भोपाल। केंद्र सरकार के बजट पर “आप” का बड़ा तंज सामने आया है, आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने बजट को निराशाजनक बताया है। आप प्रवक्ता ने कहा कि बजट ने निवेशकों को निराश किया है। इस बजट में गरीबों और मध्यमवर्ग को कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। रमाकांत पटेल ने कहा कि बजट में किसानो तथा बेरोजगारो के लिए कोई विशेष लाभ नहीं मिला है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत पटेल ने बजट को लोगों को ठगने वाला और पूंजीपतियों को लूट की छूट देने वाला बजट बताया।
Category: देश
सड़क सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग भोपाल ने की जागरूकता गतिविधियां
ट्रैफिक और स्वास्थ्य के नियमों के पालन पर दी जानकारी
भोपाल। सड़क सुरक्षा जागरूकता माह अंतर्गत संचालित गतिविधियों में स्वास्थ्य विभाग भोपाल द्वारा सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन की जानकारी के लिए जागरूकता गतिविधियां की गईं। भोपाल के व्यस्ततम रोशनपुरा क्षेत्र में इंटर्न चिकित्सकों और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा हाथों में तख्तियां लेकर सड़क सुरक्षा के नियमों और स्वास्थ्य संदेशों की जानकारी दी गई।

भारत में हर साल जनवरी माह में सड़क सुरक्षा जागरूकता माह मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि भारत में हर साल लाखों लोगों की मृत्यु सड़क दुर्घटनाओं में हो जाती है। इन मौतों को थोड़ी सी सावधानी रखकर कम किया जा सकता है । इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी इस अभियान में शामिल हुआ है। सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी देकर इनके अनिवार्यतः पालन के लिए कहा गया है।
ऐतिहासिक और आमजनों की खुशी का बजट – विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने केंद्र सरकार के बजट पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बजट को जनहितैषी बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट ऐतिहासिक और आम जनता को खुश करने वाला बजट है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बोले कि ये बजट विकसित भारत के अटल संकल्प की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट है। इस बजट में हमारे हमारे गरीब,अन्नदाता, नारी शक्ति और नौजवानों को सशक्त व सक्षम बनाने के लिए प्रावधान किए गए हैं। वीडी शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार का नया बजट संपूर्ण भारत वर्ष, हर क्षेत्र, हर समाज और वर्ग के विकास को सुनिश्चित करने वाला बजट है। बजट में शिक्षा के क्षेत्र में विकास के लिए अनेक प्रावधान किए गए हैं। मेडिकल एजुकेशन और आईआईटी में 75000 सीटें बढ़ाने की घोषणा इस बजट में की गई है। खजुराहो सांसद बोले कि मुझे ये बताते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है कि इस बजट में किसानों के लिए प्रधानमंत्री धन धान्य योजना की घोषणा की गई है। इस योजना से देश के 100 जिले और 1.70 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। इस बजट में कृषि और अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ी सौगात देश के नागरिकों को मिली है। बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए 12 लाख तक की आय को टैक्स फ्री किया गया, जो एक ऐतिहासिक निर्णय है। बजट प्रस्तावों से देश और उसके विकास को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विजन की झलक दिखाई देती है।
बजट पर भड़की कांग्रेस, बजट को बताया जनविरोधी, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने वाला
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट आम जनता के लिए निराशाजनक और पूंजीपतियों के लिए फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि देश पहले ही गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी के संकट से गुजर रहा है, लेकिन मोदी सरकार ने इस बजट में जनता को कोई राहत नहीं दी।
पटवारी ने कहा कि देश का किसान पहले से ही बदहाल स्थिति में है, लेकिन फिर भी इस बजट में किसानों के लिए कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार ने उन्हें कोई अवसर देने की बजाय केवल आंकड़ों की बाजीगरी की है।
उन्होंने कहा कि यह बजट उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाला है, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग को इसमें कोई राहत नहीं दी गई। महंगाई चरम पर है, आवश्यक वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार का यह बजट साफ दर्शाता है कि यह सरकार केवल कुछ गिने-चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। जनता की उम्मीदों को फिर से तोड़ते हुए यह बजट पूरी तरह निराशाजनक साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की आम जनता की आवाज उठाती रहेगी और जनविरोधी नीतियों का डटकर विरोध करेगी।
केंद्रीय बजट पर भारतीय किसान संघ की प्रतिक्रिया !
भारतीय किसान संघ बोला – किसान हितैषी और गांवों के विकास व समृद्धि का बजट
भोपाल। भारत सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कहा कि सरकार ने देश के सभी राज्यों के किसानों का बजट में ध्यान रखा है। पहली बार बजट की शुरुआत कृषि व किसान से हुई है। चूंकि कृषि से जुड़ी बड़ी आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है। उस दृष्टि से बजट में गांवों व कृषि को प्राथमिकता में रखने पर हम देश की वित्त मंत्री को धन्यवाद देते हैं। भारतीय किसान संघ ने किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की मांग की थी जिसे बजट में 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख किया गया है। इससे देश के सभी किसानों को लाभ होगा और निश्चित तौर पर खाद्यान्न उत्पादकता में वृद्धि दर्ज होगी। मिश्र ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना के माध्यम से सरकार देश के कम उत्पादकता वाले 100 जिलों के लिए विकासशील जिला कार्यक्रम के तहत कार्य करने वाली है जिससे इन कमजोर जिलों में कृषि रोजगार के अवसरों में वृद्धि से करोड़ों किसानों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही मिश्र ने बताया कि हल्दी बोर्ड के गठन के बाद सरकार ने फसल विविधता को बढ़ावा देने बजट में मखाना बोर्ड बनाकर मखाने का उत्पादन, मार्केटिंग, प्रोसेसिंग व ब्रांडिंग कर किसानों को लाभ दिलाने की बात कही है। पूर्वोत्तर राज्यों में खाद की कमी को दूर करने सरकार असम में नया यूरिया प्लांट लगाने जा रही है जो स्वागत योग्य कदम है।
डेयरी व मछली उत्पादक किसानों के विकास के लिए ऋण योजना, दलहन व कपड़ा में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दलहन मिशन और वीटी कपास के कारण उत्पादकता में कमी व अनिश्चितता को देखते हुए सरकार ने नॉन जीएम कपास फसल के उत्पादन को बढ़ाने कपास मिशन बनाने का ऐलान बजट में किया है। फल सब्जियों व श्रीअन्न के उत्पादन व लाभकारी मूल्य के लिए राज्यों के सहयोग से व्यापक कार्यक्रम चलाने की बात बजट में शामिल है। गांवों के विकास व किसान हितैषी केंद्रीय बजट का भारतीय किसान संघ स्वागत करता है।
इसके साथ ही महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कहा कि बजट पूर्व चर्चा में किसानों की प्रमुख मांग किसान सम्मान निधि बढ़ाने, कृषि आदान सामग्री पर जीएसटी खत्म करने और जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की मांग बजट में की थी। जिसके पूर्ण न होने से किसानों को निराशा हुई है।
भारतीय अर्थ व्यवस्था को प्रगति प्रदान करेगा नया बजट : खाद्य मंत्री राजपूत
हर वर्ग के लिए राहत और अवसरों का विस्तार, गरीब, युवा और महिलाओं के लिए कई योजनाएं
भोपाल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के द्वारा पेश किये गए 2025- 26 के आम बजट को सभी वर्गों के लिए फायदेमंद बताते हुए कहा कि इस बार केंद्रीय बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। राजपूत ने कहा कि नया बजट भारतीय अर्थव्यवस्था को गति देने वाला है। गरीब, युवा और महिलाओं के लिए कई योजनाओं के जरिए सरकार ने यह संकेत दिया है कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में यह बजट एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। यह बजट विशेष रूप से मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यवसाय और छात्रों के लिए आशा की किरण है, जो इसे अपनी उम्मीदों को पूरा करने का एक अवसर मान रहे हैं। मंत्री राजपूत ने कहा कि वित्त मंत्री ने जिस तरह से सामाजिक कल्याण, बुनियादी ढांचा और आर्थिक समावेशन पर जोर दिया है, उससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक वृद्धि नहीं, बल्कि समग्र समृद्धि है। आयकर में सुधार, कृषि क्षेत्र में निवेश, और स्वास्थ्य-शिक्षा जैसी योजनाओं के जरिए सरकार ने आम आदमी की उम्मीदों को नई दिशा दी है। इस बजट के जरिए भारत अपनी दीर्घकालिक विकास की यात्रा में और मजबूत कदम उठाएगा।
कैंसर की दवाएं सस्ती करना मोदी सरकार का बड़ा कदम :
परिवहन मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में कैंसर की दवाएं सस्ती करने का ऐलान किया। इसका सीधा लाभ देश – प्रदेश की जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगले 3 साल में देश के सभी जिलों में कैंसर डे केयर सेंटर बनाए जाएंगे। अगले फाइनेंशियल इयर में ही ऐसे 200 सेंटर बनाए जाएंगे।
खाद्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने आयकरदाताओं को भी बड़ी राहत दी है। नई घोषणा के अनुसार अब सालाना 12.75 लाख रुपए तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वहीं अब पिछले 4 साल का आयकर रिटर्न एक साथ फाइल कर सकेंगे। राजपूत ने सीनियर सिटीजन के लिए टीडीएस की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख करने को भी राहत भरा कदम बताया है।
MP News : एक मंच। 26 महिला विभूतियां, पाएंगी ऊर्जा का सम्मान, आयोजन 3 को
अमित सेन
8085661177
भोपाल। महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बाद नारी शक्ति की कोशिशों को सलाम करने का क्रम भी जारी है। राजधानी की सामाजिक संस्था अनुनय ऐसी ही महिला विभूतियां चुनकर उनका सम्मान करती है। संस्था के तीसरे आयोजन में करीब 26 महिलाओं को ऊर्जस्विता सम्मान से नवाजा जाएगा। आयोजन 3 फरवरी की शाम भोपाल के भारतीय होटल प्रबंधन संस्थान में होगा।
संस्था प्रमुख माही बज्मी ने बताया कि सम्मान समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत 26 महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के तौर पर महिला विभूतियों का सम्मान करेंगी। आईएचएम के प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन, प्रफुल्लित तीर्थ के पीठाधीश स्वामी मनेश्वरानंद और छत्तीसगढ़ के पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) सुधीर अग्रवाल इस अवसर पर विशेष अतिथि रहेंगे। इस अवसर पर बालाघाट में सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए मार्गी वॉट्स कार्टर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। माही भजनी ने बताया कि अनुनय संस्था पिछले 14 वर्षों से गरीब एवं वंचित तबके के बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। खासकर ऐसे बच्चों के लिए जो पन्नी बीनते हैं या भीख मांगते हैं। अब तक संस्था के सेतु सेंटरों के जरिये करीब एक हजार बच्चों को स्कूल से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा संस्था ने शाजापुर जिले में एक स्कूल के डिजिटलीकरण में भी अहम योगदान दिया है। संस्था के सचिव डॉ. भट्टाचार्य ने बताया कि ऊर्जस्विता सम्मान के जरिये हमारी कोशिश समाज को दिशा देने वाली उन महिला विभूतियों का सम्मान करना है, जो अपने-अपने क्षेत्र की दिग्गज हैं और देश-दुनिया में अपना नाम कमा रही हैं।
इन विभूतियों का होगा सम्मान डॉ अनामिका जैन- उच्च शिक्षा ( इंदौर), डॉ पल्लवी तिवारी- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (यूएस), संप्रिया पूजा- लोकनृत्य एवं गायन, (छत्तीसगढ़), डॉ वंदना अग्रवाल -स्कूल शिक्षा ( छत्तीसगढ़), ओरियल प्रिज़मैन – संरक्षण (यूके), डॉ आरती सिन्हा- साउंड हीलर एवम वेलनेस कोच, चंद्रकला परस्ते- जनजातीय संस्कृति (डिंडोरी), प्रभाकर खलको- प्रशासन (छत्तीसगढ़), मेघा मुक्तिबोध- शिक्षा, मनीषा आनंद- मिसेज़ इंडिया, शोमिता भट्टाचार्य- पर्यावरण, (इंदौर), रोली शर्मा, विपणन पेशेवर (नई दिल्ली), आशा पठानिया- सत्कार उद्योग (हरियाणा), दिव्या अत्रि- समाज सेवा, भूमिका कलम- ज्योतिष (इंदौर), अंजु तड़ियाल – कौशल विकास, दक्षा वैदकर- प्रिंट मीडिया, हुमेरा ख़ान – सामाजिक उद्यमी, श्रुति सिंह – राजनीति, विशाखा कवठेकर- आर्किटेक्ट, अर्पणा चेंडके- उद्यमी (इंदौर), दीक्षा पाटकर भदौरिया – नवाचार, आराधना मालवी – आदिम कल्याण एवं खेलकूद (बैतूल), मीरा – इंफ्लुएंसर (चीन), पूर्वा त्रिवेदी- इलेक्ट्रॉनिक मीडिया। बालाघाट में सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए मार्गी वॉट्स कार्टर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
भारत भवन में साहित्य और पुरातत्व का संगम : साहित्य महोत्सव में
पुरातत्वीय प्रकाशनों एवं प्रतिकृतियों को मिल रही खास तवज्जो
भोपाल। साहित्यिक गतिविधियों से सजे भोपाल साहित्य महोत्सव में अपने प्रदेश की विरासत जानने के इच्छुक लोगों की जिज्ञासा भी शांत हो रही हैं। पुरातत्व संपदा से जुड़े विभिन्न प्रकाशनों एवं प्रतिकृतियों को इस महोत्सव में प्रदर्शित किया गया है। विक्रय के लिए उपलब्ध पुरातत्व संचालनालय के प्रकाशनों एवं प्रतिकृतियों को लेकर आगंतुक अच्छा रिस्पॉन्स दिखा रहे हैं।

राजधानी भोपाल में भारत भवन में जारी साहित्य महोत्सव में संचालनालय पुरातत्व ने भी अपना स्टॉल लगाया है। इस आकर्षक स्टॉल की विशेषता यहां मौजूद पुरातात्विक धरोहरों में स्थान रखने वाली प्रमुख प्रतिमाओं की प्रतिकृतियाँ शामिल हैं। पुरातत्व विभाग ने अपने इस स्टॉल पर पुरातात्विक सर्वेक्षण पर आधारित प्रकाशनों को भी सजाया है। विभाग की मंशा है कि आमजन तक पुरातात्विक संस्कृति को पहुंचाया जा सके।
बहुत कुछ है इस स्टॉल पर
पुरातत्व विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में शालभंजिका, नृत्य गणेश, रवानानुग्रह आदि की प्रतिकृतियां शामिल हैं। यहां पुरातन, उज्जैनी, राज्य संग्रहालय भोपाल की पाषाण प्रतिमाएं, मोनुमेंट ओरछा, सागर जिले की सांस्कृतिक विरासत एवं अन्य विभागीय प्रकाशन विक्रय के लिए उपलब्ध हैं। गौरतलब है कि महोत्सव में आने वाले आगंतुकों के लिए यह स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
स्टेट म्यूजियम में गूंजा लोक गायन… गीत संगीत से सजी शाम, हुआ युग कालीन सिक्कों की प्रदर्शनी का समापन
अमित सेन
8085661177
भोपाल। श्यामला हिल्स सुरम्य पहाड़ियों पर बसे राज्य संग्रहालय की दहलीज पर एक संगीत भरी शाम की सौगात आई। गत एक सप्ताह से जारी युगकालीन सिक्कों की प्रदर्शनी के समापन अवसर को इस खास रंगत के साथ सजाया गया था। भक्ति गीतों से हुई शुरुआत के बीच गणतंत्र पर्व को समर्पित देशभक्ति गीत भी यहां लहराए। बाद में लोक गीत और लोक नृत्य से भी मौजूद श्रोता और दर्शक झूमते नजर आए। इस संगीतभरी खास प्रस्तुति के लिए उत्तर प्रदेश से प्रसिद्ध लोक गायक सुरेश कुशवाह और उनकी टीम भोपाल पहुंची थी।
पुरातत्व संचालनालय व अभिलेखागार एवं संग्रहालय भोपाल ने डॉ विष्णु श्रीधर वाकणकर पुरातत्व एवं शोध संस्थान के साथ यह आयोजन किया था। जिसके अंतर्गत अश्विनी शोध संस्थान महिदपुर(उज्जैन) ने युग युगीन सिक्कों की प्रदर्शनी और इसी पर आधारित व्याख्यान माला का आयोजन किया था। एक सप्ताह के इस आयोजन का मकसद नई पीढ़ी को अपने देश और प्रदेश की विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से वाकिफ कराना था। कार्यक्रम के समापन सत्र में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का आगाज संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में संस्कृति सचिव और पुरातत्व विभाग की आयुक्त श्रीमती उर्मिला शुक्ला, निदेशक डॉ पूजा शुक्ला भी अतिथियों में शामिल थीं।

व्याख्यान माला में रेखांकित हुए सिक्के
कार्यक्रम के प्रारंभ में आयुक्त उर्मिला शुक्ला ने द्वारा युग-युगीन सिक्कों की प्रदर्शनी और इस पर आधारित व्याख्यान माला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। ये सिक्के अश्विनी शोध संस्थान महिदपुर के संग्रह से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिक्के समसामयिक, ऐतिहासिक, सामाजिक, धार्मिक एवं आर्थिक अध्ययन के महत्वपूर्ण स्त्रोत के रूप में जीवंत प्रमाण हैं। यहां प्रदर्शित सिक्के भारत की प्राचीनतम निष्क के रूप में प्रचलित प्राचीनतम सिक्कों से लेकर आहत मुद्राएं, बेंट बार सिक्के, कुषाण, शक क्षत्रप, गुप्तकालीन, स्वर्ण मुद्राएं, मध्यकालीन, चौहान, चाणक्य, परमार कालीन सिक्के, मुगल शासक जहाँगीर के सिक्के एवं देशी रिसायत के सिक्के प्रदर्शित हैं। जिनमें गुप्त शासक राम गुप्त के सिक्के एवं पर्यावरण के संदेश देते बाग के मध्य नहर युक्त एवं मत्स्य, कच्छप आदि अंकित सिक्के, शिव के महाकाल स्वरूप के अंकन युक्त सिक्के शामिल हैं।
छाया संगीत का जादू
सुरेश कुशवाहा हिन्दी गीत, गजल, भजन गायन के क्षेत्र में लब्ध प्रतिष्ठित गायक हैं। कुशवाहा एवं उनके दल द्वारा कार्यक्रम के आरम्भ में साहिल कुमार द्वारा श्रीराम पर आधारित भजन का गायन किया गया। इसके बाद मध्यप्रदेश की संस्कृति पर आधारित भजन का गायन किया गया। कलाकारों ने भारतीय संस्कृति पर आधारित लोक गीत गाए गए। लोक नृत्य की प्रस्तुति की श्रृंखला में लोक गायिका जया ने एक से एक गीत प्रस्तुत किए और उपस्थित श्रोताओं और दर्शकों की वाह-वाही लूटी।

ग्राम डुंगरिया से प्रयागराज महाकुंभ में 39 श्रद्धालुओं की टोली पैदलझंडा यात्रा लेकर रवाना।
रामधुन के साथ ग्राम के मुख्य मार्गो से निकली झंडा यात्रा जगह-जगह पुष्पमालाओ के साथ पुष्प वर्षा कर सनातनियों ने किया श्रद्धालुओं को विदा
जीतेन्द्र सेन
बैरसिया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 के पवित्र अवसर पर राजधानी भोपाल जिले की बैरसिया तहसील के ग्राम डुंगरिया में पिछले करीब पांच महाकुंभ प्रयागराज के लिए ग्राम डुंगरिया के श्रद्धालुओं की टोली पैदलझंडा यात्रा लेकर प्रयागराज महाकुंभ में जाते चले आ रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार 27 जनवरी 2025 को छठवीं बार ग्राम डुंगरिया से करीब 39 श्रद्धालुओं की टोली पैदलझंडा यात्रा लेकर प्रयागराज महाकुंभ के लिए रवाना हुई आपको बता दें कि पैदल झंडा यात्रा की शुरुआत ग्राम के प्राचीन हनुमान मंदिर मढ माता प्रांगण से ढोल नगाड़ों के साथ प्रारंभ होकर ग्राम के मुख्य मार्गो से होती हुई कुशमलियां भैरोधाम पहुंची जहां सभी सनातनी ग्राम वासियों द्वारा करीब 39 श्रद्धालुओं की टोली को प्रयागराज महाकुंभ के लिए विदा किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं महिलाएं बच्चे मौजूद रहे।

