अधिकारियों की निगरानी में बिकेंगी आतिशबाजी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे

निगरानी टीमों का हुआ गठन, एसडीएम बनाए गए प्रभारी।

भारत भूषण विश्वकर्मा
7400794801

भोपाल। राजधानी भोपाल में दीपावली पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जहां पटाखा बाजार पर अधिकारियों की पैनी नजर रहेगी। अनाधिकृत रूप से ज्यादा आवाज़ आवाज़ वाले पटाखों की बिक्री और पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम और निगरानी के लिए  भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने अलग-अलग क्षेत्र के एसडीएम को निगरानी टीम का प्रभारी बनाया गया है। इस दल में पुलिस नगर निगम और विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को शामिल किया गया है। बैरागढ़ एसडीएम आदित्य जैन को बैरागढ़ और बैरसिया वृत्त की जिम्मेदारी दी गई है। वही एसडीएम रविश श्रीवास्तव गोविंदपुरा, लक्ष्मीकांत खरे एमपी नगर एसडीएम,  अर्चना शर्मा टीटीनगर एसडीएम,  विनोद सोनकिया हुजूर एसडीएम, रविशंकर राय कोलार एसडीएम,  आशुतोष शर्मा शहर वृत्त की निगरानी करेंगे।

नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी
शहर एसडीएम आशुतोष शर्मा ने कहा कि निर्धारित दिशा निर्देश का पालन सुनिश्चित करने की दशा में ही पटाखे बेचने की अनुमति जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी नियमों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं बैरागढ़ एसडीएम आदित्य जैन ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक हर इंतज़ाम पटाखा बाजारों में किया जाएगा। इसके साथ ही दुकानदारों को भी इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था और अन्य बिंदुओं पर लगातार निरीक्षण किया जाएगा।

Bhopal News : याद ए अर्जुन सिंह… देसी विदेशी शायर कवियों की महफिल, 

अवार्ड से नवाजे जाएंगे मंजर भोपाली समेत कई

खान आशु
भोपाल। प्रदेश में गरीबों को मकानों के पट्टे और विद्यार्थियों को जनरल प्रमोशन जैसे नायाब तोहफे देने से चर्चित रहे पूर्व मुख्यमंत्री स्व अर्जुन सिंह की याद में हर साल सजने वाली मुशायरा महफिल इस बार भी सजाई जाएगी। 5 नवंबर की शाम सजने वाली इस महफिल ए खास में देश विदेश के नामवर शायर और कवि अपना कलाम पेश करेंगे। इस मुशायरा आयोजन के दौरान शहर की शान कहे जाने वाले अंतरराष्ट्रीय शायर मंजर भोपाली का नागरिक सम्मान भी किया जाएगा। उनके अलावा शहर को खास सौगात और सुविधा देने वाले कई व्यक्ति भी सम्मान से नवाजे जाएंगे।
कार्यक्रम आयोजक संस्था
अर्जुन सिंह सद्‌भावना मंच, मध्यप्रदेश का यह आयोजन सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में बहरीन और मिस्र से आए शायर भी अपना कलाम पेश करेंगे। इनमें अनवर कमाल,बहरीन और डॉ वला जमाल मिस्र शामिल हैं। इनके अलावा देश के नामवर शायर
प्रोफ़ेसर वसीम बरेलवी लखनऊ, अरुण जैमिनी (हास्य) हरियाणा, डॉ. नवाज़ देवबंदी देवबंद, जौहर कानपुरी कानपुर, चरण सिंह “बशर” लखनऊ, प्रोफ़ेसर “शहपर” रसूल दिल्ली, मंज़र भोपाली भोपाल, शबीना अदीब कानपुर, सबा बलरामपुरी लखनऊ, “कलीम” समर टुन्न (मिज़ाह) बदायूँ, डॉ ज़िया टोंकी राजस्थान, कपिल जैन (हास्य) यवतमाल, सतलज राहत इंदौर, क़ाज़ी मलिक नवेद भोपाल अपने कलाम के साथ कार्यक्रम की रौनक बनेंगे। कार्यक्रम की निजामत मुजफ्फर नगर के शायर रियाज़ साग़र करेंगे। कार्यक्रम में उप्र के पूर्व मंत्री जफर नकवी, चरणदास महंत, डॉ गोविंद सिंह, आरिफ मसूद, आतिफ अकील, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के अलावा कई मेहमान मौजूद रहेंगे।

होगा कई का सम्मान
अर्जुन सिंह सद्भावना मंच के संयोजक डॉ महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शहर, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले शायर मंजर भोपाली का नागरिक सम्मान भी इस आयोजन के दौरान किया जाएगा। कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजे जा चुके मंजर भोपाली के लिए अपने शहर में होने वाला यह एजाज कुछ खास माना जा रहा है। उनके अलावा ढाई लाख से अधिक हार्ट सर्जरी कर चुके डॉ वायके मिश्रा, एवरेस्ट विजेता मेघा परमार, कन्हैया कुमार आदि को भी इस मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

राहत की जगह सरलज
याद ए अर्जुन सिंह के बरसों पुराने आयोजन में मरहूम शायर डॉ राहत इंदौरी अपने जीवनकाल में सतत मौजूदगी बनाए रहे हैं। वे इस आयोजन की शिरकत के लिए अपने बड़े आयोजनों की तारीखों को छोड़ने में भी कोताही नहीं करते थे। उनके दुनिया से विदा होने के बाद अब उनकी विरासत बेटे सरलज राहत के हाथों में है। राहत तो नहीं, लेकिन याद को मंच पर जिंदा और ताजा रखने की काबिलियत सतलज में है। इसी धारणा के साथ आयोजकों ने सतलज को कार्यक्रम का हिस्सा बनाया है।

इकबाल मैदान से सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड तक…
याद ए अर्जुन सिंह का आयोजन बरसों तक पुराने शहर के स्थापित मंच इकबाल मैदान पर सजता रहा है। लेकिन पिछले कुछ समय से प्रशासनिक तौर पर इस मैदान में सार्वजनिक आयोजन की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके चलते शहर के बड़े आयोजन यहां वहां बिखर गए हैं। याद ए अर्जुन सिंह ने अपने लिए नया ठिकाना सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड को बनाया है।

Bhopal News : एक दिवाली ऐसी भी… ओल्ड ऐज होम पहुंचे बच्चे, मना जश्न

अमित सेन
8085661177

भोपाल। त्यौहार के मायने ही चेहरों की मुस्कान, दिल का सुकून और बिताया हुआ आनंद भरा समय है। इसी मंशा को लेकर सामाजिक संस्था अनुनय ने प्री दिवाली सेलिब्रेशन का आयोजन किया। अनुनय का अभिनव कदम यह था कि इस कार्यक्रम में बस्ती, मुहल्ले और सुविधाओं से वंचित बच्चों को जोड़ा गया था। इनकी मुलाकात के लिए उस घर को चुना गया, जहां अपनों से उपेक्षित और तिरस्कृत बुजुर्ग जीवन गुजार रहे हैं। इस प्री दिवाली सेलिब्रेशन में बच्चों और ओल्ड ऐज होम के बुजुर्गों ने मिलकर शानदार जश्न मनाया।
सामाजिक संस्था अनुनय एजुकेशन एंड कल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष माही भजनी ने बताया कि संस्था पिछले कई सालों से गरीब बच्चों के लिए त्योहारी खुशियां जुटाने के प्रयास करती आई है। उनकी शिक्षा पर आधारित कार्यक्रमों के अलावा त्योहारों पर किए जाने वाले आयोजन के लिए इस बार अपना घर ओल्ड ऐज होम को चुना गया। माही ने बताया कि संस्था से जुड़े बच्चों के साथ जागरण लेक सिटी कॉलेज ने आज अपना घर ओल्ड एज होम में प्री दिवाली सेलिब्रेशन किया। इस अवसर पर जेएलयू के स्टूडेंटस और अनुनय के बच्चों और “अपना घर” के दादा दादी ने मिलकर ख़ूब धमाल किया और खुशियां बांटी। इस दौरान जेएलयू की और से बच्चों और दादा दादी को सुंदर उपहार भी दिए गए। कार्यक्रम में अपना घर की संचालक माधुरी मिश्रा, जागरण लेक सिटी की एचओडी भावना अधिकारी, प्रोफ़्रेसर श्रुति सिन्हा भी मौजूद थीं।

अनुनय सबकी खुशी के लिए अग्रसर
संस्था अनुनय विगत एक दशक से राजधानी भोपाल में सामाजिक सरोकार के कामों से जुड़ी है। गरीब, जरूरतमंद और उपेक्षित बच्चों की शिक्षा के विशेष प्रयास अनुनय द्वारा किए जा रहे हैं। इसके अलावा सामाजिक समरसता, साहित्यिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों की लंबी श्रृंखला भी इस संस्था की उपलब्धियों में शामिल है। महिला शिक्षा, स्वरोजगार और उन्हें सामाजिक उत्थान की तरफ ले जाने में भी अनुनय संस्था सतत सक्रिय है।

लाला श्यामलाल अग्रवाल एंड संस अभिषेक पूजनवाला 100 वर्षों की परंपरा

भोपाल! स्थापना और परंपरा 100 वर्षों का समर्पण के साथ अभिषेक पूजनवाला जबलपुर के बड़ा फुहारा क्षेत्र में पुरानी चरहाई रोड, फूलमंडी के सामने स्थित प्रतिष्ठान है। इस प्रतिष्ठान ने पूजा और अनुष्ठान सामग्री की बिक्री में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह व्यवसाय पारंपरिक मूल्यों और विश्वास के साथ पीढ़ियों से संचालित हो रहा है।
दीपावली महापर्व हम सभी का सबसे बड़ा त्यौहार है यह सर्व विदित हैं, क्योंकि इस पंच दिवसीय महापर्व में हम सभी क्रमशः धनतेरस को कुबेर नरक चौदस को यम एवं  हनुमान दीपावली पर लक्ष्मी गणेश दूज के दिन राधाकृष्ण और गौमाता की पूजन करते है ।नए बहीखाता नए मकान नए वाहन आभूषण गृहस्थी का सामान सब कुछ इन्हीं शुभ मुहूर्तों पर खरीदते है ।इस महापर्व में पूजन में उपयुक्त होने वाली सभी प्रकार की शुद्ध पूजन सामग्री, धार्मिक ग्रंथ , शुद्ध घी,तेल ,अगरबत्ती ,धूप,हवन,कपूर,पीतल के दीप मूर्तियां ,बर्तन ,सिंहासन ,झूले ,भगवान के वस्त्र श्रृंगार आभूषण ,आसान इत्यादि समस्त वैरायटी थोक मूल्य पर विक्रय करते है ।इसकी वजह 4 पीढ़ियों का आधार स्तंभ हमारे परदादा श्री नाथूलाल जी ,हमारे दादाजी श्री श्यामलाल जी ,हमारे पिता श्री अशोक अग्रवाल जी के द्वारा  चलते – चलते यह व्यवसाय अब हमारे हाथ में आया 100 से अधिक वर्ष हुए इस व्यवसाय को थोक में करते हुए ,अब फुटकर ( रिटेल ) में थोक मूल्य पर उपलब्ध कराने हम आपकी सेवा में तत्पर है।
यह प्रतिष्ठान पूजन सामग्री के क्षेत्र में अपनी विशेषता के लिए जाना जाता है। यहां पर सभी प्रकार की पूजा सामग्री, अनुष्ठान वस्त्र, आभूषण और हवन सामग्री उपलब्ध हैं। चाहे वह दीपावली हो, हवन या किसी अन्य धार्मिक अनुष्ठान, हर प्रकार की सामग्री यहां पर एक ही जगह पर मिलती है।- पूजा सामग्रियाँ: विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के लिए शुद्ध और पारंपरिक सामग्रियाँ। वस्त्र और आभूषण: भगवान की मूर्तियों के लिए विशेष पूजा वस्त्र और आभूषण। हवन सामग्री: शुद्ध हवन सामग्री जैसे कपूर, धूप, और अगरबत्ती की उच्च गुणवत्ता।
दीपावली पर विशेष उपयोग की वस्तुएं
पीली कौड़ी सफेद कौड़ी काली कौड़ी गोमती चक्र शंखकाली हल्दी श्रीयंत्र लघु नारियल एवं एकाक्षी नारियल कुबेर पुड़िया लक्ष्मी गणेश पूजन किट ( इसमें आपको दीपावली पूजन का सभी सामान मिल जाएगा )बेहद खूबसूरत फोटो विथ फ्रेमधोती कुर्ता पूजन के नए वस्त्रएवं तंत्र में उपयोग होने वाली विशेष जड़ी बूटियां।ऑनलाइन सुविधा की शुरुआतअब लाला श्यामलाल अग्रवाल एंड संस ने अपने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन सेवा भी शुरू कर दी है। इसके माध्यम से ग्राहक घर बैठे ही अपने आर्डर बुक कर सकते हैं और सभी प्रकार की पूजा सामग्री की होम डिलीवरी का लाभ उठा सकते हैं। फ्री होम डिलीवरी और विशेष उपहार दीपावली के शुभ अवसर पर, प्रतिष्ठान अपने हर ग्राहक को फ्री गिफ्ट दे रहा है। साथ ही, इस विशेष अवधि में फ्री होम डिलीवरी की सुविधा भी प्रदान की जा रही है, जिससे ग्राहकों को उनके घर तक सामग्री पहुंचाई जा रही है। मोबाइल नंबर: 9302030700, 7999787778 (व्हाट्सएप)फोन नंबर: 0761 4070435
लाला श्यामलाल अग्रवाल एंड संस अपने 100 वर्षों के अनुभव और परंपरा के साथ, पूजा सामग्री और अनुष्ठान आवश्यकताओं के लिए आपका एकमात्र स्थान है। उनकी ऑनलाइन सुविधा और विशेष उपहारों के साथ, यह प्रतिष्ठान आपके धार्मिक कार्यों को और भी आसान और समर्पित बनाने के लिए तैयार है।

MP News : प्रदेश की कला फिर अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर, जापान में सराही गई बाग प्रिंट कला, जानिए क्या है नई उपलब्धि

खान आशु
भोपाल। आदिवासी अंचल से जुड़ा एक छोटा सा कस्बा बाग…! पांडव गुफाओं वाले इस ऐतिहासिक गांव से निकली प्रिंट कला प्रदेश के मंचों को नापते हुए देशव्यापी हुई। फिर इसने अंतरराष्ट्रीय छलांग लगाई। बरसों का यह सिलसिला अब भी कायम रहते हुए और अधिक निखार की तरफ बढ़ा हुआ है। नई उपलब्धि इसके हिस्से समंदरों के पार जापान में मिली है। जहां इस बाग प्रिंट को दिल से लगाया जा रहा है और मन से सराहा भी जा रहा है। मध्य प्रदेश के धार जिले की पारंपरिक बाग प्रिंट हस्तकला इन दिनों जापान में आयोजित “इंडिया मेला-2024” में अपनी छाप छोड़ रही है। कुशल कारीगर मोहम्मद यूसुफ खत्री यहां जापानी दर्शकों को बाग प्रिंट की कला से रूबरू करा रहे हैं।

प्राकृतिक रंगों की रंगत बाग प्रिंट की अनूठी कलाकारी
बाग प्रिंट की खासियत इसकी जटिल पैटर्न और प्राकृतिक रंगों में है। खत्री ने जापान के विभिन्न शहरों, जैसे ओसाका, क्योटो और साकाई में, वर्कशॉप और प्रदर्शन आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में उन्होंने स्थानीय लोगों को बाग प्रिंट की बारीकियों को सिखाया और उन्हें स्वयं रूमाल बनाने का अवसर दिया।

जापान वासियों ने दिखाई गहरी रुचि
जापानी लोग बाग प्रिंट की कला से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने न केवल इसकी सुंदरता की प्रशंसा की, बल्कि इसके पीछे की परंपरा और कारीगरी में भी गहरी रुचि दिखाई। कई लोगों ने बाग प्रिंट के उत्पाद खरीदे और सीखने के लिए वर्कशॉप में भाग लिया।

भारत और मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रदर्शन
बाग प्रिंट की जापान में सफलता मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि का एक जीवंत प्रदर्शन है। यह हस्तकला पीढ़ियों से चली आ रही है और स्थानीय कारीगरों के लिए रोज़गार का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। मोहम्मद यूसुफ खत्री की जापान यात्रा ने न केवल बाग प्रिंट हस्तकला को वैश्विक मंच पर प्रमोट किया, बल्कि भारत और मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को भी सम्मान दिलाया। उन्होंने जापान के भौगोलिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और परंपरागत परिधानों को डिजाइन किया, जिन्हें जापान वासियों ने ख़ूब सराहा। मोहम्मद यूसुफ खत्री का जापान दौरा न केवल बाग प्रिंट को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर लाया, बल्कि भारत और मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी वैश्विक स्तर पर बढ़ावा दिया। यह प्रदर्शन भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगा।

Hajj News : मुश्किल हुई आसान, अब 31 तक जमा कर पाएंगे हज की पहली किस्त, जानिए क्या है नया आदेश

खान आशु
भोपाल। हज कमेटी के मार्फत सफर पर जाने वाले अकीदतमंदों को रियायत दी गई है। अब वे अपनी हज खर्च की पहली किस्त 31 अक्टूबर तक जमा कर पाएंगे। यह राशि जमा करने की सोमवार को आखिरी तारीख थी। बड़ी संख्या में बाकी रह गए लोगों को देखते हुए हज कमेटी ऑफ इंडिया से तारीख में इजाफा करने की गुजारिश कई सामाजिक संगठनों ने की थी। जिसके बाद यह आदेश जारी किए गए हैं।
सेंट्रल हज कमेटी ने सोमवार देर शाम जारी किए आदेश में हज खर्च की पहली किस्त जमा करने की नई तारीख घोषित कर दी है। पहले इसके लिए 21 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई थी। इस तारीख तक चुने गए हाजियों को अपने सफर के खर्च की पहली किस्त के रूप में एक लाख, 30 हजार, 300 रुपए जमा करने थे। इसके साथ ही पासपोर्ट, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी इसी दिन जमा कराने थे। सोमवार शाम को जारी किए गए आदेश के अनुसार अब हज आवेदक अपनी राशि और दस्तावेज 31 अक्टूबर तक जमा कर सकेंगे।

छुट्टी के दिन भी मुस्तैद कमेटी
हाजियों की पहली किस्त की पे इन स्लिप और दस्तावेजों की प्रति मप्र राज्य हज कमेटी के कार्यालय में जमा की जा रही हैं। यहां से प्रदेश के सभी हाजियों के दस्तावेज, पासपोर्ट आदि सामग्री जमा होकर एकसाथ सेंट्रल हज कमेटी को भेजी जाएगी। इसके लिए प्रदेश हज कमेटी कार्यालय में छुट्टी वाले दिन भी सतत काम किया जा रहा है। हज कमेटी अध्यक्ष रफत वारसी और कमेटी की कार्यपालन अधिकारी डॉ फरजाना गजाल के निर्देशानुसार पिछले दिनों छुट्टी वाले दिनों में भी स्टॉफ ने मोर्चा संभाल रखा। कमेटी अध्यक्ष मसूद अख्तर और अन्य कर्मचारियों फाजिल कैफ, अजहर खान, मोहम्मद कलाम समेत पूरी टीम मुस्तैद दिखाई दी।

5 नवंबर से पहले निकलेगा पासपोर्ट जखीरा
प्रदेश से चुने गए 7107 हाजियों के पासपोर्ट, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और आवेदन फॉर्म की मूल प्रति सेंट्रल हज कमेटी को 5 नवंबर से पहले पहुंचना है। इसके लिए हज कमेटी द्वारा यह सारी सामग्री बड़े बॉक्स में जमा कर मुंबई रवाना करेगी। हज कमेटी अधिकारियों की देखरेख में यहां के कर्मचारी इसको लेकर जाएंगे।

Bhopal News : दुनिया की भागदौड़ में अल्लाह के हुक्म को न भूलें, कहा पंजाब के शाही ईमाम ने, जानें पूरा कार्यक्रम

भोपाल। पंजाब के शाही ईमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी एक दिवसीय यात्रा पर भोपाल में थे। इस दौरान उन्होंने शहर में अलग अलग स्थानों पर मजहबी महफिलों में शिरकत की। उन्होंने अपने उद्बोधन में अल्लाह और उसके प्यारे रसूल के बताए रास्तों पर जिंदगी गुजारने की ताकीद की। महिलाओं और मर्दों के लिए अलग अलग स्थानों पर हुए आयोजन के अलावा मौलाना ने कुछ निजी मुलाकातें भी की।
राजधानी के ऐशबाग इलाके में आयोजित कार्यक्रम में मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी ने महिलाओं की मजलिस को संबोधित किया। इस दौरान
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि मुसलमान महिलाओं ने हर दौर में इस्लाम की तरक्की और इसकी रक्षा में अद्वितीय भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इस्लामी इतिहास में ऐसी महिलाओं की कहानियाँ भरी पड़ी हैं जिन्होंने न सिर्फ अपने घर-परिवार की जिम्मेदारियाँ निभाईं, बल्कि समाज और उम्मत के लिए भी बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किए।

इंसान समझें दुनिया में आने का मकसद : शाही ईमाम
शाही इमाम साहब ने सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में एक बड़े मजमे को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बयान में फरमाया कि हमारी जिंदगी का असल मकसद सिर्फ दुनिया की ज़रूरतों को पूरा करना नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी जिंदगी का मकसद हमारी जिंदगी की ज़रूरतों से ज्यादा अहम है, इसलिए वक़्ती जरूरतों के पीछे अपने मकसद-ए-जिंदगी को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुसलमानों का असल मकसद अल्लाह और उसके रसूल की इत्ताअत और फरमाबरदारी है। शाही इमाम साहब ने अपने खिताब को इसी अहम पैगाम के साथ मुकम्मल किया और अंत में मुसलमानों के बेहतर भविष्य और दीन पर कायम रहने की दुआ की।

मौजूद यह भी रहे
कार्यक्रम में तर्जुमा वाली मस्जिद के मौलाना मोहम्मद अहमद और मध्य विधायक आरिफ मसूद भी मौजूद थे। इस मौके पर नायब शहर काजी मौलाना अली कदर ने कहा कि  इस प्रोग्राम ने भोपाल की महिलाओं में एक नई जागरूकता और इस्लामिक ज्ञान का बीज बोने का काम किया है। जिसने उन्हें अपने किरदार और इस्लामी शिक्षाओं पर गर्व महसूस कराया।

बनी रही दीवानगी
पंजाब के शाही ईमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी की  शहर आमद को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह दिखाई दिया। मौलाना की एक झलक पाने के लिए और उनसे मुलाकात करने या हाथ मिलाने के लिए लोग रेलवे स्टेशन से लेकर कार्यक्रम स्थल और ठहरने के स्थानों पर पहुंचे।

Bhopal News : अदब की महफिलों से आबाद शहर, हफ्ते भर में कई आयोजन… अब एक और शाम सजेगी, जानें क्या है प्रोग्राम

खान आशु
भोपाल। राजधानी भोपाल में लगातार अदबी महफिलें आबाद हैं। अलग अलग आयोजन विभिन्न रंग यहां बिखर रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों में यहां कई बड़े आयोजन और भी होने वाले हैं। इन कार्यक्रमों से जहां सीनियर शायर और साहित्यकार अदब की नई ऊंचाई को छूते दिखाई दे सकते हैं, वहीं कुछ नए चेहरों को नई राहें आसान होती भी नजर आ सकती है।
सांस्कृतिक संस्था ब =जोक राजधानी के दुष्यंत संग्रहालय में एक यादगार महफिल सजाने की तैयारी कर रही है। 23 अक्टूबर की शाम सजने वाली इस मुशायरा और कवि सम्मेलन का केंद्र बिंदु नए और युवा शायर एवं कवि रखे गए हैं। कार्यक्रम के संयोजक शशांक त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम शाम साढ़े पांच बजे अपनी रौनक बिखेरना शुरू करेगा। श्रोताओं का काव्य मन तृप्त होने तक यहां गजलों और कविताओं की गंगोत्री बहती रहेगी। त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर अंतरराष्ट्रीय शायर डॉ अंजुम बाराबंकवी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में डॉ रज़ा एस दुर्रानी भी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। संस्था अध्यक्ष डॉ एके अनवर ने कहा कि अदब की यह महफिल नए आयाम स्थापित करने की कोशिश के साथ की जा रही। इस बात पर पूरा यकीन किया जा सकता है कि राजधानी से यह नई तहरीर जरूर लिखी जाएगी। इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम में कर्नल मनीष बहुगुणा, प्रदीप वैश्य, शिक्षा विश्वकर्मा, औरंगजेब आलम, मोहम्मद इंसाफ, शोएब अली खान, सैयद इनायत अब्बास, आदित्य जैन, शशांक त्यागी, लोकेश गुलयानी, कुलदीप कनौजिया, Lt Cdr दीपिका सिंह, इमरान खान, डॉ एके अनवर आदि अपने कलाम से महफिल रौशन करेंगे।

अभी हुए हैं यह आयोजन
राजधानी में पिछले सप्ताह में अदबी मंचों पर बड़े शायर और साहित्यकार अपनी मौजूदगी दर्ज करवा चुके हैं। इसमें बज़्म ए हसन द्वारा आयोजित किया गया शाद अवार्ड भी शामिल है। इस मौके पर एक अंतरराष्ट्रीय मुशायरा भी हुआ। जिसमें प्रो खालिद महमूद, हसन काजमी, असलम शेख, एजाज अंसारी, परवीन शग़फ, मन्नान फराज, इम्तियाज गोरखपुरी, अनवर कमाल, डॉ दीप शिखा, हमीद अली अख्तर जैस नामवर शायरों ने अपने कलाम पेश किए। इसी कड़ी में राजधानी की प्रतिष्ठित साहित्य संस्था खुशबू एजुकेशनल एंड कल्चरल सोसाइटी ने याद ए वाहिद प्रेमी का आयोजन किया। इस मौके पर मुशायरा, पुस्तक विमोचन और सम्मान समारोह हुआ।  कार्यक्रम में पूर्व सांसद आलोक संजर, इकबाल मसूद, हामिद गौहर, डॉ मोहम्मद आजम, अलीम बज्मी में मेहमान ए खास थे। संस्था के सरपरस्त सैयद ताहा पाशा और अध्यक्ष साजिद प्रेमी ने बताया कि आयोजन का यह सिलसिला कई वर्षों से जारी है।

कुछ आयोजन कतार में
जानकारी के मुताबिक अगले महीने की शुरुआत में राजधानी में कुछ बड़ी महफिलें और सजेंगी। इनमें याद ए अर्जुन सिंह के तहत एक ऑल इंडिया मुशायरा होगा। इसी तरह साहित्यिक संस्था तहजीब भी एक आयोजन करेगी। संस्था के डॉ अंजुम बाराबंकवी और डॉ महताब आलम ने बताया कि इस आयोजन में राष्ट्रीय स्तर का मुशायरा, पुस्तक विमोचन और सम्मान समारोह होगा।

MP के सभी कर्मचारियों को 28 अक्टूबर को मिलेगा वेतन।

सीएम ने एक्स पर लिखा विभागों को दिए वेतन देने के आदेश।

जीतेन्द्र सेन
भोपाल:- मध्य प्रदेश के सभी कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन 28 अक्टूबर को दे दिया जाएगा। 1 नवंबर को पड़ रहे दीपावली पर्व को देखते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने निर्धारित तारीख से 4 दिन पहले वेतन देने का निर्णय लिया है। सीएम ने सोशल प्लेटफार्म एक्स पर इसकी सूचना दी। उन्होंने कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम बधाई भी दी है
समस्त शासकीय सेवकों को त्यौहार पूर्व वेतन भुगतान होने से निश्चित ही दीपोत्सव अधिक आनंददायक होगा, मेरी ओर से दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं।

सीएम ने लिखा कि दीपावली पर्व को देखते हुए सभी सरकारी कर्मचारियों को 1 नवंबर के स्थान पर अक्टूबर माह का वेतन 28 तारीख को देने के आदेश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। उन्होंने लिखा कि सभी कर्मचारियों को त्योहार पूर्व वेतन मिलने से निश्चित ही दीपोत्सव का पर्व दीपावली अधिक आनंददायक होगी। आपको बता दें कि इस बार 31 अक्टूबर को दीपोत्सव मनाया जा रहा है, जबकि मध्य प्रदेश में वेतन आहरण के अनुसार कर्मचारियों को वेतन का भुगतान माह की 1 से 10 तारीख के बीच किया जाता है। लगभग सभी कर्मचारी संगठनों ने भी सीएम से दीपावली को देखते हुए 25 अक्टूबर तक वेतन का भुगतान कराने की मांग की थी।

बात नबी की, सलाह सीरत की… पंजाब के शाही ईमाम राजधानी में करेंगे संबोधित

भोपाल। इस्लाम के आखिरी पैगंबर हजरत मुहम्मद सअस ने जिन बातों की ताकीद की और उन्हें अपनाने की सलाह दी, उनसे मुस्लिम समुदाय का ही एक बड़ा तबका अनजान और गुमराह है। यही वजह है कि अन्य धर्म के किसी व्यक्ति द्वारा उस पाक शख्सियत पर उंगली उठाता है और अनर्गल टिप्पणी करता है तो पैगंबर मुहम्मद के अनुयाई कहलाने वालों के पास भी वह जवाब नहीं होता, जिससे वे दीगर कौम के व्यक्ति की जिज्ञासा शांत कर सकें या उन्हें तथ्यात्मक तरीके से सही बात से वाकिफ करवा सकें। इन्हीं कोशिशों की तरफ बढ़े कदमों ने अब देश और प्रदेश में सीरत ए नबी (पैगंबर का व्यक्तित्व) विषय पर कार्यक्रमों में इजाफा किया है। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल में इस रविवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसे पंजाब के शाही ईमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान लुधियानवी संबोधित करेंगे।
सामाजिक संस्था टीम कबीर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम दो सत्रों में होगा। रविवार सुबह 9 से 12 बजे तक होने वाला कार्यक्रम ऐशबाग स्थित चार मीनारा मस्जिद पर होगा। इस कार्यक्रम में सिर्फ महिलाओं की मौजूदगी रहेगी। इसके बाद इसी रोज रात को 9 बजे एक बड़ा मजमा सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड पर मौलाना की तकरीर सुन सकेगा। कार्यक्रम आयोजकों में शामिल नायब शहर काजी मौलाना अली कदर हुसैनी ने बताया कि कार्यक्रम के मेहमान ए खास मुफ्ती ए आजम मौलाना अहमद खान रहेंगे। मध्य विधायक आरिफ मसूद भी बतौर मेहमान इस कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। नायब शहर काजी मौलाना अली कदर हुसैनी ने कहा कि पंजाब के शाही इमाम साहब इस्लाम धर्म पर गहरी जानकारी रखते हैं। कार्यक्रम के दौरान इस्लामिक शिक्षा और अमन के संदेश को सुनें और इसका पालन करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं और मर्दों को इस प्रोग्राम से बेहतर फायदा लेना चाहिए।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu