बाल विवाह के मुद्दों पर रंगोली बनाकर लोगों को किया जागरूक

भोपाल। भोपाल दीन दयाल कॉलोनी कराटे क्लास  प्रशिक्षिका अंजली सैनी एवं कराटे टीम द्वारा नारियल खेड़ा भगत सिंह चौराहा पर शिक्षा से संबंधित रंगोली बनाई। शिक्षा के महत्व,बाल विवाह, घरेलू हिंसा के मुद्दों पर कराटे खिलाडियों ने रंगोली के माध्यम से समाज को जागरुक करने का प्रयास किया। प्रशिक्षिका अंजली सैनी ने बताया कि समाज में लड़कियों , महिलाओं के साथ बढ़ते अपराधों को समाज के बीच रखना ताकि लोग समझे और अपराधों पर रोक लगाई जाए। अंजलि ने बताया की यह कार्य तिनका संस्था के मार्गदर्शन मे किया समाज में लड़के लड़कियों को बराबरी का दर्जा मिले,लड़कियों ओर महिलाओं का सम्मान हो।और जिन लोगों ने रंगोली देखी तो उन्होंने बोला कि आप इतने छोटे छोटे बच्चे होकर इतनी अच्छी चीजें समझा रहे हो ,आप सभी बहुत अच्छा काम कर रहे हो।और साथ ही हमारे उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Bhopal बेकाबू भीड़ पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, दागे अश्रु गैस के गोले, प्रदर्शनकारी व पुलिस घायल

तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया

भोपाल! नव दुर्गा महोत्सव एवं दशहरा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर थाना बैरसिया परिसर में हुआ देहात पुलिस का बलवा मॉक ड्रिल का आयोजन

नव दुर्गा महोत्सव एवं दशहरा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देशन व नेतृत्व में बल्वा मॉक ड्रिल रिहर्सल परेड का आज प्रात: थाना बेरसिया परिसर में आयोजन किया गया, जिसमें थानों का बल, पुलिस अधीक्षक कार्यालीन स्टाफ, रक्षित केंद्र के अधिकारी/कर्मचारियों समेत करीब 80 पुलिस जवानों ने भाग लिया।
बलवा ड्रिल परेड से पूर्व पुलिस अधीक्षक सिन्हा ने समस्त जवानों को संबोधित करते हुए बलवा ड्रिल परेड का महत्व बताया एवं कानून व्यवस्था के दौरान विपरित परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानीया एवं पुलिस जवानों की जिम्मेदारी के बारे मे विस्तृत मार्गदर्शन दिया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सर्वप्रिय सिन्हा संभाग बेरसिया, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मंजू चौहान संभाग ईटखेड़ी, रक्षित निरीक्षक श्याम किशोर झरवडे व थाना प्रभारी उपस्थित थे ।

बलवा मॉक ड्रिल टीम

“बलवा मॉक ड्रिल” में पुलिस जवानों की अलग-अलग टीमें बनाई गई, जिससे टियर गैस पार्टी, अश्रु गैस पार्टी, लाठी पार्टी, राइफ़ल पार्टी, मेडिकल पार्टी, वाटर केनन पार्टी को अपना-अपना कार्य तय कर राइफ़ल, लाठी एवं अश्रु गैस के गोले कैसे फेंकना है इत्यादि दिशा निर्देश दिए गए।

प्रदर्शनकारी धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन

धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि को लेकर प्रदर्शन कर रहे  प्रदर्शनकारीयों से एसडीएम ने बात की एवं उनका सन्देश शासन को उचित माध्यम से पहुंचाने को कहा एवं प्रदर्शन ख़त्म कराने की कोशिश की किन्तु लोगों की भीड़ अचानक उग्र हो गई एवं पुलिस पर पथराव करने लगे। जान माल का नुकसान एवं जनहानि की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पहले उग्र भीड़ को चेतावनी दी। इसके बाद भी भीड़ के नहीं मानने पर टियर गैस पार्टी ने आवाज़ वाले गोले दागे, उपरांत आंसू गैस के गोले छोड़े तब भी प्रदर्शनकारी सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचा रहे थे, तब मजिस्ट्रेट द्वारा अलाउंसमेंट कर चेतावनी दी गई, किन्तु प्रदर्शनकारियों को उग्र होता देख आदेश अनुसार पुलिस टीम द्वारा लाठी चार्ज किया गया। उपरांत अनियन्त्रित भीड़ को रोकने एवं सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान से बचाने के लिए मजिस्ट्रेट के आदेश उपरांत फायर किए गए, जिसमें एक प्रदर्शनकारी घायल हो गया एवं पुलिसकर्मी भी घायल हुए जिन्हें उपचार हेतु डॉक्टर की टीम द्वारा एम्बुलेंस से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

बलवा ड्रिल रिहर्सल परेड का उद्देश्य-

बलवा मॉक ड्रिल का संचालन उप पुलिस अधीक्षक सुश्री मंजू चौहान ने किया। दोनों ही भूमिकाओं में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी थे। कानून-व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए तथा विपरित परिस्थितियों में भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए अमले को प्रशिक्षण देने और अपनी क्षमताओं की परख करने के लिए समय-समय पर इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जाती है, ताकि कानून व्यवस्था ड्यूटी, धरना-प्रदर्शन इत्यादि के दौरान विपरित परिस्थितियों में पुलिसकर्मी अपने आप को सुरक्षित रखते हुए अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन कर भीड़ नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

Bhopal News : उम्र के आठवें दशक में मिली गजल को मंजिल, सम्मान खुद हुआ जफरयाब; सजी कहकशां ए अदब की महफिल

भोपाल। आठ दशक के जिंदगी के सफर का एक तिहाई हिस्सा उन्होंने शेर ओ गजल के नाम कर दिया। मंचों से लेकर मेज़खानों तक की रौनक बने उनके कलामत देश दुनिया के शायरी की समझ रखने वालों के सीनों में बसते हैं और जुबां पर थिरकते हैं। कहकशां ए अदब की अदबी महफिल के 22 बरस के सफर में कई मुकाम आए और गुजर गए। लेकिन इस शनिवार की रात जिस शख्स के सिर एजाज का ताज सजाया गया, उसे महसूस कर ताज भी खुद की किस्मत पर झूम उठा।
दो दशक की परंपरा को निरंतर रखते हुए लक्ष्मी टॉकीज सराय में इस शनिवार रात को महफिल ए कहकशां ए अदब सजी। दस्तूर के मुताबिक महीने के मकबूल शायर को एजाज से नवाजा गया। इस बार यह सेहरा राजधानी भोपाल के उस्ताद शायर जफर सहबाई के नाम पर था। शहर के नामवर शायरों और अदीबो की गहमागहमी में डॉ अली अब्बास उम्मीद, डॉ महताब आलम, डॉ कमर अली शाह, अजीम असर, शिराज भोपाली, फारुख अंजुम, आरिफ अली आरिफ, शोएब अली समेत बड़ी जमात मौजूद थी। विधायक आतिफ अकील ने शॉल, प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए जफर सहबाई के गले में पहली पुष्प माला डाली। इसके बाद हारों का जो सिलसिला शुरू हुआ तो गुंजाइश पूरी होने तक हार जफर सहबाई की तरफ बढ़ते ही रहे।

सजी महफिल ए खास
एजाज समारोह के बाद महफिल ए मुशायरा का आयोजन हुआ। जिसमें शहर के स्थापित शायरों से लेकर पहली बार पढ़ने वाले शायर तक अपने कलाम के साथ मौजूद थे। देर रात तक चलती रही इस महफिल में सीखने वाले शायर और सिखाने वाले उस्ताद शायर भी शामिल थे। विधायक आतिफ अकील समेत कई सियासी और शहर के अदब मिजाज से जुड़े लोग मौजूद थे।

आरिफ की परम्परा, अब बेटे आतिफ के हाथ
विधायक आतिफ अकील अपने पिता मरहूम आरिफ अकील की हर परम्परा को अपनाए हुए हैं। सराय में अपने मिलने आने वाले लोगों के लिए उपलब्ध रहने से लेकर विरासत में मिली सूमो कार में सफर करना वे अपने पिता आरिफ अकील से ही सीखे हैं। कव्वाली, मुशायरा महफिल, शरई कार्यक्रम से लेकर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज को भी आतिफ ने जिंदा रखा है।

Bhopal News: ग़म और गुस्से से भरा मुस्लिम समुदाय, शहर के कई थानों पर महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ शिकायत, जानें क्या है मामला

भोपाल। इस्लाम के आखिरी पैगंबर हजरत मुहम्मद (सअस) को लेकर गाजियाबाद के महंत यति नरसिंहानंद द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से देश दुनिया में रोष व्याप्त है। राजधानी भोपाल का मुस्लिम समुदाय भी इसी अवसाद से भरा हुआ है। इंसानियत और भाईचारे का पैगाम देने वाले पैगंबर हजरत मुहम्मद को लेकर की गई इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर के विभिन्न थानों पर महंत के खिलाफ शिकायती आवेदनों का सिलसिला शुक्रवार दिनभर चला। शनिवार को भी इस तरह की गतिविधियों के लिए आह्वान किया जा रहा है। इधर शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने लोगों से शांति, धैर्य और हर काम कानून की परिधि में करने की अपील शहरवासियों से की है।
हजरत मुहम्मद सअस को लेकर पूर्व में कई बार आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुके महंत यति नरसिंहानंद को देश की एकता, अखंडता, सद्भाव और सौहाद्र के खतरा बताते हुए पूर्व पार्षद शाहवर मंसूरी और अमजद अंजुम के नेतृत्व में थाना तलैया पर आवेदन दिया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने महंत के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्यवाही करने की मांग की।
एडवोकेट मोहम्मद आबिद खान, सामाजिक कार्यकर्ता अनवर पठान समेत कई लोगों ने व्यक्तिगत तौर पर पहुंचकर अलग अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई। इधर शुक्रवार रात बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने थाना ऐशबाग में महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।


यह आज करेंगे शिकायत
सामाजिक संगठन PRSRA के अध्यक्ष मोहम्मद जहीर ने बताया कि देश की शांति के लिए खतरा बन चुके महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने बड़ी संख्या में हिंदू मुस्लिम समुदाय के लोग थाना कोहेफिजा पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर दो बजे किए जाने वाले इस प्रदर्शन के दौरान लोगों से शांति और धैर्य रखने की अपील की गई है।

शहर काजी ने की शांति की अपील
शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने सभी प्रदेशवासियों से  अपील की है कि सभी लोग
अपने अपने एरिया के थानों में जाकर आप लोग ज्यादा से ज्यादा FIR करें। उन्होंने कहा कि इस कार्यवाही के दौरान शांति बनाए रखें और किसी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित न करें। इधर सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे उस संदेश का उन्होंने खंडन किया है, जिसमें कहा जा रहा है कि शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी स्वयं थाना तलैया जाकर महंत यति के खिलाफ शिकायती आवेदन देंगे।

मामले की गूंज दिल्ली तक
जमीयत उलेमा-ए-हिंद अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी ने गृहमंत्री को पत्र लिखकर गाज़ियाबाद (उत्तर प्रदेश) के डासना देवी मंदिर के महंत यती नरसिंहानंद सरस्वती द्वारा मोहम्मद साहब की शान में की गई अत्यंत अपमानजनक और दिल दुखाने वाली टिप्पणियों की शिकायत की है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा की जा रही है, जिसमें पैगंबर मोहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) के खिलाफ निंदनीय और शर्मनाक बातें कही गई हैं। इसे एक गैर-मुस्लिम व्यक्ति द्वारा अपने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल ‘सनातन उषादल’ से पोस्ट किया गया है।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद  मदनी ने अपने पत्र में यती नरसिंहानंद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और इसे राष्ट्रीय अखंडता के लिए एक गंभीर खतरा करार दिया है। मौलाना मदनी ने पत्र में इस बात पर जोर दिया है कि यती नरसिंहानंद नफरत फैलाने वाला व्यक्ति है, जो बार-बार इस्लाम और मुसलमानों के खिलाफ ज़हर उगलता रहा है। लेकिन इस बार उसने सभी हदें पार कर दी हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह बयान न केवल मुसलमानों की भावनाओं का अपमान है, बल्कि यह एक सोची-समझी योजना के तहत सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश है, जो देश की शांति और स्थिरता को प्रभावित कर सकती है।
मौलाना मदनी ने मांग की है कि यती नरसिंहानंद के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही आपत्तिजनक वीडियो को बिना देरी के सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से हटाया जाए और इन प्लेटफार्मों को इस प्रकार की सामग्री के प्रसार पर कानूनी रूप से जवाबदेह ठहराया जाए। मौलाना मदनी ने यह भी मांग की कि नफरत फैलाने वाले भाषणों को रोकने के लिए निगरानी प्रणाली स्थापित की जाए, ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति या समूह धार्मिक व्यक्तित्वों या समुदायों को निशाना बनाकर देश की शांति को नष्ट न कर सके।
मौलाना मदनी ने कहा कि भारत का संविधान हर धर्म का सम्मान करने की गारंटी देता है और इस प्रकार के नफरत भरे भाषण और बयान न केवल कानूनी दृष्टिकोण से अपराध हैं, बल्कि नैतिक रूप से भी अत्यंत निंदनीय हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार तुरंत कार्रवाई करने में विफल रहती है, तो इससे ऐसे तत्वों की हिम्मत बढ़ेगी।

चंद्रमा बनेगा बिंदी, शुक्र का होगा चमकीला रूप…

शनिवार की शाम आसमान में होगा यह खास नज़ारा

भोपाल। नवरात्रि की शनिवार की शाम यानी पांच अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिमी आकाश में सूर्यास्त के तुरंत बाद एक अद्भुत खगोलीय घटना देखने को मिलेगी। इस दृश्य में हंसियाकार चंद्रमा और चमकता हुआ शुक्र एक जोड़ी के रूप में दिखेंगे। नेशनल अवार्ड प्राप्त सारिका घारू ने बताया कि यह जोड़ी पांच डिग्री से कम के अंतर पर होगी, जिसे एपल्स कहा जाता है। यह नजारा बिना टेलीस्कोप के एक घंटे तक देखा जा सकेगा। चंद्रमा और शुक्र के मैग्नीट्यूड इस नजदीकी को और भी खास बनाएंगे।
नेशनल अवार्ड प्राप्त सारिका घारू ने बताया कि शनिवार की शाम दक्षिण-पश्चिमी आकाश में सूर्य के अस्त होने के तुरंत बाद ही ये आकर्षक नजारा देखने को मिलेगा। इसमें चंद्रमा और बिंदी के रूप में चमकता शुक्र जोड़ी बनाते दिखेंगे। ये नजारा स्पष्ट रूप से हर कोई देख सकता है। वीनस और मून की इस नजदीकियों को टेक्निकल रूप से एपल्स कहा जाता है।
सारिका ने बताया कि ये खगोलीय जोड़ी क्षितिज से लगभग 14 डिग्री ऊपर रहकर धीरे-धीरे नीचे आते जाएंगे। इस जोड़ी को सूर्यास्त के बाद एक घंटे से कुछ अधिक समय तक देखा जा सकेगा। इस समय हंसियाकार चंद्रमा माईनस 9.9 के मैग्नीटयूड से चमक रहा होगा। तो वीनस माईनस 4 मैग्नीटयूड से चमक रहा होगा। तो मत चूकिंए किसी खुले स्थान से इस मनोहर आकाशीय जोड़ी से साक्षात्कार करने के लिए। ध्यान रखिये ये सिंदूरी शाम को यह समीपता केवल सीमित समय तक ही दिखेगी।

छात्र-छात्राओं ने जाने अधिकार समझीं बारीकियां, पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ

अभिमन्यु अभियान के अंतर्गत पुलिस दे रही प्रशिक्षण

अमित सेन
8085661177

भोपाल। जिले के देहात क्षेत्र में आने वाले थाना सूखी सेवनिया के पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार बच्चों को उनके अधिकारों और कानून के बारे में बताया जा रहा है। बता दें कि सिटी कान्वेंट स्कूल सूखी सेवनिया के कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं सहित उनके परिजनों को सूखी सेवानिया थाना प्रभारी निरीक्षक रामबाबू चौधरी , उपनिरीक्षक स्वाती दुबे, गयाराम शाक्य व सहायक उप निरीक्षक बी एल कटारे द्वारा अभिमन्यु 2 अभियान के तहत गुड टच, बेड टच ,महिला संबंधी अपराध , छेड़खानी अपहरण ह्यूमन ट्रैफिकिंग आदि व साइबर अपराध ,मोबाइल से होने वाले अपराध ,इंस्टाग्राम, फेसबुक, हाउस अरेस्ट, यातायात नियम, नशे के दुष्प्रभाव नशे से दूर रहने एवं नशा मुक्ति, महिला समानता आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया की यह कार्यक्रम अभिमन्यु 2 अभियान के तहत किए जा रहें है जिसमें बच्चों को और उनके परिजनों को क़ानून सबंधी जानकारी भी दी जा रहीं है तथा स्कूल में पोस्टर लगाए गए हैं। इस मुहिम का मक़सद बाल संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाना और कानून की आवश्यक जानकारी जन जन तक पहुंचाना है।

Bhopal News : कहकशां ए अदब का ताज इस बार उस्ताद शायर जफर सहबाई के सिर पर, जानें क्या है आयोजन

भोपाल। सियासत की एक लंबी पारी खेलने वाले पूर्व विधायक आरिफ अकील जितना राजनीतिक मैदान में सक्रिय रहे, उतना ही जोश साहित्य, संस्कृति, मनोरंजन, भाषा विकास और लोगों के साथ जुड़ने के अवसरों की तलाश में दिखाते रहे हैं। उनके जीवनकाल में आकार लेने वाली एक साहित्यिक संस्था कहकशां ए अदब अपने वजूद के करीब ढाई दशक का लंबा सफर पूरा कर चुकी है। हर महीने शायर, साहित्यकार, पत्रकार या समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यक्ति को सम्मानित करने का एक अनवरत सिलसिला भी जारी है। इस कड़ी में इस शनिवार को प्रदेश के उस्ताद शायर कहे जाने वाले जफर सहबाई को एजाज ए खास से नवाजा जाएगा।
हर माह के पहले शनिवार को लक्ष्मी टॉकीज सराय में सजने वाली कहकशां ए अदब महफिल की बागडोर अब पूर्व मंत्री आरिफ अकील के वारिस विधायक आतिफ अकील ने सम्हाल ली है। 5 अक्टूबर की रात यह महफिल ए खास सजाई जाएगी। शहर और प्रदेश के नामवर शायरों के कलाम इस दौरान गूंजेंगे। कार्यक्रम की परंपरा के मुताबिक इस आयोजन के दौरान इस बार भी शायरों और अदीबो का सम्मान किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक इस बार का कहकशां ए अदब सम्मान से उस्ताद शायर जफर सहबाई को नवाजा जाएगा।

कुछ खास है सम्मान
कहकशां ए अदब सम्मान बाकी आयोजनों की तरह ही है। जिसमें शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र होता है। फूलों की मालाएं भी पहनाई जाती हैं। लेकिन चंद फूलों की एक या दो मालाओं पर इसका अंत नहीं होता, सिलसिला शुरू होता है तो सम्मान पाने वाले का चेहरा फूलों की ऊंचाई से ढंक जाने तक चलता रहता है। वर्ष 2002 से निरंतर जारी इस सम्मान समारोह को अब तक कई बड़े नामों का साथ मिला है। कई नामवर और स्थापित शायरों की सफलता की यात्रा इस मंच से ही शुरू होकर देश दुनिया तक पहुंची है।

MP News : आज खुलेगी अकीदतमंदों की लॉटरी, मुंबई में होगा कंप्यूटराइज्ड कुर्रा, देशभर में दिखेगा लाइव, जानें क्या है प्रोग्राम


भोपाल। हज 2025 में अपनी अकीदत (आस्था) की हाजिरी लगाने वालों की किस्मत का फैसला शुक्रवार को होगा। देशभर से किए गए लाखों आवेदन से देश को मिले हज कोटे के मुताबिक नामों का चयन किया जाएगा। मुंबई हज कमेटी ऑफ इंडिया के दफ्तर में किए जाने वाले कंप्यूटराइज्ड कुर्रा (लॉटरी) का लाइव प्रसारण देशभर की हज कमेटियों पर भी देखा जा सकेगा। इस प्रक्रिया में मप्र के करीब 10 हजार आवेदक भी शामिल रहेंगे।
हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा तय किए गए कार्यक्रम के मुताबिक हज 2025 के आवेदकों के नाम शुक्रवार को चुने जाएंगे। इस दौरान हज कमेटी के हिस्से आईं सीटों के लिहाज से हाजियों के नाम कंप्यूटर द्वारा रेंडम पद्धति से तय किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक सऊदी अरब से भारत  के कुल हाजियों के लिए करीब सवा दो लाख सीटों का कोटा मिलेगा। इस वर्ष तय की गई पॉलिसी के अनुसार हज कमेटी के मार्फत जाने वाले हाजियों को कुल कोटे का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा दिया जाएगा। जबकि बाकी 30 प्रतिशत सीटें निजी टूर ऑपरेटर्स को मिलेंगी।

प्रदेश से करीब 10 हजार आवेदक

मप्र राज्य हज कमेटी अध्यक्ष रफत वारसी ने बताया कि प्रदेशभर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान करीब 10 हजार, 832 लोगों ने प्रक्रिया में भाग लिया। इस दौरान कुल 22 आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। इसके बाद 9913 आवेदकों में से प्रदेश के कोटे के मुताबिक हाजियों के नाम चुने जाएंगे।

मुंबई में कुर्रा, भोपाल में टकटकी
शुक्रवार को मुंबई में हज 2025 के लिए नामों का चयन किया जाएगा। इस कंप्यूटराइज्ड कुर्रा का लाइव प्रसारण भोपाल में भी देखा जाएगा। हज हाउस स्थित हज कमेटी कार्यालय पर शहर के उलेमा, हज कमेटी अध्यक्ष और सदस्य, हज आवेदक और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

मप्र : फैक्ट फाइल
कुल आवेदन : 10,832
आवेदन निरस्त : 22
कुर्रा होगा : 9891

65+ आयु के आवेदक : 896
बिना मेहरम हज पर जाने वाली महिला आवेदक : 56
सामान्य श्रेणी के आवेदक : 8939

इनका कहना है
कुर्रा से चुने जाने वाले आवेदकों को हज कमेटी द्वारा फोन और मैसेज के जरिए सूचना पहुंचाई जाएगी। आवेदक अपने सिलेक्शन की जानकारी हज कमेटी की वेबसाइट पर भी चेक कर सकते हैं।
रफत वारसी,
अध्यक्ष, मप्र राज्य हज कमेटी

कुलियों ने सुनाई सांसद को अपनी समस्याएं

आलोक शर्मा ने सभी मांगों को पूरा करने का दिया आश्वासन, कुलियों का किया स्वागत

भोपाल। भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने जनसुनवाई के दौरान कुलियों की समस्याएं सुनी। भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन पर कार्यरत कुलियों ने सांसद शर्मा को बताया कि रेलवे स्टेशन अत्याधुनिक हो गए हैं। पैसेंजर ट्राली बैग लेकर चलते हैं। ऐसे में अब उन्हें काम नहीं मिलता है। कभी-कभी तो खाली हाथ ही घर जाना पड़ता है। कुलियों ने बताया कि उनके पास स्वयं का मकान नहीं हैं वे किराए के मकान में रहते हैं। रेलवे की तरफ से इलाज की भी सुविधा नहीं मिलती है। कुलियों की बातों को सुनकर सांसद शर्मा भावुक हो गए।
सांसद आलोक शर्मा ने सभी कुलियों को मिठाई खिलाई माला पहनाकर उनका स्वागत किया। सांसद शर्मा ने कुलियों को आश्वासन दिया कि आपकी मांगों को लेकर मैं दिल्ली जाऊंगा। रेल मंत्री जी से मिलकर चर्चा करूंगा। कुली भाई सम्मान का जीवन जी सकें, उनके जीवन स्तर में भी बदलाव आए इसके लिए उनकी मांगों को पूरा होना चाहिए। महिला कुली ममता को भी उन्होंने आश्वासन दिया है कि उनकी मांग को उचित फोरम पर उठाएंगे। सांसद शर्मा ने मौके से ही डीआरएम भोपाल से चर्चा की और कुलियों की छोटी-छोटी समस्याओं के बारे में चर्चा की। सांसद शर्मा के की प्रयासों से कुली भाई खुश हुए और उन्होंने सांसद जी का सम्मान दिए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया।

आप जहाँ चाहेंगे वहाँ आएगी पुलिस – देहात एसपी सिन्हा

15 दिवसीय प्रशिक्षण के समापन कार्यक्रम में बोले एसपी

निब्सिड “बचपन” संस्था का 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न

अमित सेन
8085661177

भोपाल। शहर में बढ़ रहे बाल अपराधों को देखते हुए पुलिस एवं अन्य सामाजिक संस्थाओ द्वारा बच्चों एवं परिवार जनों को जागरूक करने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
निब्सिड (बचपन) संस्था, वेल्सपन कम्पनी एवं भोपाल देहात पुलिस द्वारा भोपाल के बालमपुर में सरकारी स्कूल के छात्र – छात्राओं को मार्शल आर्ट, सेल्फ डिफेन्स का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें 180 बालक बालिकाओं ने प्रशिक्षण का लाभ लिया। इसके साथ ही उन्हें बाल अपराध, गुड टच – बेड टच, सायबर अपराध, सहित महिलाओ से संबधित अपराध के विषय में भी जानकारीयाँ प्रशिक्षण के दौरान सीखने को मिली !

15 दिवसीय सेल्फ प्रोटेक्ट प्रशिक्षण के समापन पर निबसीड संस्था एवं वेल्सपन कम्पनी के पद अधिकारीयों द्वारा मुख्य अतिथि एसपी देहात भोपाल प्रमोद कुमार सिन्हा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत सम्मान किया। संस्था के भोपाल प्रमुख ने बताया की संस्था कई क्षेत्रों में काम कर रहीं है अभी तक शहरी क्षेत्र में बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाता था वहीं इस बार पहली बार पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. विनीत कपूर के निर्देश पर देहात क्षेत्र के बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में हमें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा लेकिन फिर हमें वेल्सपन कम्पनी बच्चों का उनके परिजनों का क्षेत्रीय पुलिस का एवं ग्रामवासियों का बेहतर योगदान मिला जिसके कारण यह पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हो पाया है ! बच्चों द्वारा लिए गए प्रशिक्षण को पुलिस मास्टर ट्रेनर गोविंद पाल के निर्देश पर अतिथि एवं ग्रामवासियों के सामने चुनिंदा बच्चों द्वारा प्रस्तुति दी गई जिसमें बच्चों में और ग्रामवासियों में काफी उत्साह देखने को मिला !

बच्चों को सम्बोधित करते देहात एसपी प्रमोद कुमार सिन्हा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोपाल देहात एसपी. प्रमोद कुमार सिन्हा द्वारा बच्चों को सम्बोधित करते हुए बताया गया की आपको जो प्रशिक्षण मिला है वही हमें ट्रेनिंग में मिलता है आप बहुत भाग्यशाली है जो आपको यह अवसर मिला आज से 5 साल बाद ज़ब भी हम कहीं मिलेंगे और आप लोगों में से कई देश सेवा में लगे होंगे तो हमें बड़ी ख़ुशी होगी और देश सेवा कई तरह से की जा सकती है जरूरी नहीं आप पुलिस या आर्मी में हों तब ही देश सेवा होगी वहीं
वहीं बाल अपराध, सायबर अपराध और पुलिस के कार्यों के बारे में भी बच्चों को बताया की आप पुलिस से डरें नहीं हम आप हम में से ही एक पुलिस होती है और अगर आपके साथ कुछ भी गलत होता है जो आप पुलिस को बताना चाहते है लेकिन आप थाने नहीं आना चाहते तो आप यहाँ चाहोगे पुलिस वहाँ आएगी !

इसके बाद ही एसपी सिन्हा एवं अन्य अतिथियों द्वारा SRF संस्थान की बस का मुआयना किया। बस में कंप्यूटर लेब बना हुआ है और बच्चों को कंप्यूटर का बेसिक प्रशिक्षण दे रहीं है बच्चों के सीखने के बाद बच्चों को प्रमाण पत्र भी देती है जो उनके भविष्य में आगे बढ़ने में मदद करते है ! कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि सिन्हा एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण सीखे बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया इसकी साथ ही कार्यक्रम में वेल्सपन कंपनी के पदाधिकारी, एस.डी.ओपी प्रिया सिंधी, सूखी सेवानिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी, बालमपुर सरपंच, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, एवं  छात्र छात्राए, ग्रामवासी सहित संस्था के अन्य पदअधिकारी एवं पुलिस बल कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu