Bhopal News : पुलिस से मिला सिर्फ आश्वासन, अब अदालत की शरण में मुस्लिम समुदाय, 21 को भोपाल न्यायालय में सुनवाई

भोपाल। पैगंबर हजरत मुहम्मद (सअस) को लेकर की गई अनर्गल टिप्पणी को लेकर अब मामला अदालत की दहलीज पर पहुंच गया है। राजधानी भोपाल से इस मामले को लेकर याचिका दायर की गई है। जिसपर 21 अक्टूबर को सुनवाई होगी। इससे पहले भोपाल समेत प्रदेशभर में पुलिस शिकायतें की गईं थीं। लेकिन जांच का हवाला देते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है।
राजधानी भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने बुधवार को पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि हमारा देश संविधान के साथ चल रहा है। जहां सभी धर्म के लोगों को रहने और अपने मजहब की आस्थाओं के साथ जीने का अधिकार है। किसी भी व्यक्ति को यह अधिकार नहीं है कि वह किसी दूसरे धर्म या उसके आराध्य को बुरा कहे। मसूद ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति भी कभी इस तरह की नहीं रही। सर्वधर्म संभव पर रहने वालों ने हमेशा एक दूसरे के धर्म का सम्मान भी किया है और उनमें आस्था भी रखी है।

महंत नहीं इस ग्रह के
विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि महंत यति नरसिंहानंद इस ग्रह के नजर नहीं आते। उनके जीवन का एकमात्र उद्देश्य नफरत फैलाना है। अपनी इसी प्रवृत्ति के चलते वे हमेशा दूसरे मजहब का तिरस्कार करते रहते हैं। इस्लाम की आस्थाओं को आघात पहुंचाकर नरसिंहानंद खुद को सनातनी कहते हैं लेकिन वास्तविकता यह है कि वे सनातन को भी बदनाम कर रहे हैं।

21 को सुनवाई
मसूद ने बताया कि न्याय की उम्मीद के साथ मुस्लिम समुदाय ने जगह जगह पुलिस शिकायत की हैं। उन्होंने खुद भी पुलिस कमिश्नर से मिलकर इस बारे में शिकायत दर्ज कराई थी। मसूद ने कहा कि जांच का हवाला देते हुए अब तक किसी भी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की गई है। इस स्थिति को देखते हुए भोपाल न्यायालय में महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ वाद दायर किया गया है। जिसपर पहली सुनवाई 21 अक्टूबर को होगी। शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक बुंदेला इस मामले की पैरवी कर रहे हैं। मसूद ने कहा कि न्याय पालिका में हमारी पूरी आस्था और भरोसा है। निश्चित ही वहां से नरसिंहानंद को उनके कर्मों की सजा मिलेगी। साथ ही ऐसी तहरीर भी अदालत स्थापित करेगी, जिससे भविष्य में कोई भी सिरफिरा इस तरह की गुस्ताखी न करे।

अलगाववादी, आतंकवादी हैं नरसिम्हानंद, उन्हें पाकिस्तान भेज देना चाहिए, नाराज उलेमाओं ने की मांग

भोपाल। किसी भी व्यक्ति को किसी अन्य मजहब की आस्थाओं से खेलने का कोई हक नहीं है। महंत यति नरसिंहानंद तो उस शख्सियत को लेकर बारम्बार बदकलामी करते जा रहे हैं, जिन्हें सारी दुनिया में इंसानियत, भाईचारे और मुहब्बत का पैगाम लेकर भेजा गया था। हजरत मुहम्मद सअस सिर्फ इस्लाम के अगुआ नहीं हैं, बल्कि उन्हें रहमतुल आलेमीन यानी सारी दुनिया की अगुवाई करने के लिए भेजा गया था। नरसिम्हानंद द्वारा अपनाई जा रही क्रियाएं देश को विभाजित करने वाली हैं। उनकी राह किसी आतंकवादी से कम नहीं हैं। मुहब्बत, सद्भाव, भाईचारे के हमारे देश में ऐसे व्यक्ति की कोई जरूरत नहीं है। सरकार को चाहिए कि इस शख्स को देश निकाला देकर पाकिस्तान भेज देना चाहिए।
राजधानी भोपाल से उलेमाओं ने यह मांग उठाई है।

आशिकान ए रसूल, अहले सुन्नत वल जमात मप्र, समता समाधान पार्टी, अहले सुन्नत कौंसिल, उलेमा बोर्ड आदि सामाजिक एवं मजहबी संस्थाओं ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपने के बाद काजी सैयद अनस अली नदवी ने कहा कि महंत का काम लोगों को भलाई की ताकीद करना होता है। लोगों को जोड़ने और समाज में बेहतर माहौल बनाना उसकी जिम्मेदारी होती है। लेकिन महंत यति अपने कर्तव्य और दायित्व के विपरीत लोगों को तोड़ने, नफरत फ़ैलाने और देश विभाजन के हालात बना रहे हैं। काजी अनस ने कहा कि यह काम आतंकवादियों के हैं। ऐसे लोगों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है। सरकार को चाहिए ऐसे लोगों को देश निकाला दें। उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाए ताकि वे अपने मिजाज के लोगों में रहकर काम कर सकें। इस मौके पर शहर के कई उलेमा और नागरिक मौजूद थे।

गाजी वली बोले, महंत की गिरफ्तारी इंसाफ नहीं, बल्कि उन्हें राहत देने का एक तरीका है…

भोपाल। पैगंबर हजरत मुहम्मद सअस के लिए अनर्गल टिपण्णी करने वाले महंत यति नरसिंहानंद को महज गिरफ्तार कर लिया जाना इस मामले का पटाक्षेप नहीं कहा जा सकता। बल्कि इस तरह उप्र सरकार ने देश में अशांति का माहौल बनाने वाले व्यक्ति को राहत दे दी है। भारतीय संविधान में प्रावधान मौजूद हैं, इनका इस्तेमाल किया जाए और महंत को सख्त सजा से नवाजा जाए।
जमीयत उलेमा हिंद मप्र के उपाध्यक्ष मौलाना गाजी वली अहमद ने रविवार को भोपाल में यह बात कही। उन्होंने कहा कि हमारा देश हमेशा से भाईचारे और आपसी सौहाद्र की मिसाल रहा है। दुनिया में इसकी यही पहचान हमें सबसे आगे रखती है। महंत यति नरसिंहानंद मौजूदा दौर की सियासत की एक कठपुतली भर है। असल ताकतें पर्दे के पीछे हैं, जो यति जैसे लोगों को आगे रखकर अपनी नफरत की दुकानें चला रहे हैं। मौलाना ने कहा कि महंत ने उस शख्सियत को लेकर बदकलामी की है, जिन्हें अल्लाह ने रहमतुल आलेमीन बनाकर भेजा है। हजरत मुहम्मद सअस न सिर्फ मुसलमानों के पैगंबर हैं, बल्कि उन्हें सारी दुनिया को मुहब्बत और भलाई का संदेश देने के लिए भेजा गया था। मौलाना गाजी ने कहा कि महंत की अशिक्षा, अज्ञानता, संकीर्ण मानसिकता है, जो पैगंबर हजरत मुहम्मद सअस को न पढ़ पाए और न उन्हें जान पाए। महंत ने अगर मुहम्मद साहब को पढ़ा होता, अध्ययन किया होता तो वे इस तरह की गुस्ताखी की जुर्रत न करते।

गिरफ्तारी नहीं, तय हो सजा
मौलाना गाजी ने कहा कि नबी की शान में गुस्ताखी करने वाले की गिरफ्तारी हो जाने की बात कही जा रही है। लेकिन महज गिरफ्तारी उनके कर्मों के लिए पर्याप्त नहीं है। होना यह चाहिए कि महंत के खिलाफ फास्ट ट्रैक  पद्धति पर कार्यवाही होना चाहिए। भारतीय संविधान के लिहाज से किसी दूसरे धर्म को आहत करने वाले के तय सजा उन्हें दी जाना चाहिए। मौलाना ने कहा कि महंत का प्रयास देश की एकता, अखंडता, सद्भाव और सौहाद्र तथा शांति भंग करने का था। इस क्रिया के लिए महंत के खिलाफ देशद्रोह की सजा मुकर्रर की जाना चाहिए।

प्रदेश में न बनें ऐसे हालात
मौलाना गाजी वली अहमद ने कहा कि हमारा प्रदेश हमेशा से शांति का गहवारा रहा है। उन्होंने प्रदेश के संवेदनशील सीएम डॉ मोहन यादव से मांग की है कि इस बात पर सख्त नजर रखी जाए कि यहां महंत जैसे लोग न पनपने पाएं। मौलाना ने सीएम से अपेक्षा की है कि प्रदेश में पहले ही ऐसे प्रावधान तय कर दिए जाएं कि कोई सिरफिरा ऐसा कुत्सित प्रयास करने की हिम्मत न कर पाए।

बाल विवाह के मुद्दों पर रंगोली बनाकर लोगों को किया जागरूक

भोपाल। भोपाल दीन दयाल कॉलोनी कराटे क्लास  प्रशिक्षिका अंजली सैनी एवं कराटे टीम द्वारा नारियल खेड़ा भगत सिंह चौराहा पर शिक्षा से संबंधित रंगोली बनाई। शिक्षा के महत्व,बाल विवाह, घरेलू हिंसा के मुद्दों पर कराटे खिलाडियों ने रंगोली के माध्यम से समाज को जागरुक करने का प्रयास किया। प्रशिक्षिका अंजली सैनी ने बताया कि समाज में लड़कियों , महिलाओं के साथ बढ़ते अपराधों को समाज के बीच रखना ताकि लोग समझे और अपराधों पर रोक लगाई जाए। अंजलि ने बताया की यह कार्य तिनका संस्था के मार्गदर्शन मे किया समाज में लड़के लड़कियों को बराबरी का दर्जा मिले,लड़कियों ओर महिलाओं का सम्मान हो।और जिन लोगों ने रंगोली देखी तो उन्होंने बोला कि आप इतने छोटे छोटे बच्चे होकर इतनी अच्छी चीजें समझा रहे हो ,आप सभी बहुत अच्छा काम कर रहे हो।और साथ ही हमारे उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Bhopal News : महकेगी यादों की बगिया, “पीपी सर” के शागिर्द करेंगे उनके लिए संवाद, जानें क्या है आयोजन

खान आशु
भोपाल। गुरु, उस्ताद, शिक्षक जीवन की बगिया का वह माली है, जो अपनी अथक मेहनत से अपने शागिर्दों को खुद से आगे निकल जाने की राह प्रशस्त करने में भी तनिक झिझक महसूस नहीं करता। कुछ उस्ताद ऐसे भी होते हैं, जो अपनी कार्यशैली और अपनत्व भाव के साथ शिष्यों के दिलों में वह मुकाम बनाने में कामयाब हो जाते हैं, जिन्हें “जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी” वाला रिश्ता स्थापित करने का गौरव हासिल होता है। ऐसी ही एक शख्सियत राजधानी भोपाल की पत्रकारिता क्यारियों में फूल खिलाने वाले प्रो पुष्पेंद्र पाल सिंह हैं। जो सारी पत्रकार बिरादरी के जगत पीपी सर हो गए हैं। 8 अक्टूबर को उनका जन्मदिवस है। उनकी गैर मौजूदगी में इस खास दिन को मनाने के लिए उनके शिष्यों ने एक संगोष्ठी का आयोजन करने की तैयारी की है। इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को नाम भी अपने प्रिय पीपी सर के पसंदीदा विषयों में शामिल पर्यावरण, पत्रकारिता और हम को समर्पित किया है।
पत्रकारिता क्षेत्र में अपना खास मुकाम रखने वाले प्रो पुष्पेंद्र पाल सिंह के जन्मदिन 8 अक्टूबर को राजधानी भोपाल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पत्रकारिता की पाठशाला से लेकर मीडिया संसार में सरपट दौड़ने में अपने प्रिय पीपी सर से  मार्गदर्शन, सहयोग और आशीर्वाद प्राप्त करने वाले उनके स्टूडेंट्स ने इस आयोजन की रूपरेखा बनाई है। पर्यावरण, पत्रकारिता और हम विषय पर एक संवाद कार्यक्रम होगा। विषय को तय करने के पीछे की मंशा बताते हुए पीपी सर के शागिर्द राकेश मालवीय और रितेश पुरोहित कहते हैं कि विषय में शामिल तीनों बिंदु पर्यावरण, पत्रकारिता और हम पीपी सर के रोम रोम में समाए रहे। उन्होंने पर्यावरण की फिक्र को हमेशा अपने पास रखा और इसकी बेहतरी के प्रयास करते रहे। पत्रकारिता उनके जीवन का अभिन्न अंग रही और इसके लिए उन्होंने अपना पूरा समय कुर्बान कर दिया। हम की धारणा में पीपी सर की हमेशा आस्था रही, यही वजह है कि उन्होंने सफलता के शीर्ष पर पहुंचकर भी कभी अपने लिए सोचने की बजाए हम के लिए बेहतरी चाही। पीपी सर के जन्म दिवस पर आयोजित संवाद के मुख्य वक्ता के रूप में पर्यावरणविद लोकेंद्र ठाकुर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में शिरकत करने की गुजारिश करने वालों में पीपी सर के सभी विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। आयोजन आयकर कालोनी, गुलमोहर पर स्थित विकास संवाद कार्यालय रखा गया है। शहर और प्रदेश भर के पीपी सर के चाहने वाले इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम संबंधी किसी जानकारी के लिए राकेश मालवीय (9977958934) और रितेश पुरोहित (9826823813) से संपर्क किया जा सकता है।

Bhopal News: ग़म और गुस्से से भरा मुस्लिम समुदाय, शहर के कई थानों पर महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ शिकायत, जानें क्या है मामला

भोपाल। इस्लाम के आखिरी पैगंबर हजरत मुहम्मद (सअस) को लेकर गाजियाबाद के महंत यति नरसिंहानंद द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से देश दुनिया में रोष व्याप्त है। राजधानी भोपाल का मुस्लिम समुदाय भी इसी अवसाद से भरा हुआ है। इंसानियत और भाईचारे का पैगाम देने वाले पैगंबर हजरत मुहम्मद को लेकर की गई इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर के विभिन्न थानों पर महंत के खिलाफ शिकायती आवेदनों का सिलसिला शुक्रवार दिनभर चला। शनिवार को भी इस तरह की गतिविधियों के लिए आह्वान किया जा रहा है। इधर शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने लोगों से शांति, धैर्य और हर काम कानून की परिधि में करने की अपील शहरवासियों से की है।
हजरत मुहम्मद सअस को लेकर पूर्व में कई बार आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुके महंत यति नरसिंहानंद को देश की एकता, अखंडता, सद्भाव और सौहाद्र के खतरा बताते हुए पूर्व पार्षद शाहवर मंसूरी और अमजद अंजुम के नेतृत्व में थाना तलैया पर आवेदन दिया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने महंत के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्यवाही करने की मांग की।
एडवोकेट मोहम्मद आबिद खान, सामाजिक कार्यकर्ता अनवर पठान समेत कई लोगों ने व्यक्तिगत तौर पर पहुंचकर अलग अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई। इधर शुक्रवार रात बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने थाना ऐशबाग में महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।


यह आज करेंगे शिकायत
सामाजिक संगठन PRSRA के अध्यक्ष मोहम्मद जहीर ने बताया कि देश की शांति के लिए खतरा बन चुके महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने बड़ी संख्या में हिंदू मुस्लिम समुदाय के लोग थाना कोहेफिजा पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे किए जाने वाले इस प्रदर्शन के दौरान लोगों से शांति और धैर्य रखने की अपील की गई है।

शहर काजी ने की शांति की अपील
शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने सभी प्रदेशवासियों से  अपील की है कि सभी लोग
अपने अपने एरिया के थानों में जाकर आप लोग ज्यादा से ज्यादा FIR करें। उन्होंने कहा कि इस कार्यवाही के दौरान शांति बनाए रखें और किसी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित न करें। इधर सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे उस संदेश का उन्होंने खंडन किया है, जिसमें कहा जा रहा है कि शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी स्वयं थाना तलैया जाकर महंत यति के खिलाफ शिकायती आवेदन देंगे।

मामले की गूंज दिल्ली तक
जमीयत उलेमा-ए-हिंद अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी ने गृहमंत्री को पत्र लिखकर गाज़ियाबाद (उत्तर प्रदेश) के डासना देवी मंदिर के महंत यती नरसिंहानंद सरस्वती द्वारा मोहम्मद साहब की शान में की गई अत्यंत अपमानजनक और दिल दुखाने वाली टिप्पणियों की शिकायत की है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की जा रही है, जिसमें पैगंबर मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के खिलाफ निंदनीय और शर्मनाक बातें कही गई हैं। इसे एक गैर-मुस्लिम व्यक्ति द्वारा अपने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल ‘सनातन उषादल’ से पोस्ट किया गया है।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद  मदनी ने अपने पत्र में यती नरसिंहानंद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और इसे राष्ट्रीय अखंडता के लिए एक गंभीर खतरा करार दिया है। मौलाना मदनी ने पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि यती नरसिंहानंद नफरत फैलाने वाला व्यक्ति है, जो बार-बार इस्लाम और मुसलमानों के खिलाफ ज़हर उगलता रहा है। लेकिन इस बार उसने सभी हदें पार कर दी हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह बयान न केवल मुसलमानों की भावनाओं का अपमान है, बल्कि यह एक सोची-समझी योजना के तहत सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश है, जो देश की शांति और स्थिरता को प्रभावित कर सकती है।
मौलाना मदनी ने मांग की है कि यती नरसिंहानंद के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही आपत्तिजनक वीडियो को बिना देरी के सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से हटाया जाए और इन प्लेटफार्मों को इस प्रकार की सामग्री के प्रसार पर कानूनी रूप से जवाबदेह ठहराया जाए। मौलाना मदनी ने यह भी मांग की कि नफरत फैलाने वाले भाषणों को रोकने के लिए निगरानी प्रणाली स्थापित की जाए, ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति या समूह धार्मिक व्यक्तित्वों या समुदायों को निशाना बनाकर देश की शांति को नष्ट न कर सके।
मौलाना मदनी ने कहा कि भारत का संविधान हर धर्म का सम्मान करने की गारंटी देता है और इस प्रकार के नफरत भरे भाषण और बयान न केवल कानूनी दृष्टिकोण से अपराध हैं, बल्कि नैतिक रूप से भी अत्यंत निंदनीय हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार तुरंत कार्रवाई करने में विफल रहती है, तो इससे ऐसे तत्वों की हिम्मत बढ़ेगी।

Bhopal News : कहकशां ए अदब का ताज इस बार उस्ताद शायर जफर सहबाई के सिर पर, जानें क्या है आयोजन

भोपाल। सियासत की एक लंबी पारी खेलने वाले पूर्व विधायक आरिफ अकील जितना राजनीतिक मैदान में सक्रिय रहे, उतना ही जोश साहित्य, संस्कृति, मनोरंजन, भाषा विकास और लोगों के साथ जुड़ने के अवसरों की तलाश में दिखाते रहे हैं। उनके जीवनकाल में आकार लेने वाली एक साहित्यिक संस्था कहकशां ए अदब अपने वजूद के करीब ढाई दशक का लंबा सफर पूरा कर चुकी है। हर महीने शायर, साहित्यकार, पत्रकार या समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यक्ति को सम्मानित करने का एक अनवरत सिलसिला भी जारी है। इस कड़ी में इस शनिवार को प्रदेश के उस्ताद शायर कहे जाने वाले जफर सहबाई को एजाज ए खास से नवाजा जाएगा।
हर माह के पहले शनिवार को लक्ष्मी टॉकीज सराय में सजने वाली कहकशां ए अदब महफिल की बागडोर अब पूर्व मंत्री आरिफ अकील के वारिस विधायक आतिफ अकील ने सम्हाल ली है। 5 अक्टूबर की रात यह महफिल ए खास सजाई जाएगी। शहर और प्रदेश के नामवर शायरों के कलाम इस दौरान गूंजेंगे। कार्यक्रम की परंपरा के मुताबिक इस आयोजन के दौरान इस बार भी शायरों और अदीबो का सम्मान किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक इस बार का कहकशां ए अदब सम्मान से उस्ताद शायर जफर सहबाई को नवाजा जाएगा।

कुछ खास है सम्मान
कहकशां ए अदब सम्मान बाकी आयोजनों की तरह ही है। जिसमें शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र होता है। फूलों की मालाएं भी पहनाई जाती हैं। लेकिन चंद फूलों की एक या दो मालाओं पर इसका अंत नहीं होता, सिलसिला शुरू होता है तो सम्मान पाने वाले का चेहरा फूलों की ऊंचाई से ढंक जाने तक चलता रहता है। वर्ष 2002 से निरंतर जारी इस सम्मान समारोह को अब तक कई बड़े नामों का साथ मिला है। कई नामवर और स्थापित शायरों की सफलता की यात्रा इस मंच से ही शुरू होकर देश दुनिया तक पहुंची है।

MP News : आज खुलेगी अकीदतमंदों की लॉटरी, मुंबई में होगा कंप्यूटराइज्ड कुर्रा, देशभर में दिखेगा लाइव, जानें क्या है प्रोग्राम


भोपाल। हज 2025 में अपनी अकीदत (आस्था) की हाजिरी लगाने वालों की किस्मत का फैसला शुक्रवार को होगा। देशभर से किए गए लाखों आवेदन से देश को मिले हज कोटे के मुताबिक नामों का चयन किया जाएगा। मुंबई हज कमेटी ऑफ इंडिया के दफ्तर में किए जाने वाले कंप्यूटराइज्ड कुर्रा (लॉटरी) का लाइव प्रसारण देशभर की हज कमेटियों पर भी देखा जा सकेगा। इस प्रक्रिया में मप्र के करीब 10 हजार आवेदक भी शामिल रहेंगे।
हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक हज 2025 के आवेदकों के नाम शुक्रवार को चुने जाएंगे। इस दौरान हज कमेटी के हिस्से आईं सीटों के लिहाज से हाजियों के नाम कंप्यूटर द्वारा रेंडम पद्धति से तय किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब से भारत  के कुल हाजियों के लिए करीब सवा दो लाख सीटों का कोटा मिलेगा। इस वर्ष तय की गई पॉलिसी के अनुसार हज कमेटी के मार्फत जाने वाले हाजियों को कुल कोटे का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा दिया जाएगा। जबकि बाकी 30 प्रतिशत सीटें निजी टूर ऑपरेटर्स को मिलेंगी।

प्रदेश से करीब 10 हजार आवेदक

मप्र राज्य हज कमेटी अध्यक्ष रफत वारसी ने बताया कि प्रदेशभर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान करीब 10 हजार, 832 लोगों ने प्रक्रिया में भाग लिया। इस दौरान कुल 22 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। इसके बाद 9913 आवेदकों में से प्रदेश के कोटे के मुताबिक हाजियों के नाम चुने जाएंगे।

मुंबई में कुर्रा, भोपाल में टकटकी
शुक्रवार को मुंबई में हज 2025 के लिए नामों का चयन किया जाएगा। इस कंप्यूटराइज्ड कुर्रा का लाइव प्रसारण भोपाल में भी देखा जाएगा। हज हाउस स्थित हज कमेटी कार्यालय पर शहर के उलेमा, हज कमेटी अध्यक्ष और सदस्य, हज आवेदक और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

मप्र : फैक्ट फाइल
कुल आवेदन : 10,832
आवेदन निरस्त : 22
कुर्रा होगा : 9891

65+ आयु के आवेदक : 896
बिना मेहरम हज पर जाने वाली महिला आवेदक : 56
सामान्य श्रेणी के आवेदक : 8939

इनका कहना है
कुर्रा से चुने जाने वाले आवेदकों को हज कमेटी द्वारा फोन और मैसेज के जरिए सूचना पहुंचाई जाएगी। आवेदक अपने सिलेक्शन की जानकारी हज कमेटी की वेबसाइट पर भी चेक कर सकते हैं।
रफत वारसी,
अध्यक्ष, मप्र राज्य हज कमेटी

आपको सिर्फ लखपति बहन तक सीमित नहीं रहना है, करोड़पति बहन बनना है- विष्णु खत्री

बैरसिया। मेरी लाडली बहनों हमारी सरकार ने आपको स्व: सहायता समूहों के माध्यम से लखपति बहन बनने के योग्य बना दिया है। अब आपको सिर्फ लखपति बहन बनकर नहीं रहना है, बल्कि करोड़पति बहन बनने का लक्ष्य तय करना है। यह बात बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने शुक्रवार को मप्र डे राज्य आजीविका मिशन द्वारा आयोजित लखपति दीदी सम्मान समारोह के दौरान कही।

उन्होंने कहा स्व: सहायता समूह बनाने के पीछे सरकार की मंशा थी कि बहने स्वावलंबी बने। आज हमारी सरकार का सपना साकार होता नजर आ रहा है। आज बड़ी खुशी का दिन है कि हम लखपति बहनों को सम्मनित कर रहे है।
उन्होंने कहा कि मेरी विधानसभा में आज कई बहने  स्व: सहायता समूहों के माध्यम व्यवसाय कर रही है। वह अब किसी पर आश्रित नहीं है।

कार्यक्रम में लखपति क्लब में शामिल हुई बहनों ने अपने लखपति बनने तक के सफर को सभी के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि वह किस तरह से यहाँ तक पहुंची। आज उनका परिवार लखपति हो गया है। उन्होंने अन्य बहनों को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।
कार्यक्रम में विधायक विष्णु खत्री के अलावा जनपद पंचायत प्रतिनिधि कुबेर सिंह गुर्जर, आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ रेखा पांडे, सीईओ जनपद पंचायत दिलीप जैन, आजीविका मिशन के सदस्य रामटेक सुधीर कुमार, विकास खंड प्रबंधक रामबाबू साहू सहित अनेक अनेक जन मौजूद रहे।

90 दिन बाद भी लड्डू के पैकेट से नहीं हटा बाबा महाकाल के मंदिर का फोटो…

जिम्मेदारों को अब मिली ”अंतिम चेतावनी”

उज्जैन! बाबा महाकाल का लड्डू प्रसाद भक्त खरीदते हैं और उसका इस्तेमाल होने के बाद पैकेट कचरे के डिब्बे में फेंक देते हैं, जिससे भगवान का अपमान होता है… खबरों के मुताबिक इस मुद्दे को वकील अभीष्ट मिश्रा ने उठाया और हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए मंदिर प्रशासन को 90 दिन यानी तीन महीने का समय दिया और कहा कि वे पैकेट से बाबा महाकाल के चित्र को हटाएं और पैकेट की नई डिजाइन तैयार करवाएं… लेकिन 90 दिन बीत जाने के बावजूद मंदिर प्रशासन ने अब तक पैकेट में कोई बदलाव नहीं किया, जिसे वकील मिश्रा ने हाईकोर्ट आदेश की अव्हेलना बताया है उन्होंने जिम्मेदारों को पत्र लिखकर 10 दिन का और समय दिया तथा कहा कि अगर इतने दिनों में पैकेट में बदलाव नहीं होता है तो हाईकोर्ट में अवमानना याचिका दायर की जाएगी इधर, इस संबंध में  प्रशासन की सफाई भी सामने आई है उसका कहना है कि पैकेट का स्टॉक अधिक होने से अब तक बदलाव नहीं किया जा सका कलेक्टर नीरज सिंह भी बयान देते हैं कि जल्द ही पैकेट की नई डिजाइन तैयार करवाई जाएगी !

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu