कानून व्यवस्था,अपराध नियंत्रण एवं ऑनलाइन साइबर फ्रॉड पर सतर्कता अपनाएं – SP पंकज पाण्डेय

Share :

अधीक्षक द्वारा थाना गुनगा एवं थाना नजीराबाद का औचक निरीक्षण

जीतेन्द्र सेन

भोपाल। पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय द्वारा ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण कर थाना गुनगा एवं थाना नजीराबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों थानों के पुलिस स्टाफ से परिचय प्राप्त कर थाना स्तर पर संचालित कार्यों, अपराध नियंत्रण संबंधी गतिविधियों एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली गई।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर,अभिलेखों,लंबित प्रकरणों,मालखाना, रोजनामचा एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों का अवलोकन किया गया।

साथ ही रात्रि गश्त, फरार आरोपियों की धरपकड़,वारंट तामीली एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय ने थाना स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं जनसेवा की भावना से कार्य करते हुए शिकायतों पर त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सतत उपस्थिति एवं प्रभावी गश्त से अपराधों पर नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है।इसके अतिरिक्त ऑनलाइन साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक,ओटीपी धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा साइबर संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही करने हेतु भी निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य आमजन में सुरक्षा, विश्वास एवं कानून के प्रति भरोसे का वातावरण स्थापित करना है, जिसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu