बुन्देलखण्ड के अनोठे अयोजन का राई नृत्य के साथ हुआ समापन,शासकीय अनुदान की उम्मीदों के साथ गिरा 26वें बुंदेली उत्सव का पर्दा

बुंदेली कलाकारों का  प्रोत्साहन करना जरूरी है -शंकर प्रताप सिंह बुंदेला

रिक्की सिंह
छतरपुर। बुंदेली विकास संस्थान द्वारा बसारी के राव बहादुर सिंह स्टेडियम में चल रहे बुंदेली उत्सव के 26वें संस्करण का गुरुवार की रात बुंदेली फाग और राई नृत्य की विशेष प्रस्तुति के साथ समापन हुआ। समापन दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कार्यक्रम में शिरकत की। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सागर जिला पंचायत के अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, रविंद्र प्रताप सिंह गर्रोली मंचासीन रहे। देर रात तक चले समापन समारोह की खास प्रस्तुति लोकनृत्य राई का आनंद लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के लोग तथा कलाप्रेमी आयोजन स्थल पर मौजूद थे, जिनका अंत में संस्थान के संरक्षक शंकर प्रताप सिंह बुंदेला मुन्ना राजा ने आभार जताया।

आयोजन समिति की ओर से स्वागत भाषण देते हुए सिद्धार्थ शंकर बुंदेला ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह लोधी ने 26 वर्षों से लगातार आयोजित होते आ रहे बुंदेली उत्सव और संस्थान के संरक्षक शंकर प्रताप सिंह मुन्ना राजा की प्रशंसा की और आगामी समय में आयोजन को मध्य प्रदेश शासन से अनुदान दिए जाने का भरोसा दिया। वहीं विशिष्ट अतिथि सागर जिला पंचायत के अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने बुंदेली उत्सव के आयोजन को बुंदेली लोककला के संवर्धन का अनूठा प्रयास बताते हुए आयोजन की सराहना की। गौरतलब है कि पिछले लगभग 15 वर्षों से यह आयोजन बिना शासकीय अनुदान के निर्बाध गति से चल रहा है।

आयोजन को ऊंचाईयां प्रदान कराने के उद्देश्य से हीरा सिंह राजपूत ने राज्यमंत्री के समक्ष उक्त आयोजन को शासकीय बनाने का प्रस्ताव रखा। राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया ने संस्थान के संरक्षक शंकर प्रताप सिंह मुन्ना राजा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आयोजन को आगे बढ़ाने में सहयोग की बात कही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बुंदेली गायक भगत राजा एंड ग्रुप ललितपुर तथा सागर की नृत्यांगनाओं ने राई नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं बुंदेली हास्य कलाकार हिमालय यादव उर्फ हरिया भैया ने अपने साथियों के साथ हास्य नाटिका दिखउआ के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में देवेंद्र सिंह दिल्लू राजा, लखन दुबे, डॉ. सुरेंद्र विश्वारी, पंकज गुप्ता, कालीचरण पटेल, जगत सिंह परिहार, विष्णु पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इन विभूतियों का हुआ सम्मान
6 दिवसीय बुंदेली उत्सव के समापन दिवस पर मंच से बुंदेली लोककला और पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया। पत्रकारिता के माध्यम से बुंदेलखंड की आवाज बुलंद कर रहे दैनिक बुंदेली मंच समाचार पत्र के संपादक वरिष्ठ पत्रकार कल्याण सिंह चौहान और पैनी नजर डिजिटल न्यूज चैनल के डायरेक्टर जितेन्द्र रिछारिया को पं. हरिराम मिश्र सम्मान से नवाजा गया। वहीं बुंदेली लोककला को संधारित करने के लिए प्रयासरत देवदत्त द्विवेदी को राव बहादुर सिंह बुंदेला स्मृति सम्मान और रामबहादुर सिंह को डॉ. हेमल स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। बुंदेलखंड की युवा कलाकार अंजली कुशवाहा छतरपुर को भी आयोजन समिति की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा संस्थान की वार्षिक स्मारिका बुंदेली बसंत के संपादक प्रो. बहादुर सिंह परमार, उद्घोषक मंडल के सदस्य डॉ. विष्णु अरजरिया, शिवेन्द्र शुक्ला, नीरज खरे, जगदीश गंगेले तथा उत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, और उत्सव में प्रदर्शित किए गए बुंदेली सिनेमा के निर्देशकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

VHP मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्ति का चलाएगी अभियान

जनसंख्या असंतुलन, संस्कारो के क्षरण व नशा खोरी पर अंकुश हेतु युवाओं से किया आव्हान

भोपाल।।  भोपाल प्रवास पर आये केंद्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि महाकुंभ मेला क्षेत्र प्रयागराज में 7, 8 और 9 फरवरी को विश्व हिंदू परिषद की त्रि-दिवसीय बैठक सम्पन्न हुई।
केंद्रीय बैठक में मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्ति हेतु अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया।
मिलिंद परांडे ने बताया कि बैठक के प्रथम चरण में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता अन्य हिंदू संगठनों के साथ मिलकर प्रत्येक राज्य के मुख्यमंत्री को ज्ञापन दे कर मांग करेंगे कि सरकारें हिंदू मंदिरों को वापस हिंदू समाज को सौंपे। 
प्रत्येक राज्यों मे आगामी विधानसभा सत्र के दौरान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों से मिलकर मंदिरों की मुक्ति हेतु आग्रह करेंगे।
विहिप प्रतिनिधि जब मुख्य मंत्रियों को मिलने जाएंगे तो वह अपने साथ उस राज्य के लिए इस संबंध में प्रस्तावित कानून का एक प्रारूप भी उनको सौंपेंगे।

उत्तर भारत और दक्षिण भारत में बड़ी जनसभाएं कर इस संबंध में अपनी मांगे जन जन तक पहुचाएंगे।

अभियान के अगले चरण में प्रत्येक राज्य की राजधानी व महानगरों में वहां के समाज की सभाएं कर इसके लिए व्यापक जन जागरण करेगें ।
केंद्रीय बेठक मैं पारित एक अन्य प्रस्ताव के विषय मे बताते हुए मिलिंद ने कहा कि हिंदुओं की घटती जनसंख्या दर, हिंदू परिवारों के विखंडन, लिव इन रिलेशन, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति चिंतनीय है।
इसमें देश की युवा पीढ़ी से कहा गया है कि ये समस्याएं हिंदू समाज के लिए चुनौती बन गई है, जिनका जवाब उन्हें देना होगा।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के सामने आने वाली हर चुनौती का हिंदू युवा शक्ति ने हमेशा जवाब दिया है। जनसंख्या असंतुलन हिंदू समाज के अस्तित्व के लिए घातक सिद्ध हो रहा है। हिंदुओं की घटती हुई जनसंख्या बहुआयामी प्रभाव निर्माण करती है। हिंदू इस देश की पहचान है। अगर हिंदू घटा तो देश की पहचान और अस्तित्व के लिए भी संकट के बादल छा जाएंगे। इस स्थिति को रोकने के लिए हिंदू युवाओं को आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने कहा कि देरी से विवाह और उज्जवल भविष्य की भ्रामक अवधारणाओं के मकड़ जाल के कारण भी हिंदू दंपतियों के बच्चे कम हो रहे हैं।

25 वर्ष तक की उम्र में विवाह करना आज की आवश्यकता

संगठन महामंत्री ने बताया कि कई वैज्ञानिक अध्ययनो ने यह सिद्ध किया है कि यदि बच्चों का संपूर्ण विकास करना है तो प्रत्येक परिवार में दो या तीन बच्चे आवश्यक होने चाहिए।
प्रस्ताव में कहा गया है कि आज हिंदू संस्कारों के अभाव में परिवार संस्था पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं ।
पश्चिमी भौतिकवाद का बढ़ता प्रभाव, अर्बन नक्सल षड्यंत्र व ग्लोबल कॉरपोरेट समूह मनोरंजन माध्यम व विज्ञापनों के द्वारा युवाओं को भ्रमित व संस्कार विहीन बना रहा है।
इसी कारण विवाहेत्तर संबंध और लिव इन संबंध भी बढ़ रहे हैं।
विहिप ने युवाओं को अपनी जड़ों की ओर लौटने का आह्वान किया जिससे सुखी पारिवारिक जीवन सुनिश्चित किया जा सके और बच्चों तथा बुजुर्गों को सामाजिक व भावनात्मक सुरक्षा भी दी जा सके।
देश में बढ़ती हुई नशे की प्रवृत्ति पर भी विहिप ने चिंता व्यक्त की है। 16 करोड़ से अधिक लोगों का नशे का आदी होना इस समस्या की भीषणता को प्रकट करता है।
विहिप ने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं भी नशे की आत्मघाती प्रवृत्ति से दूर रहें तथा अपने शिक्षण संस्थान नगर व प्रांत को भी नशे से मुक्त बनाने के लिए वह बजरंगदल, दुर्गा वाहिनी व अन्य संगठनों का सहयोग करें।
साथ ही विहिप ने विभिन्न सरकारों से भी मांग की है कि वे नशे के व्यापार में लिप्त माफियाओं और आतंकियों के गठजोड़ पर अंकुश लगे व कठोर कानून बनाकर इस पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का प्रयास करें।
विहिप ने संकल्प लिया है कि वह अपनी लाखों इकाइयों, सत्संग व संस्कार शालाओं और सत्संग केंद्रों के माध्यम से इन सब विषयों पर जन जागरण करेगी और युवा शक्ति को इन प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाने का आव्हान करगे।
बैठक में देश भर के सभी प्रांतों के अलावा ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, हांगकांग मॉरीशस, दक्षिणी अफ्रीका, फ्रांस, थाईलैंड, श्रीलंका, नेपाल  बांग्लादेश, गुयाना जैसे अनेक देशों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी व स्व का बोध जैसे पांच परिवर्तनों को भी जनमानस के आचार व्यवहार और संस्कारों का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया। विश्व भर में हिंदू समाज से जुड़े अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी विस्तार से विचार विनिमय हुआ।
केन्द्र के इन महत्वपूर्ण विषयों पर योजना हेतु मध्यभारत प्रान्त की प्रांत बैठक दिनांक 8 और 9 मार्च 2025 को गुना में आयोजित की जा रही है।

मछली जल की रानी है : नई तकनीक के साथ चलेगा मत्स्य, सुविधाओं की नई तहरीर

अमित सेन
8085661177

भोपाल। बदलते दौर के साथ हर क्षेत्र में परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं। आधुनिक तकनीक से जुड़कर काम की आसानी और जन की सुविधा के प्रयास तेज हैं। इसी कड़ी में मत्स्य बीज प्रक्षेत्र पर महासंघ की महत्वकांक्षी “टेक्नोलोजी ट्रांसफर युनिट” का लोकार्पण किया गया। इस दौरान उपस्तिथ अधिकारियों ने व्यवस्था को और अधिक आसान बनाने का आश्वासन भी दिया।
मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ (सहकारी) मर्यादित की भोपाल इकाई अंतर्गत भदभदा मत्स्य बीज प्रक्षेत्र पर महासंघ की महत्वकांक्षी “टेक्नोलोजी ट्रांसफर युनिट” का लोकार्पण/उद्घाटन सोमवार को मत्स्य महासंघ की प्रबंध संचालक
निधि निवेदिता (आईएएस) ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रवि गजभिये, संचालक मत्स्योद्योग, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग एवं यतीश त्रिपाठी, सचिव, मत्स्य महासंघ उपस्थित थे। कार्यक्रम में गिरीश मेश्राम, उप संचालक, ज्योति टोप्पो, उप संचालक, संचालनालय मत्स्योद्योग भी मौजूद थे। उ‌द्घाटन समारोह में डिस्प्ले एरिया में महासंघ की जलाशय के वैज्ञानिक प्रबंधन एवं उत्पादन तकनीक के प्रदर्शन के साथ ही जलाशय के वर्किंग मॉडल, मॉडल फिशरी एस्टेट, विभिन्न प्रकार के मत्स्याखेट उपकरण (नाव-जाल आदि) नई मत्स्य पालन तकनीक के मॉडल्स (रि-सर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम (आरएएस), बायो फ्लॉक, पॉली लाईनर पॉण्ड आदि) का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर सर्कुलर हैचरी, उसकी कार्य प्रणाली, विभिन्न प्रकार की मछलियों एवं उनकी खाद्य विशिष्टता व सामग्रियों के  प्रदर्शन का अवलोकन भी किया गया। ड्रोन के माध्यम से तैयार किए गए जलाशय प्रबंधन तकनीक व गतिविधियों के विडियों को देखते हुए उपस्थित अधिकारियों से चर्चा उपरांत मत्स्य उत्पादन को बढ़ाने हेतु हर संभव प्रयास के निर्देश भी दिए।

गिनाई समस्याएं, मिला आश्वासन
केरवां जलाशय में कार्यरत पंजीकृत समिति के मछुआ सदस्यों के साथ प्रबंध संचालक द्वारा जलाशय का उत्पादन बढ़ाने, उनको आ रही कठिनाईयों व महासंघ / मत्स्योद्योग विभाग से उनकी अपेक्षाओं के संबंध में चर्चा की गई। जिसमें उनके द्वारा मछुआरों की आवास समस्या एवं समिति/मछुआरों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उनको फिश कियोस्क/पार्लर, मोबाईल मार्केटिंग आदि में आवश्यक सहयोग भी दिलवाए जाने के संबध में शासन स्तर से कार्यवाही हेतु आश्वस्त किया गया।

हुआ पंजीयन, होगी आसानी
कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार की एनएफडीपी योजनांतर्गत कार्यक्रम के दौरान पंजीयन भी किया जाकर उनके प्रमाण-पत्र भी प्रबंध संचालक द्वारा मछुआरों को प्रदाय किए गए। भारत सरकार/राज्य शासन की मंशा एवं दिशा-निर्देशों अनुरूप महासंघ द्वारा इन्फ्रास्ट्रक्चर डेव्हलपमेंट कार्यक्रम प्रस्तावित भी किए गए, जो कि भारतीय इतिहास में मत्स्य महासंघ को सहकारिता क्षेत्र में अग्रणी बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

वन नेशन-वन इलेक्शन आज देश की आवश्यकता – मंत्री विजयवर्गीय

भोपाल /- मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि ‘एक देश-एक चुनाव’ आज देश की आवश्यकता है। उन्होंने यह बात सतना के ए.के.एस. विश्वविद्यालय में आयोजित “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषयक राष्ट्रव्यापी विचार एवं परामर्श सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

विजयवर्गीय ने कहा, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वन नेशन-वन इलेक्शन हो। अब इसमें हो सकता है कि कुछ लोगों को कष्ट हो, पर यदि पांच साल में एक बार चुनाव हो और तीन चार महीने के लिए सरकार चुनाव में लग जाए और बाकी साढ़े चार साल काम करे तो इससे जनता का हित होगा।
उन्होंने कहा, यदि हर साल चुनाव होंगे और हर साल सौ दिन आचार संहिता में चले गए तो विकास रुकेगा। इसलिए वन नेशन-वन इलेक्शन आज देश की आवश्यकता है।

GIS के VIP मेहमानों पर खतरे की घंटी, नियमविरुद्ध निर्माण पर भाजपाई झंडों की भरपाई

खान आशु
भोपाल। चंद कदम दूरी पर रखा राजधानी भोपाल का ग्लोबल इंवेस्टर समिट, आने वाले 25 देशों के हजारों विशिष्ट अतिथि, एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने वाला एकमात्र रास्ता… इस रास्ते पर मौजूद झीलों की नगरी की शान बड़ा तालाब। तय नियमों के मुताबिक ग्रीन बेल्ट की इस जमीन पर तालाब के 100 मीटर दायरे में निर्माण पर पाबंदी। निगम से लेकर तमाम निर्माण एजेंसियों को जवाब देने के लिए पर्याप्त पूरे निर्माण क्षेत्र में लहराते भाजपा के सियासी झंडे। तमाम कवायदों और पूछताछ को खामोश करता बिरला ग्रुप का आधिपत्य वाला साइन बोर्ड।
मामला राजधानी के वीआईपी रोड का है। खानूगांव चौराहा से चंद कदमों की दूरी पर स्थित खसरा नंबर 46 और 78/1/2/3/2/2/2 पर एक बड़ा निर्माण तेजी से जारी है। बड़े तालाब के दूसरे छोर पर  निर्माण को लेकर नियम यह बताया जाता है कि ग्रीन बेल्ट की इस जमीन पर निर्माण प्रतिबंधित है। लेकिन तेजी से हो रहे इस निर्माण पर जिम्मेदार एजेंसियां खामोश हैं और आसपास के रहवासी और यहां से कभी कभार गुजरने वाले खुसुर पुसुर करते नजर आ रहे हैं।

बिरला का तमगा, भाजपा का झंडा

ग्राम कोहेफिजा के खसरे में अंकित इस जमीन पर मालिकी आधिपत्य के रूप में बिरला ग्रुप का साइन बोर्ड चस्पा है। साथ ही पूरे निर्माण एरिया में भाजपा के पार्टी झंडों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। संभवतः इन दो बड़े कारणों ने ही सारे सवालों की जुबान पर तालाबंदी कर रखी है।

ऐसे हो सकता है खतरा
GIS में शामिल होने के लिए आने वाले लगभग हर मेहमान के कार्यक्रम स्थल का एकमात्र रास्ता वीआईपी रोड ही है। उद्योगपति, निवेशक, सियासी लोगों से लेकर बड़े अधिकारियों का गुजरना यहीं से होने वाला है। इस बीच इस निर्माण कार्य के लिए हर दिन सुबह से देर शाम तक सैंकड़ों मजदूरों, कारीगर, एक्सपर्ट और निगरानी रखने वालों की मौजूदगी बनी रहती है। छोटे बड़े कामों के लिए दिन में कई बार इनको वीआईपी रोड पर होकर यहां वहां आना जाना पड़ता है। वीआईपी आवाजाही के दौरान पूरे समय इस चहलपहल पर रोक लगाए रखना भी एक चुनौती जैसा हो सकता है।

नवाब कालीन प्रॉपर्टी का कैसे बदला आधिपत्य
जानकारी के मुताबिक ग्राम कोहेफिजा की खसरा नंबर 46 और 78 की यह जमीन नवाब परिवार की बताई जाती है। सूत्रों का कहना है कि पूर्व सांसद मरहूम गुफरान ए आजम, औकाफ ए शाही के पूर्व सचिव अनवार मोहम्मद खान और मनमोहन अग्रवाल से सौदा होते हुए संभवतः यह अब बिरला ग्रुप के हिस्से में पहुंची है। हालांकि यह भी जाहिर है कि नवाब परिवारों की इन जमीनों का सौदा महज दान पत्र के नाम पर आधारित है। इस नए निर्माण के अलावा शहर का स्टार होटल, बड़ा शादी लॉन और कई बड़े निर्माण भी इसी प्रक्रिया से आबाद हुए हैं।

एक फ्लैट की कीमत दो करोड़ से ज्यादा
सूत्रों का कहना है कि लेक व्यू और खुले वातावरण और वीआईपी तमगे ने इस क्षेत्र की प्रॉपर्टी को खासा महंगा बनाया है। बताया जा रहा है कि नए निर्माण में बनने वाले सबसे छोटे फ्लैट की कीमत करीब दो करोड़ रुपए है। इसके अलावा बड़े बंगले और अधिक सुविधा वाले फ्लैट्स की कीमतें राजधानी में सबसे महंगे कहे जा सकते हैं।

ये है हमारी पुलिस!: न धाराओं की जानकारी न बीट का पता, टीआई सहित 15 अटैच, अब दोबारा ट्रेनिंग, पास हुए तो मिलेगा थाना |

भोपाल /इंदौर /– माइक्रो बीट सिस्टम को ठीक तरह से लागू नहीं करने और लापरवाही बरतने पर पुलिस कमिश्नर ने पंढरीनाथ थाने के टीआई सहित 15 पुलिसकर्मियों को सजा के तौर पर तीन दिन तक डीसीपी ऑफिस में अटैच कर दिया है। अब ये सभी सुबह 11 से शाम 5 तक ट्रेनिंग लेंगे और शाम को थाना भी संभालेंगे। आखिरी दिन टेस्ट में 50 प्रतिशत अंक नहीं लाए तो इन्हें थाने नहीं भेजेंगे। अटैच करने के पीछे कुछ कारण सामने आए हैं, जिनको लेकर अफसर खासे नाराज हुए।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार सोमवार रात को औचक निरीक्षण के बाद पंढरीनाथ थाने के टीआई कपिल शर्मा सहित 15 पुलिसकर्मियों को डीसीपी जोन-4 कार्यालय में विशेष ट्रेनिंग के लिए अटैच किया है। निरीक्षण में पाया गया कि इनमें ब्रिजिंग गैप (संवाद और कार्यशैली की कमी) है। जब थाने के स्टाफ को बुलाकर माइक्रो बीट सिस्टम के बारे में पूछा तो एक एएसआई यह नहीं बता पाए कि उनकी बीट में कौन-कौन सिपाही है।
यानी इन्हें अपने साथियों के बारे में ही जानकारी नहीं है। थाने पर आने वाली शिकायतों के निराकरण का तरीका भी ठीक नहीं था। लोगों से बातें करना और उनका निराकरण किस तरह किया जाना चाहिए। ऐसे सभी कारणों को ध्यान में रखते हुए इन्हें विशेष स्तर की ट्रेनिंग दी जा रही है। ये तीन दिन तक ट्रेनिंग लेंगे और शाम को थाना भी संभालेंगे। आखिरी दिन इनका टेस्ट होगा।
एफआईआर से लेकर चालान तक सिखाएंगे
डीसीपी जोन-4 ऋषिकेश मीना के अनुसार प्रदेशभर में हाल ही में लागू हुए माइक्रो बीट सिस्टम को हम 2 महीने पहले से चला रहे हैं। ये ऐसा सिस्टम है, जिसमें हर मोहल्ले का इंचार्ज एक सिपाही को बनाया जाता है। टीआई कपिल शर्मा को कई बार यह सिस्टम समझाया, ताकि वे निचले स्तर पर इसे लागू करवा सकें, लेकिन कहीं न कहीं उनके कम्युनिकेशन में गैप दिखा। यहां जवानों को बीएनएस की धाराओं का भी ज्ञान नहीं था। इसलिए हमने उनकी टीम के लिए स्पेशल ट्रेनिंग सेशन बनाया है।
ट्रेनिंग के दौरान कौन से अफसर क्या सिखाएंगे थाने के स्टाफ को
डीसीपी जोन-4 ऋषिकेश मीना : थाना मैनेजमेंट और माइक्रो बीट सिस्टम पर काम करना।
एडिशनल डीसीपी आनंद यादव : रिपोर्ट लिखना, उनमें सावधानियां बरतना, जांच और चालान डायरी लिखना।
एसीपी हेमंत चौहान : पुलिस रेग्युलेशन का पार्ट और थाने की दैनिक कार्रवाई और उसका उपयोग।
एसीपी प्रियंका डुडवे और सोनू डाबर: महिला संबंधी अपराध की विवेचना। चालान पेश करना।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह : थाना मैनेजमेंट।
परीक्षा : गुरुवार दोपहर 2.30 से 4 तक।
पासिंग मार्क्स : 50 फीसदी अंक जरूरी।
दिन में थाने का प्रभार SI को
डीसीपी के अनुसार तीन दिन तक जब पूरी टीम ट्रेनिंग में रहेगी तो दूसरी टीम थाना संभालेगी। तब तक एसएसआई को टीआई का प्रभार दिया है। ट्रेनिंग करने वाला पूरा स्टाफ शाम को फिर से थाने पर ड्यूटी देगा।
कम अपराध के बाद भी लोगों की सुनवाई न होने के आरोप
बताया जा रहा है अफसर इसलिए भी नाराज हैं, क्योंकि पंढरीनाथ थाने पर अपराध का लोड कम है। यहां ज्यादातर लॉ एंड ऑर्डर के मामले आते हैं। इसके बाद भी यहां थाने पर आम लोगों की सुनवाई ठीक ढंग से नहीं करने के आरोप लगते रहते हैं। छोटे-छोटे मामले में लोग शिकायत लेकर अफसरों तक जाते हैं।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बनाई डॉक्टरों की टीम

भोपाल– राजधानी भोपाल में पहली बार होने जा रहीं ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 20000 से ज्यादा डेलिगेट्स भोपाल में आएंगे, स्वास्थ्य संबंधी अगर उनको कोई परेशानी आती है तो सभी होटल में डॉक्टर की टीम रहेगी और मानव संग्रहालय सहित दर्शनिक स्थल पर भी डॉक्टर की टीम मौजूद रहेगी

अस्पतालों और डॉक्टरों की सूची


भोपाल के सभी हॉस्पिटलों को भी निर्देशित किया गया है,आकस्मिक स्थिति में अलर्ट रहे |

मुख्यमंत्री मोहन यादव को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की सफलता का शंख भेंट…

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के संबंध में चर्चा की। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष और वरिष्ठ उद्योगपति सचिन बंसल ने मुख्यमंत्री को आकर्षक शंख भेंट कर समिट की सफलता की कामना की। इस अवसर पर माननीय केबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी साथ थे।

सिविल अस्पताल गोविंदपुरा हथाईखेड़ा के सुदृढ़ीकरण की आवश्यक व्यवस्थाएँ शीघ्र पूर्ण करे : डिप्टी सीएम  शुक्ल

डिप्टी सीएम शुक्ल से राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कृष्णा गौर ने की सौजन्य भेंट

जीतेन्द्र सेन
भोपाल। 18 फरवरी 2025
डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने निर्देश दिए हैं कि सिविल अस्पताल गोविंदपुरा हथाईखेड़ा के लिये सभी आवश्यक नियुक्तियाँ एवं संसाधनों की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए ताकि अस्पताल जल्द से जल्द पूर्ण रूप से कार्यरत हो सके। उन्होंने अस्पताल का पूर्व सीएम  पूज्यनीय स्व बाबूलाल गौर के नाम से पुनर्नामकरण किये जाने की औपचारिक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। डिप्टी सीएम शुक्ल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए संकल्पबद्ध है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे। डिप्टी सीएम शुक्ल से पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कृष्णा गौर ने मंत्रालय भोपाल में सौजन्य भेंट की। उन्होंने सिविल अस्पताल गोविंदपुरा (हथाईखेड़ा) की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के विषय पर विस्तृत चर्चा की राज्य मंत्री गौर ने सिविल अस्पताल हथाईखेड़ा  में स्पेशलिस्ट डॉक्टर, मेडिकल ऑफिसर एवं नर्सिंग ऑफिसर्स के स्वीकृत पदों पर शीघ्र नियुक्ति का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल से लगभग 5 लाख की आबादी को लाभ मिलेगा और मैनपॉवर की पूर्ति के साथ ही आईपीडी सेवाओं का संचालन संभव हो सकेगा। साथ ही, उन्होंने अस्पताल में महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरणों, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था का अनुरोध किया। उन्होंने अस्पताल के लिए सी.टी. स्कैन, लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट, सी.एस.एस.डी. और स्टाफ क्वार्टर्स की स्थापना के लिए भी विशेष प्रावधान किए जाने का अनुरोध किया। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव आयुक्त तरुण राठी सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मीडिया हाउस के मालिक और उद्योगपति हृदेश दीक्षित के यहां इनकम टैक्स विभाग की टीम ने छापा मारा

इंदौर में इनकम टैक्स विभाग की रेड, मीडिया हाउस और उद्योगपति के घर मारा छापा
-इंदौर के बालाजी विहार, महू नाका स्थित मीडिया हाउस के मालिक और उद्योगपति हृदेश दीक्षित के यहां इनकम टैक्स विभाग की टीम ने छापा मारा है। यह कार्रवाई सुबह के समय की गई है, जिसमें स्थानीय पुलिस की मदद भी ली गई।
-टीम ने इंदौर और नवलखा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर तफ्तीश की। इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों ने मीडिया हाउस के दस्तावेजों और संपत्ति की जांच की है। यह कार्रवाई संभावित कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर की गई है।
हृदेश दीक्षित के संबंध में अभी तक अधिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन विभाग की जांच जारी है। उधर, मीडिया हाउस के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
यह रेड इंदौर में मीडिया हाउस से जुड़े बड़े उद्योगपतियों पर की गई अब तक की सबसे बड़ी जांच मानी जा रही है।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu