Bhopal News : दुनिया की भागदौड़ में अल्लाह के हुक्म को न भूलें, कहा पंजाब के शाही ईमाम ने, जानें पूरा कार्यक्रम

भोपाल। पंजाब के शाही ईमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी एक दिवसीय यात्रा पर भोपाल में थे। इस दौरान उन्होंने शहर में अलग अलग स्थानों पर मजहबी महफिलों में शिरकत की। उन्होंने अपने उद्बोधन में अल्लाह और उसके प्यारे रसूल के बताए रास्तों पर जिंदगी गुजारने की ताकीद की। महिलाओं और मर्दों के लिए अलग अलग स्थानों पर हुए आयोजन के अलावा मौलाना ने कुछ निजी मुलाकातें भी की।
राजधानी के ऐशबाग इलाके में आयोजित कार्यक्रम में मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी ने महिलाओं की मजलिस को संबोधित किया। इस दौरान
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि मुसलमान महिलाओं ने हर दौर में इस्लाम की तरक्की और इसकी रक्षा में अद्वितीय भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इस्लामी इतिहास में ऐसी महिलाओं की कहानियाँ भरी पड़ी हैं जिन्होंने न सिर्फ अपने घर-परिवार की जिम्मेदारियाँ निभाईं, बल्कि समाज और उम्मत के लिए भी बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किए।

इंसान समझें दुनिया में आने का मकसद : शाही ईमाम
शाही इमाम साहब ने सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में एक बड़े मजमे को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बयान में फरमाया कि हमारी जिंदगी का असल मकसद सिर्फ दुनिया की ज़रूरतों को पूरा करना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी जिंदगी का मकसद हमारी जिंदगी की ज़रूरतों से ज्यादा अहम है, इसलिए वक़्ती जरूरतों के पीछे अपने मकसद-ए-जिंदगी को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुसलमानों का असल मकसद अल्लाह और उसके रसूल की इत्ताअत और फरमाबरदारी है। शाही इमाम साहब ने अपने खिताब को इसी अहम पैगाम के साथ मुकम्मल किया और अंत में मुसलमानों के बेहतर भविष्य और दीन पर कायम रहने की दुआ की।

मौजूद यह भी रहे
कार्यक्रम में तर्जुमा वाली मस्जिद के मौलाना मोहम्मद अहमद और मध्य विधायक आरिफ मसूद भी मौजूद थे। इस मौके पर नायब शहर काजी मौलाना अली कदर ने कहा कि  इस प्रोग्राम ने भोपाल की महिलाओं में एक नई जागरूकता और इस्लामिक ज्ञान का बीज बोने का काम किया है। जिसने उन्हें अपने किरदार और इस्लामी शिक्षाओं पर गर्व महसूस कराया।

बनी रही दीवानगी
पंजाब के शाही ईमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी की  शहर आमद को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह दिखाई दिया। मौलाना की एक झलक पाने के लिए और उनसे मुलाकात करने या हाथ मिलाने के लिए लोग रेलवे स्टेशन से लेकर कार्यक्रम स्थल और ठहरने के स्थानों पर पहुंचे।

Bhopal News : खोपरा लड्डू… कटोरी चाट… सैंडविच…. नन्हें मुन्नों ने दिखाया जोश, बन गए मास्टर शेफ, जानिए पूरा प्रोग्राम

खान आशु
भोपाल। मम्मा के सामने जिद में पैर पटकने वाले नन्हें मुन्ने कभी जिम्मेदारी भी ले सकते हैं। फास्ट फूड की चाह में पापा के घर पहुंचने से पहले मोबाइल की घंटी बजा देने वाले चुन्नू मुन्नू कभी अपने हाथों से भी कुछ बना सकते हैं। यह सब भी सीमित समय में करना और वह भी इतने स्वाद से इतना भरपूर कि उनकी मेहनत अवार्ड और तोहफे की कतार में अव्वल खड़ा कर सके। नन्हें मुन्नों से भरपूर किड्स होम स्कूल खजराना में बच्चे इसी मशक्कत में जुटे दिखाई दिए। इसके बाद वह पल भी आया, जब नतीजे ऐलान हुए और बच्चे खुशियों भरी किलकारी से आसमान सिर पर उठाए हुए दिखाई दिए।
किड्स होम स्कूल खजराना ने बच्चों में सक्रियता और ऊर्जा भरने कई प्रतियोगिताएं आयोजित की। इनमें एक स्पर्धा फायर लैस कुकिंग भी शामिल थी। छोटी छोटी क्लासेज के नन्हें मुन्ने स्टूडेंट्स इसमें अपने अलग अलग स्वाद रेसिपी मौजूद थे। करीब 38 प्रतिभागी अपने मिशन पर जुटे और चंद मिनटों में ही तरह तरह की डिशेज तैयार कर खड़े हो गए। परिणामों की औपचारिकता का समय आया तो पहले, दूसरे और तीसरे नंबर के विजेताओं के अलावा बाकी प्रतिभागियों को भी विजेताओं की सूची में रखा गया।

लड्डू अव्वल, चाट आई दूसरे नंबर पर
कई तरह के फायर लैस कुकिंग से निकलकर आए स्वादों में कई खट्टे, मीठे, तीखे और फीके पकवान शामिल थे। इनमें पहले नंबर पर अहमद अली अफगान के बनाए गए खोपरा लड्डू रखे गए। दूसरे नंबर पर आई कटोरी चाट को तैयार किया था इबाद जफर ने। उनकी यह डिश स्कूल स्टॉफ और निर्णायकों को बेहद पसंद आई। बिलाल  ने मोनैको बाइट्स  बनाया था, जिसे तीसरे पुरस्कार के लिए चुना गया। जबकि प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रखे गए मूसा और बाकी पार्टिसिपेंट्स को भी प्रोत्साहन पुरस्कार की श्रेणी में रखा गया।

सक्रियता जरूरी
किड्स होम के प्रबंधक और प्राचार्य अब्दुल हमीद मदनी ने कहा कि स्कूली बच्चों को किताबी ज्ञान से ज्यादा उनकी सक्रियता बनाए रखना जरूरी है। व्यवहारिक ज्ञान और शारीरिक व्यायाम की जरूरत को आगे रखते हुए हम विभिन्न आयोजन करते रहते हैं। इसी कड़ी का हिस्सा समय समय पर होने वाली यह प्रतियोगिताएं हैं।

महापौर भार्गव के प्रयास से इंदौर में दौड़ेगी डबल डेकर

इंदौर के इतिहास में पहली बार शहर की सड़को पर दौड़ेगी डबल डेकर बस

इंदौर ।लंबे समय से इंदौर में डबल डेकर बस चलाने को लेकर प्रयासरत महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सफल हो गए है इंदौर की सड़को पर पहली बार डबल डेकर बस दिखाई देगी. डबल डेकर बस को लेकर शहर वासियों का इंतज़ार खत्म होने वाला है बस इंदौर पहुँच गई है जिसको जल्द ही ट्रायल रन पूरा होने एवं रूट तय कर शहरवासियों को विधिवत समर्पित किया जाएगा। बस की लंबाई 9 मीटर है जबकि ऊंचाई लगभग 15 फिट वहीं बस में 60 यात्री एक साथ बैठ कर सफर कर पाएंगे।

MP के सभी कर्मचारियों को 28 अक्टूबर को मिलेगा वेतन।

सीएम ने एक्स पर लिखा विभागों को दिए वेतन देने के आदेश।

जीतेन्द्र सेन
भोपाल:- मध्य प्रदेश के सभी कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन 28 अक्टूबर को दे दिया जाएगा। 1 नवंबर को पड़ रहे दीपावली पर्व को देखते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने निर्धारित तारीख से 4 दिन पहले वेतन देने का निर्णय लिया है। सीएम ने सोशल प्लेटफार्म एक्स पर इसकी सूचना दी। उन्होंने कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम बधाई भी दी है
समस्त शासकीय सेवकों को त्यौहार पूर्व वेतन भुगतान होने से निश्चित ही दीपोत्सव अधिक आनंददायक होगा, मेरी ओर से दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं।

सीएम ने लिखा कि दीपावली पर्व को देखते हुए सभी सरकारी कर्मचारियों को 1 नवंबर के स्थान पर अक्टूबर माह का वेतन 28 तारीख को देने के आदेश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। उन्होंने लिखा कि सभी कर्मचारियों को त्योहार पूर्व वेतन मिलने से निश्चित ही दीपोत्सव का पर्व दीपावली अधिक आनंददायक होगी। आपको बता दें कि इस बार 31 अक्टूबर को दीपोत्सव मनाया जा रहा है, जबकि मध्य प्रदेश में वेतन आहरण के अनुसार कर्मचारियों को वेतन का भुगतान माह की 1 से 10 तारीख के बीच किया जाता है। लगभग सभी कर्मचारी संगठनों ने भी सीएम से दीपावली को देखते हुए 25 अक्टूबर तक वेतन का भुगतान कराने की मांग की थी।

पश्चिम मध्य रेल की सलाहकार समिति के पुनः सदस्य बने कमलेश सेन

भोपाल! पश्चिम मध्य‍ रेल भोपाल मंडल गठित रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति में रेल्‍वे अप डाउनर्स प्रोग्रेसिव वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश सेन को पुन: सदस्य बनाया गया है। रेल मंत्रालय के निर्देश पर रेल बोर्ड यात्री सेवाओं, सुविधाओं और उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए समिति कार्य करती है। कमलेश सेन पूर्व में भी इस समिति के स‍दस्य रह चुके हैं। इस समिति का कार्यकाल 2 वर्ष का है। कमलेश सेन को उनके उल्लेखनीय कार्य को देखते हुए उन्हें यह भार सौंपा गया है। पुन: सदस्य  बनने पर कमलेश सेन ने रेल मंत्री अश्विन वैष्णव, क्षेत्रीय प्रबंधक, मण्डल रेल प्रबंधक भोपाल का आभार व्यक्त  किया।

प्रशिक्षण से सीखी बारीकियां, ताकि गूंजता रहे, ये आकाशवाणी है और आप सुन रहे हैं….!

भोपाल। रेडियो का दौर चरम पर रहा, लोगों के दिल ओ दिमाग और जिंदगियों पर हावी रहा। फिर जमाना बदला, रेडियो और उससे प्रसारित होने वाले प्रोग्राम विलुप्त होते गए। जमाना एक बार फिर बदला, रेडियो ने अपने लिए फिर जगह बना ली। रेडियो से प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों की गुणवत्ता बनी रहे, उसकी ख्याति बढ़ती जाए और इसकी पहुंच मनोरंजन के हर साधक तक हो सके, इसी मंशा के साथ अपडेशन और नवीनीकरण से जुड़ाव के प्रयास जारी हैं।
इसी कड़ी में नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ ब्रॉडकास्टिंग एंड मल्टीमीडिया, भुवनेश्वर द्वारा आकाशवाणी भोपाल के सहयोग से 10 किलोवाट डीबीई एफएम ट्रांसमीटर की ट्रेनिंग एवं वर्कशॉप का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्घाटन आशीष पोतनीस, यशवंत हरिश्चंद्र चिवंडे, और अजीम अहमद हाशमी, उपनिदेशक, की उपस्थिति में किया गया।
नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ ब्रॉडकास्टिंग एंड मल्टीमीडिया (एनएबीएम) प्रसार भारती का एक प्रमुख संस्थान है, जिसका उद्देश्य आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना है। एनएबीएम भुवनेश्वर के उप महानिदेशक आनंद चंद्र सुबुधि द्वारा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, और गुजरात के विभिन्न आकाशवाणी केंद्रों से आए इंजीनियरों को एफएम ट्रांसमीटर के संचालन का विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर, आकाशवाणी भोपाल के उप महानिदेशक यशवंत हरिश्चंद्र चिवंडे और उपनिदेशक अजीम अहमद हाशमी द्वारा सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में  विनय गुप्ता, सहायक निदेशक दूरदर्शन केंद्र भोपाल, सुभाष चंद्र सक्सेना, सहायक निदेशक,  राजीव सक्सेना, सहायक अभियंता, और आकाश ताम्रकार का विशेष योगदान रहा।

रद्दी हमेशा बेकार नहीं होती, इससे कुछ जरूरतें भी पूरी होती हैं, मंथन फाउंडेशन ने चलाया अभियान

भोपाल। जूना, पुराना, कबाड़ा और रद्दी सामान… किसी हरकारे की पुकार पर घर से निकला… कबाड़ी की जेब से कुछ मुड़े टुडे नोट या रेज़गारी निकली… और किस्सा खत्म! लेकिन इससे आगे भी इसकी कोई उपयोगिता हो सकती है। बच्चों की शिक्षा के लिए कोई मिशन भी इस रद्दी के सहारे आगे बढ़ सकता है। दीपावली करीब है, घरों से अनुपयोगी सामान बाहर निकालने की मशक्कत शुरू हो चुकी है। इस दौर में सामाजिक संस्था मंथन फाउंडेशन ने शिक्षा के ध्येय को लेकर अपने अभियान को तेज किया है।
संस्था मंथन फाउंडेशन गत 5 वर्षों से गरीब बच्चों की शिक्षा को लेकर प्रयासरत है। इसके चलते संस्था सदस्य शहर के अलग अलग इलाकों में जाकर रद्दी और कबाड़ सामान जमा कर इससे होने वाली राशि से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर खर्च करती है। संस्था की रितिका जैन ने बताया कि हमने राजधानी में रद्दी कैंपेन 5.0 शुरू किया है। “इस दिवाली आपकी रद्दी हमारे काम आएगी, बच्चों को शिक्षा के करीब लाएगी।” सूत्र के साथ चलाए जा इस अभियान के तहत इस शनिवार को तृप्ति अभिनव होम्स में रद्दी संग्रहण  शिविर आयोजित किया। रितिका ने बताया कि इस शिविर के दौरान आस-पास के लोगों से अनुरोध किया कि वे आगे आएं और अपनी रद्दी दान कर इस नेक कार्य में हमारा साथ दें। इस अभियान के तहत लोगों से पुराने समाचार पत्र/ पेपर, किताबें, खोके, लोहा, प्लास्टिक का सामान, पुराने कपड़े, उपयोग में न आने वाले सामान इकट्ठा किया जा रहा है। अभियान की अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है 7024432499, 9479890655

शहर में और कैंप लगेंगे
जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा मुहैया कराने के लिए रद्दी कलेक्शन अभियान दीपावली तक जारी रहेगा। मंथन फाउंडेशन इसके तहत शहर के अलग अलग स्थानों और कालोनियों में कैंप लगाएगा

बात नबी की, सलाह सीरत की… पंजाब के शाही ईमाम राजधानी में करेंगे संबोधित

भोपाल। इस्लाम के आखिरी पैगंबर हजरत मुहम्मद सअस ने जिन बातों की ताकीद की और उन्हें अपनाने की सलाह दी, उनसे मुस्लिम समुदाय का ही एक बड़ा तबका अनजान और गुमराह है। यही वजह है कि अन्य धर्म के किसी व्यक्ति द्वारा उस पाक शख्सियत पर उंगली उठाता है और अनर्गल टिप्पणी करता है तो पैगंबर मुहम्मद के अनुयाई कहलाने वालों के पास भी वह जवाब नहीं होता, जिससे वे दीगर कौम के व्यक्ति की जिज्ञासा शांत कर सकें या उन्हें तथ्यात्मक तरीके से सही बात से वाकिफ करवा सकें। इन्हीं कोशिशों की तरफ बढ़े कदमों ने अब देश और प्रदेश में सीरत ए नबी (पैगंबर का व्यक्तित्व) विषय पर कार्यक्रमों में इजाफा किया है। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल में इस रविवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसे पंजाब के शाही ईमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी संबोधित करेंगे।
सामाजिक संस्था टीम कबीर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम दो सत्रों में होगा। रविवार सुबह 9 से 12 बजे तक होने वाला कार्यक्रम ऐशबाग स्थित चार मीनारा मस्जिद पर होगा। इस कार्यक्रम में सिर्फ महिलाओं की मौजूदगी रहेगी। इसके बाद इसी रोज रात को 9 बजे एक बड़ा मजमा सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड पर मौलाना की तकरीर सुन सकेगा। कार्यक्रम आयोजकों में शामिल नायब शहर काजी मौलाना अली कदर हुसैनी ने बताया कि कार्यक्रम के मेहमान ए खास मुफ्ती ए आजम मौलाना अहमद खान रहेंगे। मध्य विधायक आरिफ मसूद भी बतौर मेहमान इस कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। नायब शहर काजी मौलाना अली कदर हुसैनी ने कहा कि पंजाब के शाही इमाम साहब इस्लाम धर्म पर गहरी जानकारी रखते हैं। कार्यक्रम के दौरान इस्लामिक शिक्षा और अमन के संदेश को सुनें और इसका पालन करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं और मर्दों को इस प्रोग्राम से बेहतर फायदा लेना चाहिए।

इस करवा चौथ कुछ नजाकत से निकलेगा आसमान में चांद, करना होगा कुछ कम इंतजार

भोपाल। करवाचौथ के चंद्रमा का शाम होते ही इंतजार आरंभ हो जाएगा। चंद्रोदय के समय को सोशल मीडिया द्वारा तो बताया जा रहा है। लेकिन वह आपके शहर का ही समय हो यह जरूरी नहीं है। इसके लिए करवाचौथ का चंद्रमा आपके शहर में कब उदित होगा, इसकी जानकारी नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने दी।
सारिका ने बताया कि देश के पूर्वी राज्यों में यह सबसे पहले दर्शन देकर उसके लगभग दो घंटे बाद पश्चिमी शहरों में उदित होगा। अरूणाचल प्रदेश के इटानगर में यह शाम छह बजकर 50 मिनट पर उदित होना आरंभ होगा तो पश्चिम में सोमनाथ में चद्रदर्शन के लिए आठ बजकर 43 मिनट तक का इंतजार करना होगा। इसी प्रकार मध्यप्रदेश में सिंगरौली में यह सात बजकर 44 मिनट पर उदित होगा तो पश्चिम के नीमच में इसके दर्शन आठ बजकर 17 मिनट से आरंभ होंगे।
सारिका ने बताया कि पंचांग कैलेंडर में किसी खास शहर का चंद्रोदय का समय होता है। लेकिन आपके शहर के लिए यह अलग हो सकता है।  चंद्रोदय होना और आपके घर आंगन से चंद्रदर्शन होना दो अलग-अलग स्थितियां हैं। चंद्रोदय का जो समय किसी शहर के लिए बताया जाता है, उस समय चंद्रमा क्षितिज से ऊपर आना आरंभ करता है। इसके लगभग 15 मिनट बाद वह उस उंचाई को प्राप्त करता है, जब आप इसके दर्शन करने की स्थिति में आ पाती हैं। आपके शहर में चंद्रोदय का समय है। इसके लगभग 15 मिनट बाद आप सुविधा से इसके दर्शन कर पाएंगी।

स्थान                       चंद्रोदय का समय (रात्रि)
नर्मदापुरम                 08 बजकर 08 मिनट
इटारसी                     08 बजकर 09 मिनट
भोपाल                      08 बजकर 08 मिनट
सीहोर                       08 बजकर 09 मिनट
रायसेन                      08 बजकर 06 मिनट
उज्जैन                      08 बजकर 15 मिनट
देवास                       08 बजकर 15 मिनट
इंदौर                        08 बजकर 16 मिनट
बड़वानी                    08 बजकर 21 मिनट
खरगौन                     08 बजकर 21 मिनट
झाबुआ                     08 बजकर 21 मिनट
जबलपुर                   07 बजकर 58 मिनट
छिंदवाड़ा                  08 बजकर 04 मिनट
जयपुर                      08 बजकर 05 मिनट
बांसवाड़ा                   08 बजकर 19 मिनट
जोधपुर                      08 बजकर 18 मिनट
अंबिकापुर                  07 बजकर 44 मिनट
नई दिल्ली                  07 बजकर 54 मिनट
मुंबई                         08 बजकर 37 मिनट
कोलकाता                  07 बजकर 24 मिनट
अमृतसर                    07 बजकर 55 मिनट
गुड़गांव                      07 बजकर 55 मिनट
पटना                         07 बजकर 30 मिनट

MP News : नई आमद, प्रदेश में मुस्लिम लीग की दस्तक ; संशोधन बिल और पैगंबर की सीरत पर बात से शुरुआत, जानें क्या है आयोजन

खान आशु
भोपाल। भाजपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों की मजबूत मौजूदगी के बीच मप्र में में कभी तीसरे दल को पैर रखने की जगह नहीं मिल पाई। वक्त वक्त पर इसके लिए कोशिशों का सिलसिला जरूर चलता रहा है। ऐसी ही एक दस्तक फिर सुनाई देने लगी है। दक्षिण भारत में अपना वर्चस्व रखने वाली इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग पार्टी (IUML) इसी सप्ताह राजधानी में एक बड़ा आयोजन कर रही है। मजहबी मुद्दों के साथ हो रही इस शुरुआत में कई सियासी बिंदु शामिल होने वाले हैं। इसके लिए IUML के कई बड़े नेता भोपाल आएंगे।
सूत्रों का कहना है कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग पार्टी (IUML) इसी माह की 21 तारीख को राजधानी भोपाल में एक बड़ा आयोजन करने वाली है। कार्यक्रम में IUML के सांसद ईटी बशीर, राज्यसभा सांसद एडवोकेट हारिस बीरन समेत कई राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम गांधी भवन में दोपहर एक से 4 बजे तक होगा।

मुद्दे कई शामिल
केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई संयुक्त संसदीय समिति में शामिल सांसद ईटी बशीर राजधानी में होने वाले आयोजन में इस मुद्दे पर विशेष बात करेंगे। अमेंडमेंट बिल के खिलाफ खड़े सांसद बशीर भोपाल के आयोजन में वह बातें रखेंगे, जिनके आधार पर वे संसदीय समिति में संशोधन बिल की मुखालिफत कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि इस आयोजन के दौरान उन सभी लोगों को भी बुलाया गया है, जिन्होंने पिछले दिनों अलग अलग थानों में शिकायत कर महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ FIR करने की मांग की है। इन शिकायतों के बावजूद FIR न होने को लेकर राज्यसभा सांसद एडवोकेट हारिस बीरन खास टिप्स देंगे।

आकार ले सकती है प्रदेश टीम
सूत्रों का कहना है कि IUML अब मप्र में भी अपनी टीम को आकार देने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में मौजूद मुस्लिम समुदाय की संख्या को देखते हुए IUML को यहां अपने कदम जमाना आसान महसूस हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी ने अपने प्रदेश प्रभारियों के नाम तय कर लिए हैं, जिनके नाम राजधानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ऐलान किए जा सकते हैं।

अभी तीसरे मोर्चा के कदम
मप्र के आकार लेने से अब तक यहां महज दो पार्टियां भाजपा और कांग्रेस ही अपनी धाक जमाए हुए हैं। हालांकि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाजवाद पार्टी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन जैसी पार्टियों ने भी अपनी किस्मत आजमाई। लेकिन बेहद सीमित क्षेत्र से आगे यह नहीं बढ़ पाई हैं। नई पार्टियों की आमद के मंसूबे भी सिर्फ अपनी राष्ट्रीय स्तर की पहचान को मजबूत बनाए रखने तक ही सिमटे हुए हैं।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu