते हुए कहा कि गीता, कुरआन के साथ अन्य धर्म ग्रंथों का सार इंसानियत है, यह संदेश है कि अच्छे इंसान कैसे बनो। यही पैग़ाम हज़रत मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलयहि व सल्लम) ने भी दिया।
उनके मुताबिक़ सनातन धर्म में भी यही संदेश है मगर आज घृणा आधारित सांप्रदायिक राजनीति करने वालों ने इसे बदनाम कर दिया। यह देख कर दुख होता है। घृणा की राजनीति करने वालों को कठघरे में खड़ा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि नफ़रत की इस आग के ख़िलाफ़ एकजुट होना हिंदुओं की जवाबदारी है। बहुसंख्यकों की ज़िम्मेदारी बनती है कि वे बड़े भाई की तरह अल्पसंख्यकों का ध्यान रखें। मुसलमानों को विश्वास में लेने और उनकी सुरक्षा की ज़िम्मेदारी भी हमारी है। गुप्त प्रचार से समाज में नफ़रत फैलाने वालों की विशेषता है। इन्होंने पढ़े-लोगों में भी नफ़रत का ज़हर भर दिया है। उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा को भी इन लोगों ने संकीर्ण कर दिया है। वे इतने झूठे हैं कि मुसलमानों की आबादी हिंदुओं से बढ़ जाने का झूठ बोलते हैं। आंकड़ों से इसे ग़लत क़रार देते हुए उन्होंने कहा, इस पर मैं किसी भी मंच बहस के लिए तैयार हूं।

विशेष अतिथि जयपुर के इस्लामिक स्कॉलर हाफ़िज़ मंज़ूर अहमद ने बताया कि अपने प्रारंभिक दौर में ही व्यापारियों के माध्यम से इस्लाम भारत पहुंच चुका था। यह धर्म केरल, तमिलनाडु व गुजरात में समुद्री रास्तों से आए व्यापारियों के ज़रिये भारत की धरती तक आया और फैलता गया न कि यह तलवार के द्वारा फैला जैसा कि दुष्प्रचार किया जाता है।  उन्होंने इस्लाम व मुसलमानों के ख़िलाफ़ दुष्प्रचार की चर्चा करते हुए कहा कि आज जो युद्ध हिंदू-मुस्लिम शासकों की जंग कह कर प्रचारित किए जाते हैं, वे दरअसल राजाओं की लड़ाई हुआ करती थी, न कि हिंदू-मुसलमान की। अगर ऐसा होता तो बाबर व इब्राहीम लोधी के बीच जंग न होती। इसी प्रकार हिंदू राजाओं के बीच भी आपस में युद्ध होते रहते थे। पैग़ंबर साहब की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा हज़रत मुहम्मद ने दो चीज़ें ख़ासतौर से बताई हैं कि धर्म में ज़ोर ज़बर्दस्ती नहीं है तथा दूसरे के पूज्यों को बुरा मत कहो।

इस मौके पर विधायक आरिफ़ मसूद ने मुसलमानों से शिकायत की कि हमीं ने नबी सल्ल. का रास्ता छोड़ दिया, वरना यह हालात नहीं होते । हज़रत मुहम्मद का निरादर करने वालों की बाबत उन्होंने कहा कि इस्लाम, पैग़ंबर साहब व मुसलमानों के बारे में बुरा बोल कर टीआरपी हासिल करने वालों का मक़सद अमन-शांति बनाए रखना या मुल्क की भलाई नहीं है। उनका मक़सद व मंसूबे समझिये व समझदारी से काम लेकर उन्हें नाकाम कर दीजिए। इस बाबत उन्होंने समझदार हिंदुओं की ख़ामोशी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे मुसलमान देश में ख़ुद को अकेला महसूस करने लगता है जबकि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक वह देश के लिए क़ुर्बानियां देता आ रहा है। आज के हालात में भी सब्र कर के वह क़ुर्बानी दे ही रहा है।

मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने हज़रत मुहम्मद की क्षमाशीलता व सहनशीलता का वर्णन करते हुए बताया कि साथ ही साथ उन्होंने ईमानदारी, अमानतदारी व सब्र का पाठ पढ़ाया। आयोजकों की सरपरस्ती कर रहे सलीम अंसारी ने इस्लाम का परिचय देते हुए हज़रत मुहम्मद की शिक्षाओं का उल्लेख किया। शहर क़ाज़ी डॉ. इशरत अली ने वर्तमान माहौल में घोली जा रही नफ़रत पर चिंता जताते हुए मार्गदर्शन दिया कि हमें पड़ोसी क़ौम को समझाना होगा। मंच पर शेख अलीम, सलीम दस्तक, अनवर दस्तक, सलीम अंसारी, अम्मार अंसारी, नूरी खान भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन स्टेट प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल व रईस निज़ामी ने किया। आभार नूरी ख़ान ने व्यक्त किया । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अमन पसंद, गणमान्य एवं प्रबुद्धजन शामिल थे।

MP News : बात सर सैयद अहमद की, मप्र के विद्वान करेंगे चर्चा, जानें क्या है पूरा प्रोग्राम

खान आशु
भोपाल। शिक्षा को लेकर देश दुनिया में अलख जगाने वाले सर सैयद अहमद की 207वीं जयंती का जश्न उप्र के गाजीपुर में मनाया जाएगा। सैयद की उपलब्धियों, उनकी बनाई गई शिक्षा तहरीर और इसको आगे बढ़ाने की कोशिशों पर इस दौरान बात की जाएगी। इस आयोजन को संबल देने देशभर के शिक्षाविद और साहित्यकार जुटेंगे। इस कड़ी में मप्र के कई बड़े नामों को भी शामिल किया गया है।
जानकारी के मुताबिक देश के नामवर शिक्षाविद सर सैयद अहम की 207वीं जयंती पर एमएएच इंटर कॉलेज द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संस्था के प्राचार्य खालिद आमिर और प्रवक्ता डॉ रूह उल्लाह ने बताया कि संस्था शिक्षा, संस्कृति, सौहाद्र को केंद्र में रखकर आयोजन करती रही है। सर सैयद अहमद की शैक्षणिक उपलब्धियों से दुनिया अब भी लाभान्वित है। भविष्य में भी इससे स्टूडेंट्स को फायदा  मिलता रहेगा।

प्रदेश के विद्वान रहेंगे शामिल
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि सर सैयद अहमद के व्यक्तित्व पर बात करने के लिए देशभर के ख्यात वक्ताओं को बुलाया गया है। इनमें मप्र से रिटायर आईपीएस एमडब्ल्यू अंसारी, वरिष्ठ पत्रकार डॉ महताब आलम, अंतर्राष्ट्रीय शायर डॉ अंजुम बाराबंकवी आदि शामिल हैं। इनके अलावा आईपीएस इराज राजा, एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल्स संस्था के अध्यक्ष आमिर इदरीसी, डॉ शंभूनाथ तिवारी, प्रो डॉ आफताब अहमद आफाकी आदि कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

चित्र प्रदर्शनी भी रहेगी आकर्षण
इस एक दिवसीय आयोजन के दौरान सर सैयद अहमद की जिंदगी को दर्शाती एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। रिटायर आईपीएस एमडब्ल्यू अंसारी द्वारा संजोई जाने वाली इस प्रदर्शनी में कुछ विलक्षण फोटो, किताबें, चिट्ठियां और सर सैयद से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध रहेंगे।

विजयादशमी पर सम्पन्न हुआ शस्त्र पूजन, निकाला पथ संचलन

भोपाल। राष्ट्रीय बजरंग दल अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन किया। इस मौके पर माँ कर्मा देवी मंदिर से करोंद चौराहे तक पथ संचलन निकाला गया जिसमें बड़ी संख्या में हिंदूवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रीय बजरंग दल के महानगर अध्यक्ष राजा भैया ने बताया कि कार्यक्रम में भोपाल के अनेकों स्थानों से कार्यकर्ता सम्मिलित हुए, आयोजन में उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत सत्कार महानगर और इकाई कार्यकर्ताओं ने किया।

अपने संबोधन में बोलते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ दुर्गेश केसवानी ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं से भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने में पूरे मनोयोग से जुट जाने का आह्वान किया वहीं संगठन के प्रांत अध्यक्ष कमलेश ठाकुर ने लव जिहाद के प्रति हिन्दू समाज की बेटियों को जागरूक करने की बात कही। आयोजन में जिला कार्यकारी अध्यक्ष जीतेंद्र शिवहरे प्रांत उपाध्यक्ष सुनील जैन अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष कैलाश गौर जिलामंत्री अशोक यादव जिला कोषाध्यक्ष पंडित राजीव द्विवेदी जिला उपाध्यक्ष नारायण चंदेल जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू हिम्मत सिंह अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद जिला महामंत्री अमन श्रीवास्तव जिला सह मंत्री सीताराम साहू राष्ट्रीय बजरंग दल कार्यकारी अध्यक्ष  मनोज अहिरवार जिला उपाध्यक्ष सूरज यादव जिला उपाध्यक्ष राष्ट्रीय बजरंग दल अनुज ठाकुर जिला उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह ठाकुर राष्ट्रीय बजरंग दल महामंत्री विवेक पांडे जिला मंत्री गोलू गोस्वामी उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव प्रांतीय पदाधिकारी  शामिल हुए।

AIRA का देशव्यापी अभियान, हर प्रदेश में लगा रहे पत्रकार सुरक्षा की गुहार

भोपाल। पत्रकार हित के लिए सक्रिय संस्था ऑल इंडिया रिपोर्टर्स एसोसिएशन देशभर में अभियान चला रही है। जिसमें पत्रकार सुरक्षा और उनके लिए सुविधाओं की आवाज बुलंद की जा रही है। उसी कड़ी में संस्था के प्रतिनिधि मंडल ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
आईरा इंटरनेशनल रिपोर्टर्स एसोसिएशन (आईरा) के प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ तारिक जकी के प्रतिनिधित्व में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से  विशेष भेंटवार्ता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में पत्रकार हितों पर चर्चा की और संगठन की ओर से 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान पत्रकारों के विभिन्न मुद्दों विस्तारपूर्वक बात की।
बता दें कि आईरा संगठन लंबे समय से देशभर में पत्रकार हितों के मुद्दे शासन प्रशासन स्तर पर गंभीरता के साथ उठाता आ रहा है। 26 प्रदेशों में संगठन के द्वारा पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को शासन के पटल पर रखा जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सैयद आसिम अजहर और प्रदेश महासचिव रिजवान अहसन सहित पांच सदस्यों की एक टीम ने बेंगलुरु से आए प्रदेश अध्यक्ष डॉ तारिक जकी के साथ देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से एक शिष्टाचार भेंट वार्ता की।
संगठन के इस शिष्ट मंडल द्वारा की गई चर्चा में मुख्य रूप से पत्रकारों पर हो रहे हमले तथा पुलिस द्वारा द्वेष भाव से किए जा रहे पत्रकारों पर मुकदमो पर चिंता व्यक्त की गई। छोटे मझौले समाचार पत्रों के अस्तित्व के खतरे तथा पोर्टल, वेब चैनल और यूट्यूब के माध्यम से खबरों के प्रसारण करने वाले पत्रकारों को भी अन्य समाचार पत्रों के समान सुविधा एवं सम्मान दिए जाने के संदर्भ में भी चर्चा हुई।
संगठन की ओर से पांच सूत्रीय  मांग पत्र मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया। जिसमें निवेदन किया गया कि पत्रकारों के सम्मान पूर्वक जीवन के लिए देशभर में पत्रकार सुरक्षा कानून की अत्यंत आवश्यकता है, इसको लागू किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने पांच सूत्रीय मांग पत्र को ध्यान से पढ़ा और संगठन को आश्वासन दिया कि मांग पत्र में दिए गए सभी मुद्दों पर गहन विचार होगा तथा वर्षों से चली आ रही पत्र का सुरक्षा कानून की मांग पर सरकार विचार कर रही है। इसके विभिन्न पहलुओं पर सरकार का रुख गंभीर है तथा भाजपा सरकार द्वारा इस दिशा में प्रयास जारी है।

Iztima News : जमातों की आवाजाही तेज, अगले महीने पहुंचेंगी भोपाल, शामिल होंगे इज्तिमा में, जानें क्या है आयोजन

खान आशु
भोपाल। दुनिया के तीसरे सबसे बड़े मजहबी समागम के नाम से पहचाने जाने वाले आलमी तबलीगी इज्तिमा की तारीखों के ऐलान के साथ जमातों की हलचल तेज हो गई है। दिल्ली स्थित मरकज पहुंच रही देश भर की जमातों को दिए जा रहे शेड्यूल में इस बात को शामिल किया गया है कि वे अगले महीने के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक भोपाल पहुंच जाएंगे।
आलमी तबलीगी इज्तिमा का आयोजन इस बार नवम्बर माह में किया जाएगा। चार दिन के इस आयोजन की शुरुआत 29 तारीख से होगी। इस लिहाज से दुआ ए खास का आयोजन 2 दिसंबर को होगा। उम्मीद की जा रही है कि इस आयोजन में इस बार करीब 12 लाख तक जमाती शामिल होंगे। इनमें देशभर की जमातों के साथ दुनिया के कई देशों के जमाती भी शामिल रहेंगे।

मरकज पहुंच रहीं जमाते
देशभर से अल्लाह की राह में निकलने वाली जमाते दिल्ली मरकज पहुंच रहीं हैं। बताया जाता है कि यहां से तय किए जाने वाले शेड्यूल में इस तरह का रास्ता तय किया जा रहा है, जिसमें जमातों को अगले महीने भोपाल पहुंचना है। आलमी तबलीगी इज्तिमा में शामिल होने के बाद ही यह अपने अगले सफर पर रवाना होंगे।

यहां तैयारियां तेज
करीब डेढ़ सौ एकड़ एरिया में आयोजित किए जाने वाले आलमी तबलीगी इज्तिमा के लिए ईंट खेड़ी घासीपुरा पर तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। जमीन समतलीकरण और फसलों की कटाई के बाद यहां बिजली, पानी, सड़क के इंतजाम शुरू किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने इसके लिए नगर निगम, पीएचई, पीडब्लूडी, बिजली विभाग समेत अन्य विभागों को जरूरी हिदायत दे दी हैं।

क्या होता है इज्तिमा में
चार दिन के इस मजहबी समागम के दौरान देशभर के बड़े उलेमा शामिल होते हैं। पहले दिन अल सुबह फजिर की नमाज के बाद यहां उलेमाओं की तकरीर और बयान का सिलसिला शुरू हो जाता है। इसके बाद दोपहर और शाम को भी बयान का सिलसिला जारी रहता है। इस बीच तय समय पर यहां नमाज होती हैं। जिसमें एक साथ लाखों लोग एक साथ सजदे करते हैं। चार दिन के इस आयोजन में जुमा की नमाज भी खास होती है। आखिरी दिन होने वाली दुआ ए खास में शामिल होने के लिए भी बड़ी तादाद में लोग पहुंचते हैं। इसके अलावा इज्तिमा के दौरान सादगी के साथ होने वाले निकाह भी खास होते हैं। इज्तिमा समापन पर बड़ी तादाद में जमातों की रवानगी भी होती है, जो देश के विभिन्न प्रदेशों के अलावा कई विदेशी मुल्कों तक भी जाती हैं।

MP News : अधूरी वक्फ मंशा : आवेदन 4000 हजार पार, स्कॉलरशिप 10 फीसदी को, वजह वक्फ किरायादारों की बदनीयत, जाने क्या है मामला

खान आशु
भोपाल। मप्र वक्फ बोर्ड ने तय किया, प्रदेशभर की संपत्तियों से मिलने वाली आमदनी का आधा हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया जाएगा। इस मंशा को पूरा करने तैयारियां भी शुरू कर दी गईं। लेकिन बरसों से जारी लचर व्यवस्था ने फिर ठेंगा दिखा दिया। न मुतवल्लियों से निर्धारित रकम मिल पाई, न जरूरतमंद बच्चों को स्कॉलरशिप मिल पाई। शिक्षा की ललक पूरी करने 4 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स में से मप्र वक्फ बोर्ड महज 10 फीसदी बच्चों को ही स्कॉलरशिप मिल पाई है।
मप्र वक्फ बोर्ड ने राजधानी भोपाल में स्कॉलरशिप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान 244 लड़कियों और 110 लड़कों सहित कुल 354 स्टूडेंट्स को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए। जिला मुतवल्ली कमेटी के कार्यपालक अधिकारी डॉ. अकमल यज़दानी ने बताया कि स्कॉलरशिप के लिए इस वर्ष कुल 4003 आवेदन प्राप्त हुए थे। मेरिट के आधार पर 244 लड़कियां और 110 लड़कों सहित कुल 354 छात्रों का चयन किया गया, जिन्हें प्रोफेशनल कोर्सेस और पीएचडी तक की पढ़ाई के लिए सहायता प्रदान की गई।

बोर्ड अध्यक्ष ने बताई वजह
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद मप्र वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनव्वर पटेल ने कहा कि
औकाफ़-ए-आम्मा जिला मुतवल्ली कमेटी के अंतर्गत करीब 4 हजार किरायेदार मौजूद हैं। यदि समय पर इनसे  किराया प्राप्त हो जाए तो वक़्फ़ की आमदनी का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। इससे जन कल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम किए जा सकते हैं। डॉ पटेल ने बताया कि वक़्फ़ जायदाद की कुल आमदनी का 93 प्रतिशत मुतवल्लियों और प्रबंध समितियों के पास रहता है। जबकि महज 7 फीसदी राशि वक्फ बोर्ड में जमा होती है। डॉ सनव्वर पटेल ने बताया कि वक़्फ़ बोर्ड ने शिक्षा नीति के अंतर्गत आय का 50 प्रतिशत केवल शिक्षा पर खर्च करने का सर्कुलर जारी किया है, ताकि समाज के बच्चों को पढ़ाई के अधिक अवसर मिल सकें। लेकिन मुतवल्लियों से समय पर और उचित राशि जमा न होने से शिक्षा की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। डॉ. पटेल ने कहा कि शिक्षा ही वह नींव है, जो किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी होती है। मध्यप्रदेश वक़्फ़ बोर्ड समाज के कमज़ोर वर्गों की शिक्षा के लिए समर्पित रहा है, और इस स्कॉलरशिप वितरण का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को शिक्षा के महत्व का एहसास कराना भी है। डॉ. पटेल ने कहा  कि वक़्फ़ बोर्ड द्वारा चलाई जा रही योजनाओं जैसे विधवा पेंशन, गरीबों की आर्थिक सहायता और बेटियों की शादी के लिए तोहफे, सभी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज को हर स्तर पर सशक्त बनाना है।उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज के लिए एक उदाहरण बनें और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस अवसर पर
काज़ी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी, मुफ्ती-ए-शहर अबुल कलाम खान कासमी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एम एजाज खान , जिला अध्यक्ष शहरयार अहमद शेरू, वक्फ जिला कमेटी अध्यक्ष इरशाद अंसारी आदि भी मौजूद थे।

इस्लाम में शिक्षा को प्राथमिकता : उलेमा
समारोह में क़ाज़ी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी और मुफ्ती अबुल कलाम कासमी ने भी उपस्थित छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने इस्लाम में शिक्षा की अनिवार्यता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस्लामी इतिहास में शिक्षा हमेशा से प्राथमिकता रही है। उन्होंने बच्चों को अपने समय का सदुपयोग कर अपनी शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी, ताकि वे एक अच्छे इंसान बनकर समाज और देश की सेवा कर सकें।

Bhopal News : AIMIM कोर कमेटी सदस्य ने धमकाया, हुई थाने में शिकायत, जानें पहले किन विवादों में रहे हैं शामिल

खान आशु
भोपाल। हैदराबाद वाले असद उद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) मप्र में जितने कदम आगे नहीं बढ़ पाती, उससे कई गुना अधिक रफ्तार से पीछे जा पहुंचती है। उसकी इस स्थिति को मजबूत करने में वही लोग शामिल हैं, जिन्हें प्रदेश में पार्टी को ऊंचाई तक ले जाने के लिए झंडा थमाया गया है। इसी कड़ी को मजबूत करने में अब कमेटी के कोर सदस्य ने भूमिका निभाई है। सरेराह धमकाने, गाली गलौज करने और भविष्य में बड़ा नुकसान पहुंचाने की चेतावनी देने के आरोप में उनके खिलाफ थाने में FIR की गई है।
AIMIM की कोर कमेटी सदस्य ताहिर अनवर और उनके साथी शोएब के खिलाफ थाना तलैया में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता मुफ्ती उवैस रहमानी ने बताया कि वे एक यू ट्यूब न्यूज चैनल और अखबार के संपादक हैं। उन्होंने ताहिर अनवर की पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर कई बार समाचार प्रकाशित किए हैं। जिसको लेकर ताहिर उनको लगातार धमकाते रहते हैं। रहमानी ने अपनी शिकायत में कहा है कि वे गुरुवार को अपने काम से जा रहे थे। इसी दौरान ताहिर अनवर और शोएब ने उन्हें रोका और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी है। उवैस रहमानी की शिकायत पर थाना तलैया ने ताहिर अनवर और शोएब के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की है।

लगे हैं कई आरोप
AIMIM के जिला कमेटी में शामिल किए गए ताहिर अनवर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर पूर्व में भी कई आरोप लग चुके हैं। उन पर पार्टी तोड़ने, नगर निगम चुनाव के दौरान पार्टी हाइकमान ओवैसी की सभा के नाम पर चंदा करने,  पार्टी के बी फॉर्म बेचने आदि के इल्जाम हैं। इन्हें लेकर AIMIM मुख्यालय से लेकर पार्टी के प्रदेश प्रभारी सैयद मिन्हाज उद्दीन तक से शिकायतें की गईं हैं।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu