सिलसिला ए अदब में उस्ताद शायर फारुख अंजुम से लेकर युवा औरंगजेब तक ने जमाया रंग

महमूद ज़की वेलफेयर फाउंडेशन उर्दू फ़रोग के साथ अब बच्चों की रहनुमाई भी करेगी

खान आशु
भोपाल। उर्दू भाषा के फ़रोग के लिए काम कर रही महमूद जकी वेलफेयर फाउंडेशन अब विद्यार्थियों को मार्गदर्शन भी देगी। इस बात का ऐलान रविवार को सिलसिला ए अदब के मासिक कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष डॉ नजर महमूद ने किया। इस महाना महफिल की सदारत शहर के उस्ताद शायर फारुख अंजुम ने की। इस कार्यक्रम में प्रो नौमान खान और डॉ जफर हसन भी बतौर मेहमान खुसूसी मौजूद थे।
सिलसिला ए अदब की शुरुआत में डॉ अंजुम बाराबंकवी ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि डॉ नजर महमूद ने उर्दू के फ़रोग के लिए शहर में एक नया सिलसिला शुरू किया है। कार्यक्रम में हर माह नए शहरों को मंच मुहैया कराया जा रहा है। इसी तरह श्रोताओं में भी हर बार नए लोगों को मौका दिया जा रहा है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नया नज़रिया के फेसबुक पेज पर किया जाता है जिससे न सिर्फ भोपाल, बल्कि पूरे देश और दुनिया से उर्दू को मोहब्बत करने वाले जुड़ पाते हैं जिनकी संख्या तकरीबन पांच हजार से ज्यादा होती है।  कार्यक्रम की शुरुआत युवा शायर औरंगजेब आजम का कलाम श्रोताओं को सुनने को मिला। उन्होंने कहा कि “चली है दो ही रिश्तों की ज्यादा यहां पर दोस्ती की और दुश्मनी की”। इस मौके पर मौजूद कमलेश नूर ने कहा कि “मुझे करीब ही मत रख…!” कार्यक्रम को खुशनुमा रंगत देने के लिए मजाहिया शायर खुर्शीद आलम फेंकू भोपाली भी शामिल थे। उन्होंने मजाहिया रंग बिखेरते हुए सुनाया कि “सिर्फ मिस कॉल किया था मजाकन मैंने, उसके भाई से जान बचा लो मेरी!” कार्यक्रम को एक नया अंदाज देने के लिए  शायर फरमान जियाई जब मंच पर आए तो तालियों की गड़गड़ाहट हर तरफ फैल गई। उन्होंने अपने खूबसूरत तरन्नुम में गजल सुनाई। फरमान ने जब सुनाया कि “कैसे कह दूं दुआ बेअसर हो गई, देखिए उनकी मुझ पर नजर हो गई” तो सारा माहौल शायरी के ऊंचे शिखर पर पहुंच गया। इसी माहौल में आबिद काजमी मंच पर आए।

उनकी गजल “तुम निकल सकते हो अपने मुंह पर तला डालकर, हम रहे खामोश तो गुलशन नहीं बच पाएगा” मौजूदा मीडिया हालात पर तानाबाना थी। उनके बाद महफिल एक नए रंग में डूबी हुई थी। आसिम हुसैन फारूखी ने अपने ताजा अफ़सांचे के साथ श्रोताओं से रूबरू थे।
कार्यक्रम के मेहमान खुसूसी डॉ. जफर हसन ने अपनी संस्था की कारगुज़ारियों का जिक्र किया। साथ ही महमूद जकी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा शुरू की जाने वाली केयर काउंसिल की तारीफ की। कार्यक्रम के दूसरे मेहमान खुसूसी डॉ मोहम्मद नौमान खान ने शिक्षा और अदब के लिए महमूद जकी के कामों  का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ करने का जज्बा होना चाहिए, किसी भी इंसान को इसमें कामयाबी मिलना निश्चित है इसकी मिसाल महमूद जकी और अब डॉ नज़र महमूद के कामों में दिख रही है। प्रो नौमान खान ने डॉ नजर महमूद द्वारा किए जा रहे कामों को तरके से वरसे तक करार देते हुए इन कामों को महमूद जकी के बेहतर कामों को आगे बढ़ाने का कारण बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उस्ताद शायर फारुख अंजुम ने इस मौके पर अपनी प्रसिद्ध गजल “जो पाकर नूर सूरज से उसे जाती समझते हैं, हम ऐसे चांद सितारों को खैराती समझते हैं!” सुनाकर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का संचालन डॉ महताब आलम कर रहे थे। शुक्रिया की रस्म डॉ नजर महमूद ने अदा की। इस मौके पर डॉ मोहम्मद आजम, डॉ कमर अली शाह, हकीम कुरैशी, जावेद मोहम्मद खान, साजिद प्रेमी, अज़ीम असर, जयंत श्रीवास्तव, अरहम अली, तौफीक , खलील खान, अनवर खान, रईस ए आजम, साआदत हलीम खान, शोएब कुरैशी, हाफिज इस्माइल बैग आदि भी मौजूद थे।

“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस ने किया संवाद

विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे

भोपाल। “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। एक तरफ पुलिस अधिकारी सक्रिय रूप से अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं वहीं दूसरी ओर समाज के प्रबुद्ध वर्ग का खासा समर्थन भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में थाना गुनगा जिला भोपाल (देहात) द्वारा अरविंद भार्गव हायर सेकेंडरी स्कूल , शासकीय हॉयर सेकेंडरी स्कूल हर्रा खेडा में संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय थाने के पुलिस अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्कूल के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और दुष्परिणाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी बढ़ चढ़कर संवाद कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने विचार और सुझाव साझा किए।

उपनिरीक्षक बापू लाल वर्मा द्वारा विद्यार्थियों से संवाद किया गया जिसमें उन्होंने नशा न करने के कारणों पर प्रकाश डाला। नशा करने से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
प्रधान रक्षक बृजेश रघुवंशी ने बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह दी इस मौके पर मौजूद सभी लोगों के साथ ही विद्यार्थियों ने भी नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने किया बैरसिया क्षेत्र का दौरा

बाढ़ नियंत्रण तैयारियों की समीक्षा.

जीतेन्द्र सेन
भोपाल।। कलेक्टर भोपाल  कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को बैरसिया अनुभाग क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ नियंत्रण से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और उन्होंने सर्वप्रथम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैरसिया के कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा उपायों की जानकारी ली और बाढ़ से निपटने हेतु प्रशासन की तैयारियों का जायज़ा लिया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने अनुभाग बैरसिया में तैनात एसडीआरएफ टीम के सदस्यों से भेंट की तथा उनके पास मौजूद बाढ़ नियंत्रण और अनुरक्षण से जुड़े संसाधनों की जानकारी प्राप्त कर  एसडीएम बैरसिया  आशुतोष शर्मा ने बाढ़ से निपटने की दिशा में की गई तैयारियों से कलेक्टर को अवगत कराया वही कलेक्टर ने निर्देशित किया कि तहसील कार्यालय स्थित बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम को 24 घंटे क्रियाशील रखा जाए  उन्होंने स्पष्ट किया कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली प्रत्येक कॉल को रजिस्टर में दर्ज किया जाए और संबंधित तहसीलदार एवं वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचित किया जाए, जिससे आपात स्थिति में समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने पार्वती नदी पर बने पुल का भी निरीक्षण किया और एसडीएम को निर्देश दिए कि रूनाहा जोड़ पर पुलिस एवं राजस्व विभाग का एक चेक पॉइंट स्थापित किया जाए। इस चेक पॉइंट के माध्यम से आमजन को पुल के बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग की जानकारी सहजता से उपलब्ध कराई जा सके।
कलेक्टर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहकर हर परिस्थिति से निपटने हेतु पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे

“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस ने किया संवाद

भोपाल। “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। एक तरफ पुलिस अधिकारी सक्रिय रूप से अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं वहीं दूसरी ओर समाज के प्रबुद्ध वर्ग का खासा समर्थन भी देखने को मिल रहा है।

इसी क्रम में पुराने शहर के थाना छोला मंदिर के अंतर्गत विवेक जागृति स्कूल में संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय थाने के पुलिस अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्कूल के विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और दुष्परिणाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी बढ़ चढ़कर संवाद कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपने विचार और सुझाव साझा किए। इस मौके पर मौजूद सभी लोगों के साथ ही विद्यार्थियों ने भी नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

राज्य संग्रहालय भोपाल में रायन इंटरनेशनल स्कूल द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन

पर्यावरण सप्ताह : स्कूली बच्चों ने रोपे पौधे, खुशबू, छाया, हवा के लिए दिखाई उमंग

भोपाल। संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में आज राज्य संग्रहालय, भोपाल परिसर में रायन इंटरनेशनल स्कूल, भोपाल द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल स्कूल द्वारा 8 से 12 जुलाई तक मनाए गए ‘पर्यावरण सप्ताह’ के समापन अवसर पर आयोजित की गई।

संचालनालय की आयुक्त उर्मिला शुक्ला, IAS की अनुमति एवं प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में रायन स्कूल के छात्र प्रतिनिधि मंडल ने सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों ने संग्रहालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे, प्रकृति भ्रमण में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रविंद्र ठाकुर ने छात्रों को मृदा संरक्षण, जल-स्रोतों के पुनर्भरण तथा वनों के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौधारोपण न केवल हरियाली बढ़ाता है, बल्कि यह धरती की उर्वरता बनाए रखने, जलवायु संतुलन में योगदान देने और शहरी प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को राज्य संग्रहालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया, जिसमें उन्होंने केवल प्रकृति से ही नहीं, बल्कि संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों से भी सीधा संवाद स्थापित किया। इस तरह यह आयोजन न केवल पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि भावी पीढ़ी को संस्कृति और विरासत के संरक्षण के प्रति भी संवेदनशील बनाने में सहायक रहा।
संचालनालय द्वारा ऐसे प्रयासों का स्वागत किया जाता है, जो भावी पीढ़ी को प्राकृतिक और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में प्रेरित करें।

समर्पण, समानता और सेवा का सनातन प्रतीक हैं निषादराज : राज्यमंत्री पंवार

सामाजिक समरसता के प्रतीक निषादराज के सम्मान में 12 जुलाई को उज्जैन में होगा महासम्मेलन
आजीविका के साथ आधुनिकता के संगम से समृद्ध बनेंगे मछुआरे

भोपाल। मत्स्य पालन एवं मछुआ कल्याण राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने निषाद समाज की समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रही सकारात्मक पहल के लिए आभार जताते हुए कहा कि निषादराज सम्मेलन से राज्य सरकार निषाद समाज की परंपराओं को सम्मान दे रही है। उनके जीवन और आजीविका को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने का कार्य भी कर रही है। यह एक ऐसा प्रयास है जिसमें इतिहास की प्रेरणा और भविष्य की योजना दोनों साथ चल रहे हैं। यह सम्मेलन मछुआ समाज के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में होने जा रहे निषादराज सम्मेलन से निषाद समाज के गौरव को एक मंच मिलने जा रहा है।
निषादराज सम्मेलन और उज्जैन में इसके आयोजन की पौराणिक संदर्भ में व्याख्या करते हुए राज्य मंत्री पंवार ने कहा कि रामायण के लोकनायक श्रीराम जब 14 वर्षों के वनवास पर निकले, तब मार्ग में उन्हें जो प्रथम सच्चा मित्र मिला, वह था निषादराज गुह। न कोई राजसी वैभव, न कोई अधिकार फिर भी निषादराज ने जो आत्मीयता, श्रद्धा और समर्पण दिखाया, वह आज भी भारतीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
 
मत्स्य संपदा में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश आज मत्स्य उत्पादन और मछुआ समाज के सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना जैसे नवाचारों ने हजारों मछुआरों के जीवन में नई आशा की किरण जगाई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव देंगे विकास कार्यों की सौगात
राज्य मंत्री पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 22.65 करोड़ रूपये की लागत के 453 स्मार्ट फिश पार्लर, 40 करोड़ रूपये की लागत से बन रहे अत्याधुनिक अंडर वॉटर टनल सहित एक्वापार्क और 91.80 करोड़ रूपये की लागत से इंदिरा सागर जलाशय में 3060 केजेस का वर्चुअली भूमि-पूजन करेंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 430 मोटर साइकिल विद आइस बॉक्स के स्वीकृति पत्र एवं 100 यूनिट्स का वितरण, 396 केज के स्वीकृति पत्र का प्रदाय, फीडमील के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र का प्रदाय एवं उत्कृष्ट कार्य कर रहे मछुआरों एवं मत्स्य सहकारी समितियों को पुरस्कार वितरण करेंगे। इस अवसर पर महासंघ के मछुआरों को 9.63 करोड़ रूपये के डेफेरड वेजस का सिंगल क्लिक से अंतरण करने के साथ ही रॉयल्टी चेक प्रदाय करेंगे।

स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर जिला सीईओ ने की समीक्षा बैठक।

गांवों के स्वच्छता सुनिश्चित करने,सम्बन्धितों को दिये निर्देश

भोपाल आने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण-ग्रामीण 2025 को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, भोपाल  इला तिवारी ने मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में ए.डी.ई.ओ. पी.सीओ. एवं ब्लॉक समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत निर्धारित बिन्दुओं के तहत गांवों में दृश्य स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ सिटीजन फीडबैक, दीवार लेखन के माध्यम से जागरूकता गतिविधियों का आयोजन एवं कचरा गाड़ी का निरन्तर संचालन सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये। इस सम्बन्ध में समस्त ए.डी.ई.ओ./पी.सी.ओ. को उनके क्लस्टर की पंचायतों में मैदानी स्तर पर उपस्थित रहते हुए निगरानी किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
सर्वेक्षण अंतर्गत गांवो में सामुदायिक शौचालय की क्रियाशीलता, सेग्रीग्रेशन शेड का संचालन, शासकीय संस्थाओं में शौचालय की क्रियाशीलता के साथ-साथ नाडेप की साफ-सफाई, सोक पिट, लीच पिट एवं नालो व सिल्ट चैम्बरों की साफ-सफाई के कार्यो पर विशेष ध्यान दिया जाना है। जिला एवं जनपद स्तर के अमले का इस सम्बन्ध में आवश्यक रूप से निरन्तर मॉनीटरिंग किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
बैठक में कार्यपालन यंत्री  जीतेन्द्र अहिरवार, जनपद पंचायत, फंदा सीईओ शिवानी मिश्रा, बैरसिया सीईओ देवेश सराठे सहित समस्त ए.डी.ई.ओ./पी.सी.ओ. व ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।



ई-के.वाय.सी. कार्य को 10 दिन में पूर्ण करने के निर्देश –
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत ई-के.वाय.सी. कार्य की भी समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में सीईओ श्रीमती तिवारी ने जिन पंचायतों में ई-के.वाय.सी. के प्रकरण अधिक लंबित है, उन्हें 10 दिवस में प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिये। 10 दिवस में कार्य पूर्ण नही करने वाले ए.डी.ई.ओ./पी.सी.ओ. के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी।

बैरसिया नगर पालिका परिषद के वार्ड क्र.सात  उपचुनाव में 65 परसेंट मतदान हुआ 10 जुलाई को आएगा परिणाम।

जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। बैरसिया नग़र पालिका परिषद की वार्ड क्रमांक सात के उपचुनाव के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। जिसका प्रतिशत 65 परसेंट रहा।जानकारी अनुसार कुल 1500 वोट में से 975 वोट डाले गए ।जिनमे 444 महिलाओं और 581 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया।मतदान के लिए नगर पालिका अन्तर्गत आने वाले एक छात्रावास और एक आंगनवाड़ी केंद्र को मतदान केंद्र बनाया गया था। मतदान केंद्र 12 जो कि बालक छात्रावास में था उसमे 214 महिला और 250 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया वहीं मतदान केंद्र 13 जो मिलक आंगनबाड़ी केंद्र था वहां पर 230 महिला और 281 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया।

आपको बता दें कि वार्ड 7 से पार्षद शबाना क़ुरैशी का निर्वाचन शून्य होने के कारण उप चुनाव हुआ था।चुनाव में कांग्रेस से आफ़रीन,बीजेपी से शाइस्ता सुल्तान और निर्दलीय फ़रीदा एहमद चुनाव मैदान में हैं।जिसका  परिणाम 10 जुलाई को आएगा।

प्रतिभा को मिला सम्मान : मिली लैपटॉप की राशि

भोपाल। कक्षा 12वीं की परीक्षा में 75 फीसदी और उससे ऊपर नंबर लाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को शुक्रवार को लैपटॉप की राशि दी गई। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत 94,234 मेधावी विद्यार्थियों को 25-25 हजार की राशि प्रदान की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार देखा गया है कि छात्रों के परिवार लैपटॉप राशि को दूसरे कार्यों में खर्च कर देते है। ऐसे में हम कोशिश करेंगे कि अगले साल से सीधे अच्छी कंपनी के लैपटॉप दिए जाए। इस दौरान छात्रों ने ने बताया कि किस प्रकार से उन्हें लैपटॉप की राशि मिलने से खुशी हो रही है। विद्यार्थियों ने बताया कि आगे वे क्या बनना चाहते हैं। एक छात्रा योगिता टांक के साथ सीएम ने संवाद किया और सेल्फी ली।
लाभार्थियों में 60% बेटियां
इस दौरन सीएम ने बताया कि इस साल योजना के लाभार्थियों में 60% बेटियां हैं। 56,246 बेटियां और 37,988 बेटे। उन्होंने कहा कि यह एक सकारात्मक संकेत है कि बेटियां न केवल बराबरी कर रही हैं, बल्कि पढ़ाई में आगे भी निकल रही हैं। अब बेटों को अपनी स्थिति मजबूत करनी होगी।

जिलों पर प्रभारी मंत्री रहे सक्रिय, बांटे लैपटॉप

भोपाल। रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरण कार्यक्रम का मुख्य अतिथि मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार तथा सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री पंवार ने कहा कि सरकार मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पित है और निरंतर काम कर रही है। सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के लिए भी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है।
प्रभारी मंत्री पंवार ने कहा कि आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय करने के लिए 25-25 हजार रू की राशि प्रदान की गई है। विद्यार्थियों को लैपटॉप मिलने से अपने ज्ञान को बढ़ाने, कौशल को निखारने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना विद्यार्थियों को विज्ञान और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित की जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को इस लैपटॉप से उच्च शिक्षा अध्ययन की विभिन्न शैलियों में सहायता प्राप्त होगी। लैपटॉप से उनकी प्रतिभा निखरेगी, जिससे प्रदेश के उज्जवल भविष्य की संभावनाएं अधिक सशक्त होंगी। कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी ने कहा कि सरकार हर तरीके से बच्चों के शिक्षा के स्तर को बढ़ाने, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए काम कर रही है। बच्चे हमारे देश-प्रदेश का भविष्य हैं। यही मेधावी बच्चे आगे चलकर विभिन्न क्षेत्रों में हमारे जिले का, प्रदेश का और देश का नाम रौशन करेंगे।  कार्यक्रम में पूर्व केबीनेट मंत्री रामपाल सिंह तथा राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक पंकज पाण्डे सहित अधिकारीगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग की सहायक संचालक मोनिका पटेल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना अंतर्गत जिले में लाभान्वित मेधावी विद्यार्थियों के बारे में जानकारी दी।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu